Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Getty Images
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 6 मिनट
श्रॉफ़ की कार पर मुंबई में रविवार शाम को अज्ञात हमलावरों ने फ़ायरिंग की. इस हमले के बाद बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए.
मुंबई पुलिस के मुताबिक़, गोलीबारी में दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें टाइगर श्रॉफ़ के ड्राइवर फिरदौस भी शामिल हैं. उनके बाएं हाथ में गोली लगी है. इस हमले को लेकर जुहू पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है.
डीसीपी मोहित गर्ग के मुताबिक़, “टाइगर श्रॉफ़ सुरक्षित हैं. उन्हें गोली नहीं लगी है और वे घायल नहीं हुए हैं.”
हालांकि टाइगर श्रॉफ़ से मुलाक़ात के बाद महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मीडिया से बातचीत में कहा, “टाइगर श्रॉफ़ सुरक्षित बच गए. उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं, और यह घटना निंदनीय है. मैंने अभिनेता से मुलाक़ात की, उनसे बातचीत हुई. उनके बाएं हाथ पर गन पाउडर और कांच के टुकड़ों से चोटें आई हैं.”
इमेज स्रोत, ANI
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर हुए हमले को लेकर कहा कि मुंबई पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है.
देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार सुबह मीडिया से बातचीत में कहा कि टाइगर पर हमला करने वाला कोई भी गैंग या कोई भी व्यक्ति हो, उसको छोड़ा नहीं जाएगा.
चश्मदीदों ने क्या बताया
इमेज स्रोत, ANI
इस घटना के एक चश्मदीद शाहरुख़ शेख़ ने बताया, “घटना के समय मैं कार में पीछे की ओर बैठा हुआ था. हमें लगा कि हम उनकी कार की फ़ोटो ले लेते हैं. हमें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि क्या होने वाला है. एक सेकंड के भीतर दो लड़के उतरे और उन पर चार राउंड गोलियां चलाईं.”
”उन्होंने उसी सीट को निशाना बनाया, जहां वे बैठे थे. इसके तुरंत बाद वे (हमलावर) अपनी गाड़ी में बैठकर भाग गए. एक गोली उनके ड्राइवर को लगी, जबकि एक गोली कार के साथ चल रहे एक फैन के पेट में लगी.”
शाहरुख़ शेख़ ने बताया कि हमले के बाद कार को ख़ुद टाइगर श्रॉफ़ चलाकर ले गए.
शाहरुख़ शेख़ का कहना है, “शुरुआत में ड्राइवर गाड़ी चला रहा था, लेकिन उसे गोली लगने के बाद टाइगर श्रॉफ कार के अंदर सीट बदलकर ख़ुद गाड़ी चलाते हुए अस्पताल ले गए.”
उन्होंने बताया कि गोली चलाने के बाद हमलावर बाईं ओर नेहरू नगर की तरफ भाग गए.
इस हमले के चश्मदीद राकेश कुमार ने बताया, “मैं मुंबई में रिक्शा चलाता हूं. हमलोग शाम को गाड़ी निकालने आए थे. सर (टाइगर श्रॉफ़) निकल रहे थे. इस दौरान यहां तीन लोग खड़े थे. एक बाइक पर और दो बाहर खड़े थे.”
“जब फ़ायरिंग हो रही थी तो एक ने सामने से फ़ायरिंग की, जिधर टाइगर श्रॉफ़ बैठे हुए थे. जब फ़ायरिंग हुई तो वो नीचे की तरफ हो गए. दूसरा शख़्स जो गोली चला रहा था, वह गोली ड्राइवर के हाथ में लग गई. इस गोलीबारी में एक और आदमी घायल हो गया.”
राकेश कुमार ने बताया, “यह घटना क़रीब सात बजे की है. टाइगर श्रॉफ़ हर रविवार को यहां फ़ुटबॉल खेलने के लिए आते हैं. इसलिए उन्हें देखने के लिए हर रविवार को यहां काफ़ी भीड़ होती है. इसी बीच में हमलावर आए और गोली चलाकर भाग गए.”
“वे लोग अंदर भी जा सकते थे, लेकिन लगता है कि वे योजना बनाकर आए थे. क्योंकि अंदर गोली चलाने से किसी और को भी लग सकती थी, इसलिए बाहर निकलने के बाद हमला किया.”
इमेज स्रोत, ANI
अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर हुए हमले को लेकर एक चश्मदीद ने बताया कि गोली चलने के वक़्त टाइगर नीचे लेट गए थे.
न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में एक अन्य चश्मदीद सलमा शेख़ ने बताया, “मैं ब्लॉग बनाती हूं और इसके लिए पूरी मुंबई में घूमती रहती हूं. लेकिन रविवार को मेरा कार्यक्रम तय होता है. पहले अमिताभ बच्चन का वीडियो बनाना, फिर अभिषेक का वीडियो बनाती हूं.”
सलमा शेख़ ने बताया, “उस तरफ़ शूटिंग ख़त्म करने के बाद में दूसरी तरफ जाती हूं जहां लोग फ़ुटबॉल खेलते हैं. जब मैं इधर आई तो सब लोग शूटिंग करने लगे. मैंने टाइगर श्रॉफ़ को बुलाया कि वीडियो बनाना है, लेकिन वो गाड़ी में बैठकर जाने लगे तो एक लड़का गोली चला रहा था.”
इमेज स्रोत, ANI
‘हमें लगा कि दिवाली के लिए पटाखे चलाए जा रहे हैं’
सलमा शेख ने कहा, “हर रविवार हम टाइगर श्रॉफ़ और अभिषेक का वीडियो बनाने के लिए अपनी तय जगह पर खड़े होते हैं, ताकि उसे अपने ब्लॉग पर डाल सकें. आज हम उनका वीडियो नहीं बना सके. जब हमने चार या पांच गोलियां चलने की आवाज़ सुनी, तो पहले हमें लगा कि दिवाली के लिए पटाखे चलाए जा रहे हैं. ड्राइवर घायल हालत में बाहर आया, तो हमें समझ आया कि क्या हुआ था.”
उन्होंने कहा, “मैं चिल्लाने और रोने लगी, क्योंकि हमारे साथ भी ऐसा हो सकता था, लेकिन ऊपर वाले ने हमें बचा लिया. ड्राइवर को चोटें आईं. एक गोली उसकी हथेली में जा लगी. गोली चलाने वाला लड़का बहुत कम उम्र का था. ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.”
सलमा शेख़ ने यह भी दावा किया कि गोली चलने के वक़्त टाइगर नीचे लेट गए थे.
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ़ से मुलाक़ात के बाद कहा कि दोषियों को बख़्शा नहीं जाएगा.
टाइगर श्रॉफ़ पर मुंबई में उस वक़्त हमला हुआ जब वो एक ग्राउंड से फ़ुटबॉल खेलकर बाहर निकल रहे थे.
उनके साथ फ़ुटबॉल खेलने वालों में एक्टर करण वीर मेहता भी थे.
करण वीर मेहता ने एक निजी टीवी न्यूज़ चैनल एनडीटीवी से बातचीत में कहा, “हम जैसे ही गेट से बाहर निकले मेरी कार उनके ठीक पीछे ही थी. मैं जैसे उन तक पहुंचा मैंने खून के धब्बे देखे. मुझे पता चला कि टाइगर के ड्राइवर को गोली लगी है.”
“उस वक़्त वहां कई बच्चे भी थे जो बर्थडे पार्टी कर रहे थे. हर कोई वहां से भागने लगा. मैंने गोली चलाते हुए नहीं देखा, क्योंकि मेरी गाड़ी थोड़ी पीछे भी थी और बर्थडे पार्टी के पटाखों की शोर में मैं गोलियों की आवाज़ भी मैं नहीं सुन पाया. लोग चिल्लाने लगे की गोली चली है.”
उन्होंने बताया कि यह घटना यमुनाबाई फ़ुटबॉल ग्राउंड की है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
SOURCE : BBC NEWS




