Source :- LIVE HINDUSTAN
पति-पत्नी के रिश्ते में कुछ बातें ऐसी होती हैं, जिन्हें दूसरों से शेयर करने की जरूरत नहीं होती। बेडरूम की बातें हों या प्यार से कही गई बातें, इन्हें अपने तक रखना ही रिश्ते के लिए बेहतर होता है।
शादी के बाद पति-पत्नी एक-दूसरे के सबसे करीब होते हैं। दिनभर की छोटी-बड़ी बातें, परेशानियां, खुशियां और कई ऐसी बातें भी दोनों एक-दूसरे से शेयर करते हैं, जो शायद किसी और को नहीं बताते। यही भरोसा धीरे-धीरे रिश्ते को मजबूत बनाता है। लेकिन कई बार हम जाने-अनजाने अपनी पर्सनल बातें दोस्तों, परिवार या सोशल मीडिया पर बता देते हैं। हो सकता है उस समय आपको यह नॉर्मल लगे, लेकिन सामने वाले साथी को इससे बुरा लग सकता है। खासकर तब, जब उसने कोई बात आपसे भरोसे में कही हो। इसलिए रिश्ते में यह समझना जरूरी है कि कौन सी बातें सिर्फ पति-पत्नी के बीच ही रहनी चाहिए।
1. बेडरूम की बातें
पति-पत्नी के बीच की नजदीकी और बेडरूम की बातें पूरी तरह प्राइवेट होती हैं। किसके बीच क्या होता है, दोनों एक-दूसरे के साथ कितना कंफर्टेबल फील करते हैं या उनके रिश्ते में कैसी नजदीकी है, यह बात दूसरों को बताने की जरूरत नहीं है। दोस्तों के बीच मजाक में भी ऐसी बातें कहने से बचना चाहिए। साथी ने आप पर भरोसा किया है, इसलिए उस भरोसे की इज्जत करना जरूरी है।
2. अपने पार्टनर की कमजोरियां
हर इंसान के पास कुछ ऐसी बातें होती हैं, जिन्हें वह हर किसी के सामने नहीं कह पाता। पति या पत्नी ने अगर अपने डर, कमजोरी या किसी परेशानी के बारे में आपसे बात की है, तो उसे दूसरों के सामने बताना सही नहीं है। हो सकता है वह बात आपके लिए छोटी हो, लेकिन आपके साथी के लिए काफी पर्सनल हो सकती है। इसलिए उसकी कमजोरी को चर्चा का विषय बनाने के बजाय उसका सहारा बनें।
3. झगड़े की बातें
पति-पत्नी के बीच कभी-कभी बहस या झगड़ा होना नॉर्मल है। लेकिन हर छोटी लड़ाई की पूरी कहानी परिवार या दोस्तों को बताने से बात और उलझ सकती है। अगर किसी बात पर दोनों के बीच अभी बातचीत चल रही है और मामला सुलझा नहीं है, तो उसे हर किसी के साथ शेयर करने से बचें।
4. फाइनेंशियल बातें
घर की कमाई, कर्ज, बचत, निजी खरीदारी या भविष्य के बड़े फैसले हर किसी को बताना जरूरी नहीं है। पति-पत्नी के बीच पैसों को लेकर जो बातचीत होती है, वह दोनों की प्राइवेट बात है। खासकर जब कोई बड़ा फैसला अभी तय नहीं हुआ है, तो उसके बारे में बाहर बात करने से पहले साथी से पूछ लेना बेहतर है। इससे दोनों के बीच भरोसा बना रहता है।
5. प्यार से कही गई बातें और पर्सनल मैसेज
कई बार पति-पत्नी एक-दूसरे को ऐसी बातें कहते या लिखते हैं, जो सिर्फ उनके लिए होती हैं। प्यार भरे मैसेज, माफी मांगते हुए कही गई बातें, कोई शर्मिंदगी वाली बात या भावुक होकर कही गई बात को दोस्तों को सा सोशल मीडिया पर शेयर करना सही नहीं है। उस समय साथी ने शायद यह सोचकर बात कही हो कि यह सिर्फ आप दोनों के बीच ही रहेगी।
रिश्ते में भरोसा सबसे जरूरी है!
पति-पत्नी के बीच हर बात छिपाना जरूरी नहीं है, लेकिन हर बात दूसरों को बताना भी जरूरी नहीं है। कुछ बातें ऐसी होती हैं, जिन्हें अपने तक रखना ही रिश्ते की खूबसूरती है। अगर आपका साथी आपसे कोई पर्सनल बात शेयर करता है, तो उसे दूसरों के साथ बांटने से पहले एक बार जरूर सोचें। क्या वह व्यक्ति चाहता भी है कि यह बात बाहर जाए? अगर जवाब नहीं है, तो उस बात को वहीं रहने दें। यही छोटी सी समझ रिश्ते में भरोसा और अपनापन बनाए रखने में मदद करती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




