Source :- LIVE HINDUSTAN
पेशाब में झाग आता है, तो हम अक्सर पानी की कमी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन हर बार झागदार पेशाब डिहाइड्रेशन के कारण नहीं होती। इससे कई और बीमारियां जुड़ी हो सकती हैं, आइये इनके बारे में जानते हैं।
कई बार पेशाब करते समय दिखता है कि साबुन जैसा झाग बन रहा है, तो कभी पीली पेशाब होती है। पीली पेशाब होने का मतलब कई बार शरीर में पानी की कमी को दर्शाता है लेकिन अगर पेशाब में झाग आ रहा है, तो ये कई बीमारियों का न्योता हो सकता है। अगर आपको भी पेशाब में झाग दिखता है और आप इसे नजरअंदाज कर देते हैं, तो रुक जाइये। झागदार पेशाब होना हर बार सामान्य नहीं होता यह लक्षण शरीर में बन रही कुछ बीमारियों के संकेत होते हैं। इसके बारे में शारदा अस्पताल के डॉक्टर भुमेश त्यागी ने खुलकर बताया। उनका कहना है कि यूरिन टेस्ट करके हम शरीर में पनप रही कई बीमारियों का पता कर सकते हैं और अगर आपकी पेशाब में बदलान दिखते हैं, तो डॉक्टर को दिखाना चाहिए। चलिए बताते हैं झागदार पेशाब आने पर किन बीमारियों का खतरना रहता है।
झागदार पेशाब करने से इन 4 बीमारियों का खतरा
1. किडनी की समस्या
शरीर का सबसे खास और जरूरी अंग माना जाता है किडनी। किडनी में समस्या होने पर काफी तकलीफ होती है। इतना ही नहीं किडनी को शरीर का फिल्टर माना जाता है। अगर आपकी किडनी में किसी तरह की समस्या होगी, तब पेशाब में झाग दिखाई देने लगेगा। किडनी से जुड़ी समस्याएं जैसे क्रोनिक किडनी रोग, ग्लोमेरुलोनेफ्राइटिस और नेफ्रोटिक सिंड्रोम हो सकते हैं।
2. यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन (UTI)
पेशाब पीली होना, यूरिन पास करते समय दर्द और झाग आना ये सभी यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन के संकेत भी हो सकते हैं। अगर पेशाब की नली में बैक्टीरियल इंफेक्शन हो गया है, तो पेशाब में झाग के साथ तेज जलन, बदबू आती है और बार-बार पेशाब लगती है। ऐसे में डॉक्टर को जल्द दिखा लेना चाहिए, यह गंभीर हो सकता है।
3. डायबिटीज और हाई बीपी
लंबे समय तक हाई ब्लड शुगर और प्रेशर के कारण भी पेशाब में झाग दिखाई देता है। ऐसे में किडनी पर भी जोर पड़ता है और फिर पेशाब में झाग या पीलापन नजर आता है। शुगर-बीपी को कंट्रोल में रखना जरूरी है, इससे अन्य बीमारियां भी शरीर को घेर लेती हैं।
4. प्रोटीन का लेवल बढ़ना या डिहाइड्रेशन
शरीर में ज्यादा प्रोटीन होना भी समस्या है और जब ऐसा होता है तब सबसे पहले किडनी पर असर पड़ता है। ऐसे में प्रोटीन पेशाब में मिलने लगता है और उसमें झाग के रूप में निकलता है। इस अवस्था को प्रोटीनुरिया कहा जाता है। जब किडनी सही से काम नहीं करती है, तब प्रोटीन पेशाब में मिलने लगता है। इसके अलावा अगर आप पानी कम पीते हैं, तो डिहाइड्रेशन के कारण पेशाब में झाग आता है।
क्या करना चाहिए
डॉक्टर के मुताबिक, अगर आपको लंबे समय से पेशाब में झाग दिख रहा है, तो डॉक्टर से संपर्क करें। अगर आप डॉक्टर के पास नहीं जाना चाहते हैं तो यूरिन टेस्ट करवाएं। इसे कराने से आपको पता चल जाएगा कि कोई इंफेक्शन तो नहीं हुआ है।
नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




