Home rss world hindi मक्का-मदीना को निशाना बनाने के आरोप पर भड़के हुती, बोले- ‘ये बहुत...

मक्का-मदीना को निशाना बनाने के आरोप पर भड़के हुती, बोले- ‘ये बहुत बड़ा झूठ है’

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

हुती सेना के प्रवक्ता याह्या सारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए स्पष्ट किया कि उनका मकसद सऊदी अरब के केवल सैन्य ठिकानों और तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाना था, न कि पवित्र धार्मिक स्थलों को।

इस्लाम के सबसे पवित्र शहरों मक्का अल-मुकर्रमा और मदीना अल-मुनव्वरा को निशाना बनाने के आरोपों पर यमन के हुती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। सऊदी अधिकारियों के मक्का और मदीना क्षेत्रों में रोकी गई मिसाइलों का मलबा मिलने की बात कहे जाने के बाद, हुती आंदोलन ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए इसे “बड़ा और संगीन झूठ” करार दिया है।

हुती सेना के प्रवक्ता याह्या सारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए स्पष्ट किया कि उनका मकसद सऊदी अरब के केवल सैन्य ठिकानों और तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाना था, न कि पवित्र धार्मिक स्थलों को।

सऊदी अरब का दावा: दो बैलिस्टिक मिसाइलें हवा में ध्वस्त कीं

सऊदी नागरिक सुरक्षा और सऊदी नीत सैन्य गठबंधन ने दावा किया है कि यमन की ओर से पश्चिमी सऊदी अरब के यनबू और ताइफ शहरों की तरफ दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया।

सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, मिसाइलों के टकराने के बाद उनका मलबा मक्का और मदीना क्षेत्रों के अलावा जेद्दा, ताइफ और राबिग जैसे इलाकों में गिरा।

नागरिक सुरक्षा विभाग ने मक्का और जेद्दा समेत कई इलाकों में नागरिकों के लिए खतरे का संक्षिप्त अलर्ट जारी किया था, जिसे बाद में वापस ले लिया गया।

हमारा निशाना अरामको और एयरपोर्ट थे: हुती प्रवक्ता

सऊदी दावों का खंडन करते हुए हुती प्रवक्ता याह्या सारी ने कहा कि सऊदी अरब उनके अभियानों को गलत तरीके से पेश करने की साजिश रच रहा है:

“यमेनी सशस्त्र बल यह पुष्टि करते हैं कि मक्का और मदीना के पवित्र क्षेत्रों को निशाना बनाने के संबंध में सऊदी दुश्मन जो प्रचार कर रहा है, वह एक बड़ा और घिनौना झूठ है। अब इन झूठों के झांसे में कोई नहीं आने वाला।”

इसके साथ ही हुती प्रवक्ता ने अलग से बयान जारी कर स्वीकार किया कि उनकी सेना ने सऊदी अरब के कई हाई-प्रोफाइल ठिकानों पर हमले किए हैं:

  • रियाद का किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट
  • यनबू में तेल कंपनी अरामको की फैसिलिटी
  • राबिग तेल रिफाइनरी और ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन
  • दम्माम का किंग फहद एयरपोर्ट, नजरान एयरपोर्ट और खमीस मुशैत का एयरबेस

हुती समूह ने अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय एयरलाइंस को रियाद के किंग खालिद एयरपोर्ट का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दोहराते हुए उसे ‘सैन्य निशाना’ घोषित किया है।

अदन में भी दागी गईं मिसाइलें; यमन में फिर भड़का युद्ध

यह नया सैन्य टकराव यमन में 2022 से चली आ रही युद्धविराम के टूटने के बाद सामने आया है। इसके अलावा, यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार ने हुतियों पर दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह शहर अदन में कोस्ट गार्ड के ठिकानों पर तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागने का आरोप लगाया है।

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, दो मिसाइलें कोस्ट गार्ड मुख्यालय और एक तवाही इलाके की इमारत पर गिरीं। वहीं हुती प्रवक्ता ने दावा किया कि उन्होंने अदन में उन सैन्य ठिकानों और नौसैनिक अड्डों को निशाना बनाया जहां सऊदी अधिकारी अपनी सेना को लामबंद कर रहे थे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN