Home LIFESTYLE NEWS HINDI पितृ विसर्जन: बनाएं बिना लहसुन-प्याज वाली सोयाबीन की सब्जी, नोट कर लें...

पितृ विसर्जन: बनाएं बिना लहसुन-प्याज वाली सोयाबीन की सब्जी, नोट कर लें रेसिपी

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

श्राद्ध के दिन चल रहे हैं और पितृ पक्ष का आखिरी दिन पितृ विसर्जन का होगा। इस दिन लोग अपने पूर्वजों का पिंड दान करते हैं और ब्राह्मणों को भोजन कराने के साथ ही दान करते हैं। पितरों को निकाले जाने वाले भोजन में बिना लहसुन प्याज की सब्जी होती है और कई तरह की सब्जियों का निषेध होता है। ऐसे में घरवालों के लिए क्या बनाएं ये समझ नहीं आता। बिना लहसुन-प्याज के आप पितर के दिन आलू-सोयाबीन की सब्जी बनाकर रेडी कर सकती हैं। जो कम समय में रेडी होगी और बिना-लहसुन प्याज के होने के बाद भी सबको टेस्टी लगेगी। तो बस देर ना करें और नोट कर लें ये बिल्कुल आसान सी रेसिपी।

सोयाबीन की सब्जी बनाने की सामग्री

एक कप सोयाबड़ी, दो से तीन उबले हुए आलू, दो टमाटर बड़े साइज के, दो से तीन हरी मिर्च, एक इंच अदरक का टुकड़ा, एक चम्मच जीरा, एक चुटकी हींग, आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, स्वादानुसार लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला पाउडर, नमक स्वादानुसार, तेल दो बड़े चम्मच, हरा धनिया, पानी।

सोयाबीन की सब्जी बनाने की रेसिपी

  • सबसे पहले सोयाबीन को अच्छी तरह से उबालना है। इसके लिए सोयाबीन को पानी में 10 मिनट उबाल लें। उबलने के बाद ठंडे पानी से धोकर अच्छी तरह निचोड़ लें (इससे कच्ची स्मेल चली जाती है)।
  • फिर तड़का तैयार करें। तड़के के लिए कढ़ाही में तेल गरम करें। जीरा डालें, चटकने दें। फिर हींग डालें, फिर अदरक और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें।
  • मसाला तैयार करने के लिए अब टमाटर को पीसकर उसकी प्यूरी बना लें और फिर तेल में डालें। धीमी आंच पर भूनें जब टमाटर पककर तेल छोड़ने लगे तो उस समय कड़ाही में हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें। मसाले को तब तक भूनें जब तक तेल अलग न हो जाए।
  • अब तैयार मसाले के पेस्ट में पहले से उबाल कर रखे हुए आलूओं को डालकर अच्छी तरह से भूनें। साथ ही सोयाबीन भी डाल दें और अच्छे से मिलाकर थोड़ी देर भून लें। फिर डेढ़ कप पानी या फिर अपनी जरूरत के मुताबिक ग्रेवी को गाढ़ा या पतला करने के हिसाब से पानी को डालकर ढक दें। धीमी आंच पर 8-10 मिनट पकाएं।
  • सबसे आखिरी में गरम मसाला डालें, 1-2 मिनट पकाएं। ऊपर से हरा धनिया की पत्तियों को काटकर डालें। बस रेडी है मिनटों में बन जाने वाली टेस्टी और स्पाइसी सोयाबड़ी की सब्जी, बिना लहसुन-प्याज के इसे रोटी, पराठा या चावल के साथ सबको खिलाएं।

खास टिप्स

रोजमर्रा से अलग हटकर सोयाबड़ी की सब्जी को बनाना है तो क्रीमी फ्लेवर देने के लिए इसमे काजू के पेस्ट को भी डाल सकती हैं या फिर गढ़ी दही का पेस्ट बनाकर भी ग्रेवी को बनाकर रेडी कर सकती हैं। दही की खटास और रिच टेस्ट थोड़ा क्रीमी फ्लेवर भी देगा। तो इस बार पितरों पर आसानी से बन जाने वाली इस क्रीमी और टेस्टी सब्जी बनाकर घऱवालों को खिलाएं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN