Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- पेनी स्टॉक एसईपीसी लिमिटेड शुक्रवार को NSE में 10% से अधिक की तेजी के साथ 5.47 रुपये पर पहुंच गया है
- एसईपीसी लिमिटेड ने महारत्न कंपनी सेल के साथ 854.57 करोड़ रुपये के एक कॉन्ट्रैक्ट पर दस्तखत किए हैं
सिविल कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री से जुड़ी एक छोटी कंपनी एसईपीसी लिमिटेड के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। कंपनी के शेयर शुक्रवार को NSE में इंट्राडे के दौरान 10 पर्सेंट से ज्यादा की तेजी के साथ 5.47 रुपये पर पहुंच गए हैं। एसईपीसी लिमिटेड ने महारत्न कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल या SAIL) के साथ 854.57 करोड़ रुपये के एक कॉन्ट्रैक्ट पर दस्तखत किए हैं। यह कॉन्ट्रैक्ट पश्चिम बंगाल के बर्नपुर में IISCO स्टील प्लांट में काम से जुड़ा है।
10,000 करोड़ रुपये के पार पहुंची ऑर्डर बुक
इस कॉन्ट्रैक्ट के साथ ही एसईपीसी लिमिटेड (SEPC Limited) की कंसॉलिडेटेड ऑर्डर बुक 10,000 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। यह कंपनी के मार्केट कैपिटलाइजेशन के करीब 10 गुना के बराबर है। एसईपीसी लिमिटेड का मार्केट कैप नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में 1023.56 करोड़ रुपये पहुंच गया है। एसईपीसी लिमिटेड के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 11.87 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 4.63 रुपये है।
महारत्न कंपनी सेल के साथ हुए कॉन्ट्रैक्ट के डीटेल्स
एसईपीसी लिमिटेड (SEPC Limited) ने अनाउंस किया है कि उसने महारत्न कंपनी सेल के साथ एक कॉन्ट्रैक्ट एग्रीमेंट पर दस्तखत किए हैं। यह कॉन्ट्रैक्ट पश्चिम बंगाल के बर्नपुर में पेलेट प्लांट बैलेंस ऑफ प्लांट (BOP) पैकेज के लिए है, जिसमें सिविल एंड स्ट्रक्चरल वर्क्स भी शामिल है। इस एग्रीमेंट पर 8 अक्टूबर 2026 को दस्तखत हुए हैं। कंपनी को सेल-ISP से अगस्त 2026 में लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस मिला था।
एक साल में 50% से अधिक लुढ़क गए हैं कंपनी के शेयर
एसईपीसी लिमिटेड (SEPC Limited) के शेयर पिछले कुछ समय से दबाव में हैं। सिविल कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री से जुड़ी इस कंपनी के शेयर पिछले एक साल में 50 पर्सेंट से अधिक लुढ़क गए हैं। एसईपीसी लिमिटेड के शेयर 9 अक्टूबर 2025 को 11.72 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 9 अक्टूबर 2026 को NSE में 5.47 रुपये पर जा पहुंचे हैं। इस साल अब तक एसईपीसी लिमिटेड के शेयरों में 40 पर्सेंट से अधिक की गिरावट देखने को मिली है। अगर पिछले 6 महीने की बात करें तो कंपनी के शेयरों में 25 पर्सेंट से ज्यादा की गिरावट आई है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




