Source :- LIVE HINDUSTAN
ब्रिटेन के शेफील्ड में 12 से 18 साल की बच्चियों से यौन शोषण करने वाले तीन सगे भाइयों को जेल की सजा सुनाई गई है। ‘Killer’ उपनाम वाले मुख्य आरोपी अमर इलियास को 27 साल की सख्त कैद मिली है।
ब्रिटेन के शेफील्ड में लगभग दो दशक पहले चार बच्चियों और एक महिला का यौन शोषण करने वाले तीन सगे भाइयों को अदालत ने सजा सुनाई है। मुख्य आरोपी खुद को ‘किलर’ कहलवाता था और ट्रायल शुरू होने से पहले ही पाकिस्तान फरार हो चुका है। इन तीनों भाइयों को 2020 में गिरफ्तार किया गया था। तीनों पाकिस्तान के हैं।
12 से 18 साल की बच्चियों को बनाया शिकार
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, अदालत ने 41 वर्षीय अमर इलियास, 38 वर्षीय कामरान इलियास और 39 वर्षीय कमर इलियास को 2004 से 2007 के बीच किए गए जघन्य अपराधों का दोषी पाया है। उस समय पीड़ितों की उम्र महज 12 से 18 साल के बीच थी। मुख्य आरोपी अमर को पांच पीड़ितों के खिलाफ 20 अपराधों का दोषी ठहराया गया है। वहीं, उसके दोनों छोटे भाइयों कामरान और कमर को एक बच्ची के साथ हुए पांच यौन अपराधों का दोषी पाया गया है।
मुख्य आरोपी को 27 साल की सजा, गिरफ्तारी का वारंट जारी
शेफील्ड क्राउन कोर्ट ने सोमवार को इस मामले में अपना फैसला सुनाया। पाकिस्तान भाग चुके अमर इलियास को उसकी गैर-मौजूदगी में 27 साल जेल की सजा सुनाई गई है। इसके अलावा, कमर को 10 साल और कामरान को 3 साल की कैद की सजा मिली है। जज पीटर हैम्पटन ने अमर को एक “खतरनाक और शिकारी यौन अपराधी” करार दिया है। साथ ही कानून प्रवर्तन एजेंसियों से उसे जल्द तलाशने का आग्रह करते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए वारंट भी जारी कर दिया गया है।
खौफ फैलाने के लिए रखा था ‘किलर’ नाम
नेशनल क्राइम एजेंसी (NCA) के ‘ऑपरेशन स्टोववुड’ के तहत इन भाइयों पर साल 2023 में आरोप तय किए गए थे। एजेंसी के मुताबिक, जब ये अपराध शुरू हुए तब इन आरोपियों की उम्र 17-18 साल के करीब थी। अमर ने उसी दौरान 13 से 18 साल की चार अन्य लड़कियों के साथ भी रेप और यौन शोषण किया था। लोगों में अपना खौफ बनाए रखने के लिए वह ‘किलर’ उपनाम का इस्तेमाल करता था और अपनी इसी हिंसक छवि का फायदा उठाकर पीड़ितों को डराता-धमकाता था।
‘बुरे सपने आज भी डराते हैं’ – पीड़ितों का छलका दर्द
अदालत में पीड़ितों ने अपने दर्दनाक अनुभव साझा किए। तीनों भाइयों की हैवानियत का शिकार हुई एक महिला ने बताया कि इस आघात ने उसकी जिंदगी के हर हिस्से को बर्बाद कर दिया है और उसे आज भी भयानक सपने आते हैं। एक अन्य पीड़िता, जो घटना के वक्त करीब 13 साल की थी, उसने बताया कि जब वह अपनी दोस्त के घर सो रही थी तब अमर ने उसके साथ रेप किया था। एक अन्य महिला ने कोर्ट में अमर इलियास को ‘कायर’ बताते हुए कहा कि वह अपने किए की सजा का सामना करने से भाग रहा है, लेकिन वे अब अपनी जिंदगी दोबारा संवारेंगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




