Source :- LIVE HINDUSTAN
घर में कोई सब्जी ना हो या कुछ अलग सा खाने का दिल करे, ये चटपटी सी तड़के वाली लहसुन की चटनी एक बार जरूर बनाकर ट्राई करें। सिर्फ 10 मिनट में बन जाती है और इसका स्वाद इतना मजेदार है कि पेट भर जाएगा लेकिन मन नहीं।
कई बार रोज की दाल-सब्जी से कुछ अलग हटकर खाने का मन करता है। ऐसे में आप ये चटपटी सी तड़का लहसुन चटनी बनाकर तैयार कर सकते हैं। ये उन दिनों के लिए भी बेस्ट है, जब घर में कोई सब्जी ना हो और आपका ज्यादा कुकिंग करने का दिल ना करे। मुश्किल से 10 मिनट में ये टेस्टी चटनी बन जाती है और इसका स्वाद तो पूछो ही मत। दो रोटी की भूख में आराम से चार रोटी खा लेंगे। रोज सेम खाना खा कर बोर हो गए हैं तो एक बार रोटी के साथ ये वाली चटनी जरूर बनाकर ट्राई करें, मुंह का स्वाद ही बदल जाएगा। तो चलिए अब फटाफट से बिना देरी किए इस लहसुन चटनी की रेसिपी जान लेते हैं।
लहसुन चटनी बनाने के लिए सामग्री
लहसुन की तड़के वाली चटपटी सी चटनी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- 2 लहसुन (25-30 कलियाँ), कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर (1 चम्मच), धनिया पाउडर (1 चम्मच), हल्दी पाउडर (आधा चम्मच), स्वादानुसार नमक, काला नमक, तेल (2 बड़े चम्मच), जीरा (आधा चम्मच), राई (1/4 चम्मच), चुटकी भर हींग, अमचूर पाउडर (स्वादानुसार), ताजा धनिया पत्ता और थोड़ा सा पानी।
लहसुन की तड़के वाली चटनी बनाने की विधि
लहसुन की चटपटी सी चटनी बनाने के लिए सबसे पहले दो मीडियम साइज के ताजे लहसुन लें और उन्हें छीलकर कलियां अलग कर लें। अब लहसुन की कलियों को अच्छी तरह धो कर एक सिलबट्टे या मूसल में डालें और इन्हें दरदरा सा कूट लें। चटनी जल्दी बनाने के लिए आप मिक्सर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं, लेकिन लहसुन को थोड़ा सा दरदरा ही रहने दें।
अब इसमें कुछ मसाले एड करें, जैसे- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर और थोड़ा सा काला नमक। फिर हल्का सा पानी डालकर कुटे हुए लहसुन और मसालों को आपस में अच्छी तरह से मिक्स कर लें। लहसुन की चटनी बनकर तैयार है, लेकिन अभी इसमें स्पेशल तड़का लगाना बाकी है। उसी से इस चटनी का असली स्वाद आता है।
चटनी में लगाएं स्पेशल तड़का
सबसे पहले एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें। फिर इसमें साबुत जीरा और राई चटका लें। चुटकी भर हींग एड करें और साथ में लहसुन की चटनी भी डाल दें। इन्हें आपस में अच्छी तरह से मिक्स कर लें और थोड़ी देर के लिए पकाएं। अब स्वाद के हिसाब से थोड़ा नमक और अमचूर पाउडर भी मिला लें। चटनी को थोड़ी देर और पकाएं, जबतक ये तेल ना छोड़ने लगे। अब ऊपर से ताजा हरा धनिया पत्ता डालकर गार्निश करें।
सर्विंग टिप- इस चटपटी तड़का लहसुन चटनी को आप पराठे, घी वाली रोटी या दाल-चावल के साथ भी सर्व कर सकते हैं। एक साइड डिश के तौर पर ये खाने का स्वाद बढ़ा देगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




