Source :- LIVE HINDUSTAN

गर्मियों में अगर आपको भी हेल्दी और ग्लोइंग स्किन चाहिए, तो सिर्फ स्किनकेयर नहीं बल्कि अपनी डाइट पर भी ध्यान दें। आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉ उपासना वोहरा की बताई ये 1 ड्रिंक पीना शुरू कर दें, आपकी स्किन पर फर्क साफ नजर आएगा।

गर्मियों में स्किन का बेजान दिखना बड़ा आम है। धूप, पसीना, धूल-मिट्टी, पानी की कमी और प्रदूषण की वजह से स्किन की रंगत तो डल हो ही जाती है, साथ में चेहरा काफी डल और मुरझाया हुआ सा लगता है। ऐसे में एक बात तो तय है कि सिर्फ स्किनकेयर प्रोडक्ट्स लगाने से बात नहीं बनने वाली। स्किन अंदर से ग्लोइंग और रेडिएंट बने, इसके लिए आपको अपनी डाइट में भी कुछ चीजें जरूर शामिल करनी चाहिए। एक ऐसी ही ड्रिंक आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉ उपासना वोहरा ने शेयर की है। डॉक्टर बताती हैं कि ग्लोइंग स्किन का राज आपकी डाइट से हो कर जाता है। इसलिए गर्मियों में अगर आपको ग्लोइंग चेहरा चाहिए तो ये सिंपल सी ड्रिंक रोजाना पीनी शुरू कर दें। आपकी ओवरऑल हेल्थ के लिए भी ये काफी अच्छी है।

गर्मियों में हेल्दी और ग्लोइंग स्किन के लिए पीएं ये ड्रिंक

गर्मियों के मौसम में अक्सर हाइड्रेशन की कमी या तपती धूप की वजह से चेहरे का ग्लो चला जाता है। ऐसे में आप भले ही कितने भी महंगे स्किनकेयर प्रोडक्ट्स यूज कर लें, जबतक अंदर से काम नहीं करेंगे बात नहीं बनने वाली। डॉ उपासना बताती हैं कि इस मौसम सबसे बेस्ट है कि आप सत्तू की ड्रिंक को अपनी डेली डाइट में शामिल करें। ये ना सिर्फ आपको हाइड्रेट रखेगी, बल्कि स्किन पर एक हेल्दी ग्लो भी ले कर आएगी।

इस तरह बनाकर पीएं सत्तू की ड्रिंक

सत्तू ड्रिंक बनाने के लिए सबसे पहले एक गिलास में पानी लें। गर्मियों का मौसम है, तो चिल्ड पानी लेना सही रहेगा। अब इसमें दो चम्मच सत्तू डालें। साथ में थोड़ा सा फ्रेश पुदीना, हरा धनिया पत्ता, जीरा पाउडर और स्वादानुसार नमक मिलाएं। इसके अलावा थोड़ा सा नींबू भी अपने टेस्ट के हिसाब से एड करें। सभी चीजों को अच्छे से मिक्स और आपकी सत्तू ड्रिंक बनकर तैयार है।

कब पीनी है ये ड्रिंक?

ये रिफ्रेशिंग सी सत्तू ड्रिंक आप दिन में कभी भी पी सकते हैं। दोपहर या शाम के समय कुछ ठंडा पीने का मन हो, तो ये एक हेल्दी और टेस्टी ऑप्शन है। दिन में इसे एक बार पीना ही पर्याप्त रहेगा।

गर्मियों में सत्तू की ड्रिंक क्यों फायदेमंद है?

गर्मियों के मौसम में सत्तू की ड्रिंक बनाकर पीना कोई नई बात नहीं है। पुराने समय से लोग खुद को हाइड्रेट रखने और शरीर में ऊर्जा बनाए रखने के लिए इसे पीते आ रहे हैं। इसमें भरपूर प्रोटीन और कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो आपके पूरे शरीर के साथ साथ स्किन के लिए भी काफी फायदेमंद होते हैं। इस ड्रिंक को पीने से आपकी स्किन ज्यादा फ्रेश और ग्लोइंग नजर आती है। साथ में नींबू में मौजूद विटामिन सी भी स्किन को ज्यादा ब्राइट और ग्लोइंग बनाने में मदद करता है।

नोट: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN