Home rss world hindi पोत टक्कर पर बढ़ा तनाव, दिल्ली के सख्त विरोध के बाद पाकिस्तान...

पोत टक्कर पर बढ़ा तनाव, दिल्ली के सख्त विरोध के बाद पाकिस्तान ने भारतीय डिप्लोमैट को बुलाया

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अरब सागर में भारतीय और पाकिस्तानी युद्धपोत की टक्कर के बाद नई दिल्ली के कड़े विरोध के कुछ घंटों बाद पाकिस्तान ने बुधवार को इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के प्रभारी अधिकारी को तलब किया।

अरब सागर में पाकिस्तानी युद्धपोत की भारतीय जहाज से टक्कर के बाद भारत के कड़े विरोध के कुछ घंटों बाद पाकिस्तान ने बुधवार को इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के प्रभारी अधिकारी को तलब किया। इससे पहले भारत ने पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी को बुधवार को तलब किया था। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी साद वराइच को मंत्रालय में तलब किया गया और उनके समक्ष पाकिस्तानी नौसैनिक पोत द्वारा मंगलवार को समुद्र में किए गए उस ‘अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर आचरण’ को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया, जिसके कारण टक्कर हुई।

क्या है पाकिस्तान का दावा?

पाकिस्तान ने कहा कि उसकी नौसेना उस समय अपना द्विवार्षिक अभ्यास ‘सीस्पार्क-26’ कर रही थी। इस्लामाबाद का कहना है कि भारतीय जहाज उसके जहाज के बहुत पास आ गया और आक्रामक तरीके से घूमा। पाकिस्तान का दावा है कि यह घटना उसके विशेष आर्थिक क्षेत्र में हुई। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह घटना अंतरराष्ट्रीय कानून और 1991 के द्विपक्षीय समझौते का उल्लंघन है। इस समझौते में सैन्य अभ्यास की पहले से सूचना देने की बात कही गई है। पाकिस्तान का कहना है कि इससे क्षेत्र में तनाव बढ़ सकता है। पाकिस्तान ने भारतीय प्रभारी अधिकारी को बताया कि वह इस कार्रवाई को स्वीकार नहीं करता। उसने कहा कि नई दिल्ली में भी पाकिस्तानी अधिकारी इसी तरह का विरोध दर्ज कराएंगे।

भारत का पक्ष

भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह घटना अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई। इसमें कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। लेकिन पाकिस्तानी जहाज का व्यवहार 1991 के समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधा उल्लंघन था। भारत ने पाकिस्तानी अधिकारी से कहा कि सभी सैन्य इकाइयां सावधानी बरतें और दोनों देशों के बीच हुए समझौतों का पालन करें, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो। भारत ने इस्लामाबाद में अपने प्रभारी अधिकारी को भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय में विरोध दर्ज कराने का निर्देश दिया है।

क्या है पूरा मामला?

15 सितंबर की शाम अरब सागर में नियमित निगरानी अभियान पर तैनात भारतीय नौसेना के एक अग्रिम पंक्ति के युद्धपोत के पास पाकिस्तान नौसेना का एक पोत तेज गति से पहुंचा। सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी पोत ‘हुनैन’ ने गैर-पेशेवर और असुरक्षित तरीके से संचालन किया, जिसके कारण टक्कर हुई। सूत्रों ने बताया कि ‘हुनैन’ एक अपतटीय गश्ती पोत है और इस घटना में उसे भारी नुकसान पहुंचा है। सूत्रों ने बताया कि भारतीय युद्धपोत को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के प्रभारी को भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष विरोध दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई इस घटना से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पाकिस्तानी नौसैनिक पोत का यह आचरण अप्रैल 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए ‘सैन्य अभ्यासों, युद्धाभ्यासों और सैन्य टुकड़ियों की आवाजाही की अग्रिम सूचना’ संबंधी समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधे तौर पर उल्लंघन था।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN