Source :- LIVE HINDUSTAN
सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में लोगों के बीच दहशत का खौफनाक नजारा देखा जा सकता है। लोग अपनी सलामती के लिए दुआ मांगते भी सुने जा सकते हैं।
ईरान के एक प्लेन का चक्का टेकऑफ करते ही हवा में उखड़ गया। इसके बाद जो हुआ उसे देखकर आप दंग रह जाएंगे। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, प्लेन हवा में जोर जोर से कांपने लगा। देखते ही देखते विमान में अफरा तफरी मच गई। कंपन इतनी जोरदार थी कि प्लेन में सामान रखने के लिए बने ओवरहेड कंपार्टमेंट टूट गए और सामान नीचे गिरने लगे। लोग बुरी तरह चीखने लगे। वहीं कुछ लोग जान बचने की आस से जोर जोर से दुआ पढ़ने लगे। अब खबर है कि विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक प्लेन ने ईरान के मशहद से करमानशाह के लिए उड़ान भरी थी। इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक हादसा सेपेहरान एयरलाइंस के बोइंग 737 विमान में हुआ। टेक-ऑफ के समय ही विमान के एक पहिए का टायर अलग हो गया। कथित तौर पर इससे इंजन में तकनीकी खराबी आ गई और पूरा प्लेन हवा में झटके खाने लगा। टेक-ऑफ के तुरंत बाद पायलट ने यात्रियों को तकनीकी खराबी की जानकारी दी। तभी विमान अचानक कांपने लगा।
वीडियो में दिखी दहशत
हवा में मची इस अफरा-तफरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में डरे-सहमे यात्री चीखते-चिल्लाते और सलामती की दुआएं मांगते नजर आ रहे हैं। प्लेन के जोर जोर से हिलने की वजह से प्लेन के ओवरहेड कंपार्टमेंट खुल गए और यात्रियों का सामान उनके ऊपर गिरने लगा। इससे कुछ यात्रियों को चोटें भी आई हैं। लोग जोर जोर से चीखने लगे। वहीं कुछ लोगों को ‘या अली या अली’ कहते हुए सुना जा सकता है।
काम कर गई यात्रियों की दुआ
यात्रियों की दुआ काम कर गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक पायलट ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मशहद एयरपोर्ट वापस लौटने का फैसला किया। मशहद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी सेवाओं को पहले से ही स्टैंडबाय पर रखा गया था। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित रनवे पर उतार लिया। जानकारी के मुताबिक हादसे में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




