Home - न OTP, न लिंक पर क्लिक, फिर भी सिर्फ ‘No’ लिखने से...

न OTP, न लिंक पर क्लिक, फिर भी सिर्फ ‘No’ लिखने से उड़ सकते हैं पैसे; WhatsApp के इस नए स्कैम से रहें सावधान

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

WhatsApp पर बैंक खाते से पैसे कटने का फर्जी मैसेज भेजकर साइबर ठग लोगों को निशाना बना रहे हैं। अनजान नंबर से आए संदिग्ध मैसेज का जवाब देने से बचना समझदारी है। जानें ‘YES’ या ‘NO’ में जवाब देने से जुड़ी चेतावनी:

WhatsApp का इस्तेमाल अब सिर्फ बातचीत करने के लिए नहीं, बल्कि जरूरी डिटेल शेयर करने के लिए भी किया जाता है। इसी का फायदा उठाकर साइबर ठग लोगों को निशाना बना रहे हैं। अब तक आपने OTP और लिंक भेजकर फ्रॉड होने वाले तो बहुत मामले सुने होंगे। अब एक ऐसे फर्जी मैसेज को लेकर चेतावनी दी गई है, जिसमें दावा किया जाता है कि आपके बैंक खाते से पैसे कट गए हैं। इसके बाद मैसेज में कहा जाता है कि अगर आपने यह ट्रांजैक्शन नहीं किया है, तो तुरंत ‘NO’ लिखकर जवाब दें। अचानक पैसे कटने की बात पढ़कर कई लोग घबरा जाते हैं और बिना चेक किए जवाब दे देते हैं।

Digit की रिपोर्ट के मुताबिक, हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने इस तरह के कथित WhatsApp बैंकिंग स्कैम को लेकर लोगों को सावधान किया है। रिपोर्ट में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के साथ लाखों रुपये की ठगी का भी जिक्र है।

कैसे किया जा रहा है यह नया Scam

इस स्कैम में ठग किसी अनजान या विदेशी नंबर से WhatsApp पर मैसेज भेजते हैं। मैसेज में दावा किया जाता है कि आपके बैंक खाते से कोई ट्रांजैक्शन हुआ है और रकम कट गई है। इसके बाद आपसे कहा जाता है कि अगर आपने यह पेमेंट नहीं किया है, तो तुरंत ‘NO’ लिखकर जवाब दें। ऐसे लोग जल्दबाजी और डर की वजह से No पर क्लिक कर देते हैं। ठग इसी घबराहट का फायदा उठाने की कोशिश करते हैं। ध्यान रखें कि WhatsApp पर किसी अनजान नंबर से आए मैसेज को बैंक का असली अलर्ट नहीं मानना चाहिए। अगर आपको खाते से पैसे कटने का मैसेज मिलता है, तो सबसे पहले अपने बैंक के ऐप या इंटरनेट बैंकिंग के जरिए खाते का स्टेटमेंट चेक करें।

WhatsApp पर ऐसा मैसेज आए तो क्या करें?

अगर किसी अनजान नंबर से बैंक ट्रांजैक्शन के बारे में संदिग्ध मैसेज आता है, तो इन बातों का ध्यान रखें।

1. मैसेज का जवाब न दें: घबराकर ‘YES’ या ‘NO’ लिखने के बजाय पहले मैसेज की सच्चाई जांचें।

2. बैंक का आधिकारिक ऐप खोलें: खाते का बैलेंस और हाल के ट्रांजैक्शन देखें। मैसेज में दिए गए लिंक से बैंक की वेबसाइट खोलने से बचें।

3. नंबर को ब्लॉक और रिपोर्ट करें: अगर मैसेज संदिग्ध लगे तो WhatsApp पर उस नंबर को ब्लॉक और रिपोर्ट कर सकते हैं।

4. स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें: मैसेज, भेजने वाले नंबर और समय का स्क्रीनशॉट ले लें। शिकायत करते समय यह जानकारी काम आ सकती है।

5. कोई फाइल या ऐप डाउनलोड न करें: अनजान व्यक्ति की ओर से भेजे गए अटैचमेंट या ऐप को खोलने से बचें।

‘NO’ लिखते ही फोन हैक होने का दावा कितना सही है?

इस मामले में पुलिस की चेतावनी में ‘ऑटो-एक्जीक्यूशन फाइल अटैक’ का जिक्र किया गया है। दावा है कि मैसेज का जवाब देने पर कोई छिपा हुआ कोड एक्टिव हो सकता है और इससे हैकर फोन तक अपनी पहुंच बना सकता है। इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने भी WhatsApp पर भेजी जा रही संदिग्ध फाइलों से जुड़े खतरों को लेकर चेतावनी दी है। सरकारी सलाह के मुताबिक, कुछ फाइलें अकाउंट स्टेटमेंट या सरकारी दस्तावेज के नाम पर भेजी जाती हैं। उन्हें खोलने से कंप्यूटर में नुकसान पहुंचाने वाला सॉफ्टवेयर इंस्टॉल हो सकता है। इसलिए किसी अनजान नंबर से आई ZIP फाइल, EXE फाइल या अन्य संदिग्ध अटैचमेंट को डाउनलोड या ओपन न करें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN