Source :- LIVE HINDUSTAN

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फोन कॉल पर नेतन्याहू को खूब खरी खोटी सुनाई थी। ट्रंप ने खुद इसकी पुष्टि की है। वहीं अब इस पूरे मामले पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का भी बयान सामने आया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच का मनमुटाव अब पूरी दुनिया के सामने आ चुका है। ट्रंप ने बीते सप्ताह एक फोन कॉल पर नेतन्याहू की जिस तरह क्लास लगाई यह बात जगजाहिर है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक ट्रंप इस कदर नाराज हुए कि उन्होंने नेतन्याहू को पागल तक कह दिया। अब तो खुद ट्रंप ने इसकी पुष्टि कर दी है। इसके बाद अब इस मुद्दे पर बेंजामिन नेतन्याहू का भी बयान सामने आया है। नेतन्याहू ने कहा है कि एक परिवार में इस तरह का मनमुटाव होना आम बात है।

इस दौरान इजराइली पीएम ने ट्रंप के साथ किसी भी तरह के गंभीर मतभेद की खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। नेतन्याहू का कहना है कि दोनों नेताओं के मतभेद केवल रणनीतिक स्तर पर होते हैं और यह बेहद सामान्य है। सीएनबीसी को दिए एक इंटरव्यू में नेतन्याहू ने कहा कि इस तरह के तनाव के बावजूद दोनों देशों के रिश्ते हमेशा की तरह मजबूत हैं। उन्होंने कहा, “हम सुबह किसी बात पर असहमत हो सकते हैं और दोपहर तक उसी मुद्दे पर सहमति का रास्ता निकाल लेते हैं।”

क्यों ट्रंप ने लगाई थी क्लास?

इस विवाद के पीछे इजरायल का लेबनान में शुरू किया गया नया सैन्य अभियान था। इजरायल ने लेबनान संग हुए सीजफायर को ताक पर रख कर बेरुत पर भीषण बमबारी शुरू कर दी थी। इससे नाराज हो कर ईरान ने अमेरिका संग समझौते को लेकर चल रही बातचीत बंद करने का ऐलान कर दिया। यानी डील होते होते रह गई। इसका गुस्सा ट्रंप ने नेतन्याहू पर निकाला।

ट्रंप ने बीते सोमवार को फोन कॉल पर नेतन्याहू को गंदी गालियां देते हुए उनकी जमकर क्लास लगाई। अमेरिकी मीडिया आउटलेट ‘एक्सियोस’ ने अमेरिकी अधिकारियों और फोन कॉल की जानकारी रखने वाले पुख्ता सूत्रों के हवाले से बताया कि डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू के बीच हुई बातचीत बेहद तनावपूर्ण रही। ट्रंप इस कदर नाराज थे कि उन्होंने नेतन्याहू को सीधे तौर पर एहसानफरामोश तक कह डाला।

‘मैं नहीं होता तो तुम…’

एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ट्रंप ने फोन पर चिल्लाते हुए नेतन्याहू से कहा, “तुम पूरी तरह पागल हो चुके हो। अगर मैं न होता तो तुम आज जेल की सलाखों के पीछे होते। मैं तुम्हारी जान बचा रहा हूं। तुम्हारी इन हरकतों की वजह से आज हर कोई तुमसे नफरत करता है। अब पूरी दुनिया इस वजह से इजरायल से नफरत करती है।” ट्रंप ने बाद में इन रिपोर्ट्स की पुष्टि की। हालांकि बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस मामले पर थोड़ा नरम रुख अपनाते हुए कहा कि वह गुस्से में नहीं थे, बल्कि परेशान थे।

परिवार में होता है मनमुटाव- नेतन्याहू

नेतन्याहू ने इस पूरे विवाद को परिवार के भीतर होने वाले आम झगड़े जैसा बताया। उन्होंने कहा, “कभी-कभी हमारे बीच रणनीतिक मतभेद होते हैं, ठीक वैसे ही जैसे परिवारों में भी होते हैं। लेकिन अच्छे दोस्तों की तरह, हम हमेशा इन चीजों को सुलझाने का रास्ता खोज लेते हैं।” नेतन्याहू ने आगे ट्रंप को इजराइल का सबसे अच्छा दोस्त बताया और कहा कि दोनों नेता लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने दावा किया, “मैं हर दो दिन में एक बार उनसे बात करता हूं।”

SOURCE : LIVE HINDUSTAN