Home LIFESTYLE NEWS HINDI मिलावटी कुट्टू का आटा कहीं अस्पताल ना पहुंचा दे! खरीदने से पहले...

मिलावटी कुट्टू का आटा कहीं अस्पताल ना पहुंचा दे! खरीदने से पहले चेक करें ये 5 चीजें

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

नवरात्रि व्रत में कुट्टू का आटा खाया जाता है और इसी दौरान आटे में मिलावट के मामले भी खूब आते हैं। आप जो आटा खा रहे हैं, तो मिलावटी है या शुद्ध इसकी पहचान आसानी से की जा सकती है। यहां हम आपके साथ कुछ तरीके शेयर कर रहे हैं।

नवरात्रि के व्रत में फलाहारी भोजन किया जाता है, जिसमें आमतौर पर कुट्टू का आटा खाया जाता है। कुट्टू के आटे से बनी पूड़ी, पकौड़ी, रोटी और पराठे खा कर पेट भर जाता है और शरीर को एनर्जी भी मिलती है। हालांकि इन दिनों कुट्टू के आटे में मिलावट के मामले भी खूब सुनने को मिलते हैं। मिलावटी कुट्टू का आटा खा कर कई लोगों के हॉस्पिटल में भर्ती होने के मामले भी सामने आते हैं। ऐसे में अक्सर लोग कन्फ्यूज रहते हैं कि कुट्टू का आटा खरीदते वक्त किन चीजों का ध्यान रखें, ताकि मिलावटी आटे की पहचान की जा सके। दरअसल कुछ ऐसी आसान टिप्स हैं, जिन्हें ध्यान में रखकर आप शुद्ध कुट्टू का आटा खरीद सकते हैं। व्रत के लिए आटा खरीदें तो पहले ये सिंपल टेस्ट जरूर कर लें।

मिलावटी कुट्टू के आटे की पहचान कैसे करें?

आटे का रंग और खुशबू चेक करें

कुट्टू के आटे का रंग आमतौर पर हल्का भूरा होता है। अगर ये पूरी तरह सफेद या डार्क भूरे रंग का दिख रहा है, तो इसे लेने से बचें। इसमें मिलावट होने के चांस ज्यादा होते हैं। इसके अलावा कुट्टू के आटे को सूंघकर भी देखा जा सकता है। अगर इसमें किसी तरह की खुशबू नहीं आ रही है या अजीब सी तेज गंध है, तो भी ये आटा लेना अवॉइड करना चाहिए।

आटे की पैकेजिंग चेक करें

हमेशा पैकेट वाला कुट्टू का आटा खरीदें। खुले हुए आटे में हवा और नमी की वजह से फंगस और बैक्टीरिया लगने का चांस ज्यादा रहता है, जो सेहत को काफी नुकसान पहुंचा सकता है। हमेशा सीलबंद पैकेट लें, जिसपर FSSAI की मार्किंग जरूर चेक कर लें। इसके साथ ही मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट पर भी ध्यान दें।

पानी से करें ये छोटा सा टेस्ट

मिलावटी कुट्टू के आटे की पहचान करने के लिए छोटा सा वाटर टेस्ट कर सकते हैं। इसके लिए गिलास में पानी लें और उसमें एक चम्मच के करीब कुट्टू का आटा मिलाएं। शुद्ध आटा पानी की सतह पर तैरने लगता है और धीरे-धीरे घुलता है। वहीं मिलावटी आटा तुरंत गिलास की तली में बैठ जाता है।

कुट्टू के आटे का टेक्चर चेक करें

कुट्टू के आटे का टेक्चर देखकर भी मिलावट का पता लगाया जा सकता है। इसके लिए थोड़ा सा आटा हथेली पर ले कर अपनी उंगलियों के बीच रगड़ें। शुद्ध आटे का टेक्चर थोड़ा दानेदार होता है। वहीं अगर ये बिल्कुल चिकना है, तो हो सकता है कि इसमें मिलावट की गई हो।

आटा गूंथने के बाद देखें टेक्सचर

कुट्टू के आटे को गूंथकर भी उसकी मिलावट का पता लगाया जा सकता है। दरअसल इसमें ग्लूटेन नहीं होता है, इसलिए तोड़ने पर ये रबड़ की तरह खिंचता नहीं, बल्कि आसानी से टूट जाता है। वहीं अगर आटा रबड़ की तरह खिंच रहा है, तो इसमें मिलावट के चांस हो सकते हैं।

कुट्टू का आटा खरीदते हुए रखें इन बातों का भी ध्यान

  • हमेशा भरोसेमंद दुकान या विक्रेता से ही आटा खरीदें।
  • बहुत लम्बे समय तक आटा स्टोर करने से बचें। इसे जरूरत के हिसाब से टाइम पर ही खरीदें।
  • आटे को नमी और गर्मी से दूर किसी साफ और एयरटाइट कंटेनर में भरें।
  • अगर आटा खाने के बाद उल्टी, पेट दर्द, चक्कर या कोई अन्य लक्षण नजर आ रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर की सलाह लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN