Home rss world hindi परिवार के बलिदान को याद कर भावुक हुईं शेख हसीना, बेटा बोला-...

परिवार के बलिदान को याद कर भावुक हुईं शेख हसीना, बेटा बोला- भारत ने राष्ट्राध्यक्ष की तरह रखा

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने तख्तापलट को दो साल पूरे होने पर मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि वह जल्दी ही बांग्लादेश वापस लौटेंगीं। बांग्लादेश के लिए अपने परिवार के बलिदान को याद कर वह प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ही भावुक हो गईं।

Sheikh Hasina: बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बांग्लादेश से भागने के दो साल पूरे होने पर मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने 1975 में बांग्लादेश के लिए जान गंवाने वाले अपने परिवार को याद किया और भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि चाहें कुछ भी हो जाए। वह अपने देश बांग्लादेश लौटेंगी। हालांकि, उन्होंने इसके लिए कोई तारीख नहीं दी। पहले की तरह इस बार भी उन्होंने दिसंबर का जिक्र किया। शेख हसीना के अलावा उनके बेटे साजिब वाजेद जॉय ने भारत सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि भारत ने शेख हसीना का ख्याल एक राष्ट्राध्यक्ष की तरह रखा है। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से एक दोस्त रहा है।

नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को ऑनलाइन संबोधित करते हुए शेख हसीना ने कहा कि आज का बांग्लादेश वह नहीं है, जो उन्होंने बनाया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज वहां पर अल्पसंख्यकों के साथ अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा, “आज वहां पर अल्पसंख्यक समुदाय, जजों, सांस्कृतिक हस्तियों पर हमला हो रहा है। यहां तक की रिक्शा चालकों को भी निशाना बनाया जा रहा है। जो लोग मुक्ति संग्राम के पक्ष में खड़े थे उनको भी निशाना बनाया जा रहा है। मुहम्मद यूनुस की सरकार ने उग्रवादियों को रिहा कर दिया।”

बांग्लादेश के लोगों को संवैधानिक आजादी की जरूरत- शेख हसीना

शेख हसीना ने कहा कि बांग्लादेश के लोगों को आज संवैधानिक आजादी की जरूरत है। राजनीतिक आजादी की जरूरत है। उन्होंने कहा, “हां वहां पर चुनाव हुए ते। लेकिन आज भी हत्याएं जारी हैं। उन लोगों ने मुक्ति संग्राम के सभी सिंबल नष्ट कर दिए। यह एक दिन में नहीं हुआ। योजना बनाकर ऐसा किया गया। हमें उन्हें वापस लाना होगा। बांग्लादेश हमारा गर्व है। हमें अपने गर्व को वापस लाना होगा।”

कर्ज लेकर चल रही तारिक रहमान की सरकार- शेख हसीना

शेख हसीना ने बांग्लादेश की तत्कालीन तारिक रहमान की सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह बांग्लादेश को दक्षिण एशिया का शेर बनाना चाहती थीं। लेकिन अब वहां पर सब बर्बाद हो गया है। उन्होंने कहा, “कारखाने बंद हो गए हैं। उद्योगपति या तो भाग गए हैं या फिर छिप गए हैं। तारिक रहमान की सरकार हर महीने बांग्लादेश बैंक से 700 से 900 टका कर्ज लेकर सरकार चला रही है।”

भारत ने राष्ट्राध्यक्ष की तरह रखा- शेख हसीना के बेटे जॉय

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑनलाइन रूप से मौजूद शेख हसीना के बेटे जॉय ने भारत सरकार का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने दो साल पहले अपदस्थ होने के बाद भी शेख हसीना को राष्ट्राध्यक्ष की तरह रखा है। उन्होंने कहा भारत सरकार शेख हसीना के साथ राष्ट्राध्यक्ष की तरह बर्ताव कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया और कहा कि शेख हसीना के प्रवास के दौरान उन्हें बेहद सम्मान, सेवाएं और सुरक्षा दी गई है।

बता दें, 5 अगस्त 2024 को कथित छात्र आंदोलन के हिंसक होने के बाद शेख हसीना भागकर भारत आ गई थीं। इसके बाद से वह लगातार भारत में ही रह रही है। इस दौरान बांग्लादेश में काफी कुछ बदल गया है। वहां पर सबसे पहले मुहम्मद यूनुस ने केयरटेकर सरकार के रूप में काम किया। फिर इसके बाद हुए चुनावों में बीएनपी ने बहुमत हासिल किया। इसके बाद पूर्व पीएम खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान वहां के प्रधानमंत्री बने। फिलहाल वही बांग्लादेश की सत्ता संभाले हुए हैं। शेख हसीना के भारत में होने की वजह से दोनों देशों के संबंध भी कुछ हद तक खराब हो रहे हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN