Home खेल समाचार भारत का हॉकी में एक दिन में डबल धमाका, पुरुष टीम ने...

भारत का हॉकी में एक दिन में डबल धमाका, पुरुष टीम ने प्रो लीग में काटा गदर; महिला टीम ने जीता नेशंस कप

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारत ने हॉकी में एक दिन में डबल धमाका किया। पुरुष टीम ने प्रो लीग में काटा गदर और मेजबान नीदरलैंड को शिकस्त दी। वहीं, महिला टीम ने नेशंस कप अपने नाम कर लिया।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए एफआईएच प्रो लीग के रॉटरडम चरण के अपने अंतिम मुकाबले में नीदरलैंड को 3-2 से हरा दिया। भारत की ओर से जुगराज सिंह (18वां मिनट), अभिषेक (27वां मिनट) और राजिंदर सिंह (56वां मिनट) ने गोल किए। वहीं, मेजबान टीम के लिए पेपीन वान डेर हाइज्डेन (19वां मिनट) और कोएन बिजेन (59वां मिनट) ने गोल दागे। कार्यवाहक कप्तान हार्दिक सिंह को उनके बेहतरीन नेतृत्व और मिडफील्ड में शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। नीदरलैंड ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और अपनी तेज पासिंग से भारतीय रक्षा पंक्ति पर दबाव बनाया। हालांकि शुरुआती झटकों के बाद भारतीय डिफेंडरों ने लय पकड़ ली और विपक्षी टीम के हमलों को रोक दिया। पहला क्वार्टर बिना गोल के समाप्त हुआ।

अभिषेक ने बैकहैंड शॉट लगाकर किया गोल

दूसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रमण तेज किया और पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। 18वें मिनट में जुगराज सिंह ने शानदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल कर भारत का खाता खोला। हालांकि नीदरलैंड ने तुरंत जवाब देते हुए पेनल्टी कॉर्नर पर वान डेर हाइज्डेन के गोल से स्कोर 1-1 कर दिया। 27वें मिनट में जरमनप्रीत सिंह के शानदार पास पर अभिषेक ने बेहतरीन बैकहैंड शॉट लगाकर गोल कर दिया और भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ तक यही स्कोर बना रहा। तीसरे क्वार्टर में भारत ने सधे हुए खेल और सटीक पासिंग के जरिए मैच पर नियंत्रण बनाए रखा। 41वें मिनट में नीदरलैंड को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन अमित रोहिदास ने वान डेर हाइज्डेन के प्रयास को सफल नहीं होने दिया। मेजबान टीम को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन यह मौका भी खराब चला गया। तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत 2-1 से आगे था। अंतिम क्वार्टर में नीदरलैंड बराबरी के लिए लगातार प्रयास करता रहा, लेकिन पेनल्टी कॉर्नर पर उनकी गलतियां जारी रहीं।

जवाबी हमलों से भारत को मिला बढ़िया मौका

56वें मिनट में दिलप्रीत सिंह और मनदीप सिंह के तेज जवाबी हमलों से भारत को बढ़िया मौका मिला। इस दौरान नीदरलैंड के खिलाड़ी जोपे वोल्बर्ट ने फाउल किया जिसके लिए उन्हें येलो कार्ड दिखाया गया। इसके बाद मिले पेनल्टी कॉर्नर पर राजिंदर सिंह ने दमदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल कर भारत की बढ़त 3-1 कर दी। लेकिन 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही नीदरलैंड टीम को 58वें मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने सभी प्रयास नाकाम कर दिए। इसके बावजूद 59वें मिनट में कोएन बिजेन ने एक शानदार पेनल्टी कॉर्नर मूव को गोल में बदलकर स्कोर 3-2 कर दिया। मैच के अंतिम 10 सेकंड में भारत को भी एक पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे रोक दिया गया। भारत ने जीत दर्ज कर तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल किए।

भारतीय महिला टीम ने न्यूजीलैंड को धूल चटाई

भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को एफआईएच महिला नेशंस कप 2025-26 के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। नॉर्थ हार्बर नेशनल हॉकी सेंटर में खेए गए खिताबी मुकाबले में दुनिया की नंबर 10 टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत (जो वर्ल्ड हॉकी रैंकिंग में नौवें नंबर पर है) के लिए नवनीत कौर ने (4वें मिनट) और सुनेलिता टोप्पो ने(15वें मिनट) ने गोल किए। भारतीय टीम ने चार साल बाद यह खिताब जीता है। शुरुआत में संभलकर खेलने के बाद, अनुभवी स्ट्राइकर नवनीत कौर ने मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर गोल में बदलकर शुरुआती पाँच मिनटों में ही भारत को बढ़त दिला दी। बढ़त मिलने के बाद, भारतीय महिला हॉकी टीम ने खुलकर खेला। उन्होंने पहले क्वार्टर में चार और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए और उनमें से आखिरी वाले पर फिर से गोल किया। सुनेलिता टोप्पो ने ड्रैग-फ्लिक को डिफ्लेक्ट करके भारत को दो गोल की बढ़त दिला दी।

भारत नेशंस कप में बिना कोई मैच हारे आगे बढ़ा

भारत ने पहले क्वार्टर में पूरी तरह दबदबा बनाए रखा और आठ बार विपक्षी सर्कल में घुसपैठ कर कुल पांच पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। दूसरे क्वार्टर में विपक्षी टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन इस दौरान भी सलीमा टेटे और उनकी टीम का ही दबदबा रहा। भारत हाफटाइम ब्रेक तक 2-0 से आगे था। तीसरे क्वार्टर में न्यूजीलैंड ने तेजी दिखाई और मैच में वापसी करने की कोशिश में ज्यादा आक्रामक खेल दिखाया। भारतीय डिफेंस मज़बूती से डटा रहा, जिससे गोलकीपर बिचू देवी खारीबाम को ज़्यादा परेशानी नहीं हुई। चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ‘ब्लैक स्टिक्स’ (न्यूजीलैंड टीम) को मैच का अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वे इसका फायदा नहीं उठा सके। आखिरकार मैच भारत के पक्ष में 2-0 से समाप्त हुआ। इस जीत के साथ भारत ने एफआईएच प्रो लीग 2026-27 के लिए अर्हता हासिल कर ली है। यह लीग लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए हॉकी क्वालीफायर के तौर पर भी काम करेगी। भारत एफआईएच नेशंस कप 2026 में बिना कोई मैच हारे आगे बढ़ा। पहले उसने अमेरिका, जापान और उरुग्वे के खिलाफ एक-गोल के करीबी अंतर से जीत हासिल करके अपने ग्रुप में टॉप किया, और फिर सेमीफाइनल में चिली को 6-0 से हराकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN