Source :- LIVE HINDUSTAN
Paytm ने AI और टेक्नोलॉजी बिजनेस को मजबूत बनाने के लिए अगले 9 महीनों में 4,000 नए कर्मचारियों की भर्ती का ऐलान किया है। AI, टेक्नोलॉजी और डिजिटल फाइनेंस के बढ़ते दौर में यह कदम न केवल कंपनी के लिए बल्कि नौकरी की तलाश कर रहे हजारों युवाओं के लिए भी अच्छी खबर है।
देश की बड़ी डिजिटल पेमेंट कंपनी Paytm आने वाले महीनों में करीब 4,000 नए लोगों को नौकरी देने की तैयारी कर रही है। ऐसे समय में जब कई बड़ी टेक कंपनियां AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की वजह से कर्मचारियों की संख्या कम कर रही हैं, Paytm का यह फैसला युवाओं के लिए राहत भरी खबर माना जा रहा है। कंपनी ने घोषणा की है कि वह अगले 9 महीनों में करीब 4,000 नए कर्मचारियों की भर्ती करेगी। खास बात यह है कि यह जॉब्स ऐसे समय में आई है जब दुनिया भर की टेक कंपनियां AI पर तेजी से निवेश कर रही हैं और कई जगहों पर कर्मचारियों की संख्या भी कम की जा रही है।
Paytm का कहना है कि वह अपने AI बेस्ड प्रोडक्ट्स, टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म और मर्चेंट नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए नई प्रतिभाओं को जोड़ना चाहती है। कंपनी की यह प्लानिंग मार्च 2027 तक जारी रहेगी। ऐसे में टेक सेक्टर में नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए यह बड़ी खबर मानी जा रही है। कंपनी का मौजूदा कर्मचारी आधार लगभग 40,000 लोगों का है और नई भर्तियों के बाद इसमें करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है।
AI पर बड़ा दांव लगा रही Paytm
Paytm अब सिर्फ डिजिटल पेमेंट कंपनी बनकर नहीं रहना चाहती। कंपनी AI की मदद से अपने प्रोडक्ट्स और सर्विस को ज्यादा स्मार्ट बनाने की दिशा में काम कर रही है। कंपनी का मानना है कि आने वाले समय में AI फाइनेंशियल सर्विसेज, डिजिटल पेमेंट्स और ग्राहक अनुभव को पूरी तरह बदल सकता है। इसी वजह से Paytm अभी से अपनी टीम को मजबूत करने में जुट गई है। Paytm का कदम यह दिखाता है कि AI सिर्फ नौकरियां खत्म नहीं कर रहा, बल्कि नए अवसर भी पैदा कर रहा है।
इन डिपार्टमेंट में होगी भर्ती
Paytm की नई भर्तियां कई अलग-अलग टीमों में होंगी। इनमें प्रोडक्ट, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, AI, डेटा से जुड़े पोस्ट शामिल हैं। कंपनी ने बताया है कि पिछले दो महीनों में ही 800 से ज्यादा लोगों को जोड़ा जा चुका है और अब करीब 4,000 और कर्मचारियों की हायरिंग का प्रोसेस चल रहा है। कंपनी का मानना है कि AI आने वाले समय में डिजिटल पेमेंट और फाइनेंस सेक्टर को पूरी तरह बदल सकता है, इसलिए अभी से मजबूत टीम तैयार की जा रही है। Paytm अब सिर्फ UPI और मोबाइल पेमेंट तक सीमित नहीं रहना चाहती। कंपनी लोन, इंश्योरेंस, निवेश और दूसरी फाइनेंशियल सेवाओं को भी तेजी से बढ़ा रही है।
नौकरी बढ़ेगी, लेकिन कुछ पद भी खत्म होंगे
दिलचस्प बात यह है कि जहां एक तरफ Paytm हजारों लोगों को नौकरी देने की तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ कुछ कर्मचारियों की छंटनी भी हो सकती है। यह संख्या करीब 400 कर्मचारियों की हो सकती है। हालांकि यह कटौती कंपनी के कुल कर्मचारी आधार की तुलना में काफी कम मानी जा रही है। इसके अलावा AI आधारित टूल्स और स्मार्ट सेवाओं को भी मजबूत किया जा रहा है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







