Home World News hindi फ्रांस में क्रैश हुआ विमान, 11 लोगों की मौत की खबर; मचा...

फ्रांस में क्रैश हुआ विमान, 11 लोगों की मौत की खबर; मचा हड़कंप

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

फ्रांस के पूर्वी शहर नैन्सी के निकट टॉमब्लेन इलाके में रविवार को एक छोटा नागरिक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 11 लोगों की मौत की खबर है।

फ्रांस के पूर्वी हिस्से में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ है। नैन्सी शहर के निकट टॉमब्लेन (Tomblaine) इलाके में एक छोटा नागरिक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। फ्रांसीसी समाचार चैनल बीएफएम टीवी ने स्थानीय प्रीफेक्ट के हवाले से यह जानकारी दी है।

मेउर्थ-एट-मोसेले (Meurthe-et-Moselle) विभाग के प्रशासन ने दुर्घटना की पुष्टि की है। अधिकारियों के अनुसार, रविवार दोपहर टॉमब्लेन क्षेत्र में विमान के क्रैश होने की सूचना मिलते ही बड़े पैमाने पर आपातकालीन बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। फायर ब्रिगेड, पुलिस, एम्बुलेंस और विशेष बचाव टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं।

फ्रांसीसी दैनिक ‘ले पेरिसियन’ ने रिपोर्ट किया कि दुर्घटना में कई लोगों की जान गई है और कई घायल भी हुए हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर मृतकों की संख्या की पुष्टि अभी नहीं है। स्थानीय प्रशासन ने कहा कि पूर्ण जांच के बाद ही अंतिम आंकड़े जारी किए जाएंगे।

क्षेत्रीय समाचार पत्र ‘एल’ एस्ट रिपब्लिकन’ (L’Est Republicain) के अनुसार, विमान में स्काईडाइविंग का अनुभव लेने वाले उत्साही लोगों का एक समूह सवार था। ये लोग आकाश से कूदने की रोमांचक गतिविधि के लिए विमान में थे, तभी अचानक यह हादसा हो गया।

फ्रांस 3 ग्रैंड एस्ट (France 3 Grand Est) ने प्रसारित अपनी रिपोर्ट में बताया है कि हताहतों की संख्या बहुत अधिक है। प्रसारक ने यह भी बताया कि विमान में ईंधन भरा होने के कारण विस्फोट का गंभीर खतरा है, इसलिए बचाव दल अत्यधिक सतर्कता बरत रहे हैं।

वहीं, घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और आपातकालीन चिकित्सा सेवा के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल बचाव कार्य जारी है। वहीं, पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे साल्वाडोर एलेंडे स्ट्रीट और आसपास के पूरे इलाके से दूर रहें। घटनास्थल पर अनावश्यक भीड़ जुटने से बचाव कार्य में बाधा पहुंच सकती है।

हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान दुर्घटना का कारण क्या था। तकनीकी खराबी, मौसम संबंधी समस्या या पायलट की गलती, इन सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी गई है। फ्रांसीसी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (DGAC) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच रही है। ब्लैक बॉक्स रिकवर करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN