Home rss business hindi भारत में बना अनोखा रिकॉर्ड! 6 दिन की बच्ची बनी सबसे कम...

भारत में बना अनोखा रिकॉर्ड! 6 दिन की बच्ची बनी सबसे कम उम्र की डीमैट अकाउंट होल्डर

9
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • दिल्ली की 6 दिन की नवजात बच्ची आर्या गोयल देश की सबसे कम उम्र की ज्ञात डीमैट अकाउंट होल्डर बन गई है
  • स्टॉकब्रोकिंग प्लेटफॉर्म पॉकेटफुल के मुताबिक, आर्या का अकाउंट जन्म के छह दिन के भीतर खोला गया, जिससे 12 दिन की उम्र में अकाउंट खुलने का पिछला रिकॉर्ड टूट गया

शेयर बाजार में निवेश की शुरुआत करने के लिए अब 18 साल का होना जरूरी नहीं है। इसका ताजा उदाहरण दिल्ली की एक नवजात बच्ची है, जिसने जन्म के महज 6 दिन बाद ही अपने नाम डीमैट अकाउंट (Demat Account) खुलवाकर नया रिकॉर्ड बना दिया है। इस बच्ची का नाम आर्या गोयल (Arya Goel) है। स्टॉकब्रोकिंग प्लेटफॉर्म पॉकेटफुल के मुताबिक, आर्या देश की अब तक की सबसे कम उम्र की ज्ञात डीमैट अकाउंट (Demat Account) होल्डर बन गई है।

आर्या का डीमैट अकाउंट (Demat Account) उसके जन्म के छह दिन के भीतर खोल दिया गया। इसके साथ ही उसने 12 दिन की उम्र में डीमैट अकाउंट (Demat Account) खुलने का पिछला रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है। इस उपलब्धि की जानकारी Pocketful ने दी है, जिसने आर्या का अकाउंट खोला है। हालांकि, यह कंपनी की ओर से किया गया रिकॉर्ड संबंधी दावा है।

इस खबर की खास बात सिर्फ इतनी नहीं है कि एक नवजात बच्ची के नाम शेयर बाजार का खाता खुल गया। बल्कि यह भी है कि उसके परिवार ने जन्म के पहले ही सप्ताह में निवेश और भविष्य की आर्थिक सुरक्षा की दिशा में कदम उठाया है।

6 दिन की बच्ची का डीमैट अकाउंट कैसे खुला?

किसी नाबालिग के नाम डीमैट अकाउंट (Demat Account) खोलना सामान्य अकाउंट खोलने जितना आसान नहीं होता। इसके लिए कुछ जरूरी दस्तावेजों और औपचारिकताओं को पूरा करना पड़ता है। आर्या के परिवार ने उसके जन्म के शुरुआती 6 दिनों के भीतर ही जरूरी दस्तावेज तैयार कर लिए। इनमें आधार कार्ड, नाबालिग का PAN कार्ड और बैंक अकाउंट शामिल हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर पॉकेटफुल के जरिए उसके नाम पर डीमैट अकाउंट (Demat Account) खोला गया।

दरअसल, भारत में नाबालिग के नाम पर डीमैट अकाउंट (Demat Account) खोलने की अनुमति है। इसके लिए बच्चे के माता-पिता या कानूनी अभिभावक की भूमिका अहम होती है। अकाउंट का संचालन भी अभिभावक ही करते हैं। आर्या के मामले में भी उसके माता-पिता ही फिलहाल इस खाते को मैनेज करेंगे। जब वह 18 साल की हो जाएगी, तब जरूरी KYC प्रक्रिया पूरी करने के बाद अकाउंट का ऑपरेशन उसके हाथों में सौंपा जा सकेगा।

18 साल से कम उम्र में भी खुल सकता है डीमैट?

आमतौर पर लोगों को लगता है कि शेयर बाजार में निवेश करने के लिए कम से कम 18 साल की उम्र होना जरूरी है। लेकिन ऐसा नहीं है। भारत में नाबालिग यानी 18 साल से कम उम्र के बच्चे के नाम पर भी डीमैट अकाउंट (Demat Account) खोला जा सकता है। हालांकि, इसमें कुछ जरूरी शर्तें लागू होती हैं।

  • अकाउंट किसके नाम होगा: डीमैट अकाउंट नाबालिग बच्चे के नाम पर खोला जाता है।
  • कौन करेगा संचालन: बच्चे के माता-पिता या कानूनी अभिभावक अकाउंट को ऑपरेट करते हैं।
  • कौन से दस्तावेज जरूरी: बच्चे का PAN कार्ड, आधार और बैंक खाते से जुड़े दस्तावेजों के साथ अभिभावक की KYC भी जरूरी होती है।
  • 18 साल की उम्र के बाद क्या होगा: बालिग होने पर बच्चे को अपनी KYC प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद अकाउंट का ऑपरेशन उसके हाथ में आ सकता है।

यहां एक बात समझना जरूरी है कि नाबालिग के नाम पर डीमैट अकाउंट (Demat Account) खुलने का मतलब यह नहीं है कि वह खुद शेयर खरीदने-बेचने के फैसले ले सकता है। उसकी उम्र 18 साल होने तक खाते का संचालन अभिभावक के जरिए ही होता है। नाबालिग के खाते से ट्रेडिंग पर भी अलग नियम लागू होते हैं।

बच्चों के भविष्य के लिए निवेश पर बढ़ रहा जोर

पॉकेटफुल (Pocketful) का कहना है कि आर्या का डीमैट अकाउंट (Demat Account) खुलना परिवारों के बीच बदलती निवेश सोच को भी दिखाता है। अब कई माता-पिता बच्चों के भविष्य के लिए पारंपरिक बचत के साथ-साथ निवेश के दूसरे विकल्पों पर भी ध्यान दे रहे हैं।

बच्चों की पढ़ाई, उच्च शिक्षा और भविष्य की आर्थिक जरूरतों के लिए लंबे समय तक निवेश करना परिवारों की वित्तीय योजना का हिस्सा बनता जा रहा है। कम उम्र में निवेश की योजना बनाने का एक फायदा यह है कि परिवार को लंबी अवधि का समय मिल जाता है। इस दौरान निवेश को बढ़ने के लिए ज्यादा समय मिल सकता है। हालांकि, शेयर बाजार से जुड़े निवेश में जोखिम भी होता है और रिटर्न की कोई गारंटी नहीं होती।

पॉकेटफुल (Pocketful) के संस्थापक सर्वम गोयल के मुताबिक, आर्या का मामला केवल उसकी कम उम्र की वजह से खास नहीं है, बल्कि इसके पीछे उसके परिवार की सोच और प्रयास भी महत्वपूर्ण हैं। उनका मानना है कि वित्तीय जागरूकता और पैसे की योजना बनाने से जुड़ी बातचीत परिवारों में कम उम्र से ही शुरू होनी चाहिए।

कौन है पॉकेटफुल?

पॉकेटफुल (Pocketful) खुद को निवेश और स्टॉकब्रोकिंग प्लेटफॉर्म के तौर पर पेश करता है। यह पेस फाइनेंस ग्रुप (Pace Finance Group) से जुड़ा है, जिसे वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में तीन दशक से ज्यादा का अनुभव है। आर्या का डीमैट अकाउंट (Demat Account) खुलने की घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब परिवार बच्चों की शिक्षा और आर्थिक सुरक्षा के लिए पहले से वित्तीय योजना बनाने पर जोर दे रहे हैं। छह दिन की उम्र में डीमैट अकाउंट खुलने का यह मामला भले ही अनोखा हो, लेकिन यह दिखाता है कि निवेश की योजना बनाने के लिए परिवार अब बच्चे के बड़े होने का इंतजार नहीं करना चाहते।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN