Home National news hindi ‘ये मेरा हलाल लुक है’, जब हिजाब पहनी इस क्रिएटर को देख...

‘ये मेरा हलाल लुक है’, जब हिजाब पहनी इस क्रिएटर को देख स्पाइडरमैन की एक्ट्रेस रह गईं दंग

6
0

Source :- BBC INDIA

ज़ैनब जीवा ने 'द ओडिसी' के लंदन प्रीमियर में शिरकत की और ज़ेंडेया ने इस पर प्रतिक्रिया दी

इमेज स्रोत, Zainab Jiwa

“मैं इसकी ज़िप बंद नहीं कर पा रही हूँ! “

अपना एक टिकटॉक वीडियो बनाते समय 29 वर्षीय ज़ैनब जीवा ने कोर्सेट पहनते वक़्त ये कहा. घर पर रहने वाले 20-25 साल के कई युवा इस सीन से खुद को जुड़ा हुआ महसूस करेंगे.

टिकटॉक क्रिएटर ज़ैनब हाल ही में लंदन में हुए ‘द ओडिसी’ के प्रीमियर में शामिल होने जा रही थीं. फ़िल्ममेकर क्रिस्टोफर नोलन की ये फ़िल्म हॉलीवुड की इस साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक है.

उन्हें वहां मेहमान के तौर पर आमंत्रित किया गया था और उनका कहना है कि हॉलीवुड की मेगास्टार ज़ेंडेया की नज़र उन पर पड़ी, और इसकी वजह रही उनका ख़ास पहनावा: एक आकर्षक गोल्डन गाउन (हिजाब) जिसमें हुड भी लगा हुआ था. ज़ेंडेया ने हाल ही में रिलीज़ हुई ब्लॉकबस्टर ‘स्पाइडर मैन ब्रांड न्यू डे’ में मुख्य भूमिका निभाई थी.

“वह बस वहां से गुजर रही थीं, और उन्होंने मुझे वहां देखा. उनका मुंह खुला का खुला रह गया, और मेरा भी,” ज़ैनब ने मुझे बताया.

ज़ैनब ने कहा, “एक मिनट के लिए हम दोनों की निगाहें एक-दूसरे पर टिकी रहीं, और फिर उन्होंने कहा, ‘हे भगवान, अद्भुत, अद्भुत,’ और फिर वह चली गई.”

“मैं अब भी सदमे में हूं,” वह आगे कहती हैं. “यह सोचकर ही मैं दंग रह गई कि ज़ेंडेया ने मेरे पहनावे पर ध्यान दिया होगा.”

यह वीडियो टिकटॉक पर वायरल हो गया और इसे क़रीब दो करोड़ व्यूज़ मिल चुके हैं. ज़ैनब का फ़ोन लगातार बज रहा है.

ज़ेंडेया ने हाई-फैशन “मेथड ड्रेसिंग” के साथ रेड कार्पेट पर सबका ध्यान खींचा. इसके मुताबिक़-सितारे फिल्म की थीम के अनुसार अपना आउटफ़िट सिलेक्ट करते हैं. वहीं ज़ैनब ने साबित किया कि उनके जैसी इंडिपेंडेंट क्रिएटर भी हॉलीवुड को कड़ी टक्कर दे सकती हैं.

ज़ैनब मुस्लिम हैं और हिजाब पहनती हैं. वो अक्सर प्रीमियर में परंपरागत कपड़े ही पहनती हैं और अपने बालों को ढंक कर रखती हैं, लेकिन उनका कहना है कि इस ‘शालीन पहनावे’ को भी ट्रेंड करवाने के तरीके खोजना भी बड़ा मज़ेदार है.

“भले ही आपने अपने आपको ढंका हुआ हो फिर भी आप ख़ुद को थीम के मुताबिक़ रख सकते हो.”

ज़ैनब जीवा ने विकेड: फॉर गुड, हाउस ऑफ द ड्रैगन सीज़न 3 और विकेड: पार्ट वन के प्रीमियर में शिरकत की.

इमेज स्रोत, Dave Benett-WireImage/Getty Images/HBO Max UK

इस सप्ताह बीबीसी ब्रॉडकास्टिंग हाउस में इंटरव्यू के लिए पहुँचते समय उन्होंने जैतून रंग की शर्ट, टाई और ब्रोच पहना हुआ था. उन्होंने कहा, “मैंने आज बहुत मेहनत की है.”

वह खुद को फैशन की दीवानी मानती हैं. जब मैंने उनसे पूछा कि उनका यह शौक कब शुरू हुआ, तो उन्होंने कहा, “जन्म से ही.”

फिल्मों के प्रति उनका दूसरा लगाव है, लेकिन शुरुआत में उन्होंने इसे एक शौक के रूप में ही रखा. फिर भी, वह मनोरंजन के लिए सोशल मीडिया पर अपनी पसंदीदा फिल्मों और उनसे प्रेरित पोशाकों के वीडियो पोस्ट करती रहती थीं.

जल्द ही, बड़े स्टूडियोज़ ने उन पर ध्यान दिया. डिज्नी ने सबसे पहले उन्हें मून नाइट सिरीज़ के लिए एक इंटरव्यू का प्रस्ताव दिया, जहां उन्हें सितारों का इंटरव्यू लेने का मौका मिला.

“मुझे लगा कि यह एक धोखा है,” वह कहती हैं. “मैं वह वीडियो दोबारा नहीं देख सकती. मैं बिल्कुल भी अच्छी नहीं थी.”

ज़ैनब जीवा 29 जुलाई 2026, बुधवार को लंदन, इंग्लैंड के ओडियन लक्स लीसेस्टर स्क्वायर में स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे के यूके प्रीमियर में शामिल हुईं

इमेज स्रोत, Jeff Spicer/ Getty Images for Sony Pictures

आज, ज़ैनब एक फ़ुलटाइम क्रिएटर और प्रज़ेंटर हैं. वो डेन्ज़ेल वाशिंगटन, पॉल मेस्कल, टॉम हिडलस्टन और ज़ेंडेया जैसी हस्तियों का इंटरव्यू लेती रहती हैं, और इस दौरान वह फिल्मों को अपने तरीक़े से ट्रिब्यूट देती हैं. वो हमेशा सिर से पैर तक ढंकने वाली पोशाक पहने रहती हैं.

वह रेड कार्पेट पर मौजूद कई डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स में से एक हैं, जिनमें चिकन शॉप डेट की अमेलिया डिमोल्डनबर्ग, रीस फेल्डमैन और सोशल मीडिया पर्सनैलिटी जेक शेन भी शामिल हैं.

यह हमेशा आसान नहीं होता. कभी-कभी ज़ैनब को प्रीमियर के निमंत्रण एक रात पहले ही मिलते हैं, जिसका मतलब है कि कार्यक्रम में जाने से पहले अपने पहनावे को ठीक करने के लिए अफरा-तफरी मच जाती है. और प्रीमियर की जगह पर पहुंचने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट से यात्रा करना भी उनके लिए एक अलग चुनौती होती है. वो कहती हैं, “मैं कई बार हास्यास्पद दिखती हूँ.”

वह कई डिजाइनरों और ब्रांडों के साथ काम करती हैं, लेकिन उनका कहना है कि वह कपड़ों और पोशाकों को रीयूज़ करके लागत को कंट्रोल रखती हैं.

वो अक्सर ऐसे पोशाक पहनती हैं जो अलग हों, जिससे उन्हें सितारों के साथ सहजता से घुलने-मिलने में मदद मिलती है. हाउस ऑफ द ड्रैगन के दूसरे सीज़न के लिए, उन्होंने एक छात्र डिजाइनर का डिज़ाइन किया गया लाल गाउन पहना था, जिसमें हिजाब पहने हुए तीन चेहरे बने थे.

“मैं थोड़ी अति उत्साही हूं, लेकिन मुझे अपने हर काम में संस्कृति का समावेश करना पसंद है,” वह कहती हैं.

स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे के लिए, उन्होंने मकड़ी के जाले वाली मेहंदी से अपना लुक खास बनाया. ग्लैडिएटर 2 के लिए, उन्होंने सोने का कवच पहना.

ज़ैनब जीवा 13 नवंबर, 2024 को लंदन, इंग्लैंड के लीसेस्टर स्क्वायर में आयोजित

इमेज स्रोत, Simon Ackerman/FilmMagic

वह स्वीकार करती हैं कि उन्हें इस बात की चिंता रही है कि ‘शालीन कपड़े पहनने से इस उद्योग में सफल होने में उन्हें कठिनाई होगी लेकिन उन्हें इसमें लुत्फ़ भी मिलता है.’

वो कहती हैं, “मुझे इस बात को लेकर काफी मज़ा आता है कि मैं अपने बाल या बांहें ढक कर रखती हूँ. मैं इसे हलाल लुक कहूँगी.”

“मुझे वह हिस्सा सबसे ज्यादा पसंद है क्योंकि इससे पता चलता है कि यहां वास्तव में कोई प्रतिबंध नहीं है.”

लेकिन जहां ज़ैनब अपना अधिकांश समय हॉलीवुड की हस्तियों के साथ मेलजोल में बिताती हैं, वहीं उत्तर-पश्चिम लंदन के हैरो में उनका घरेलू जीवन बिल्कुल अलग है.

वो कहती हैं, “मेरा घर तो पूरी तरह अस्त-व्यस्त है. सामान रखने की जगह बहुत कम है, और कपड़े अक्सर कहीं भी ठूंस देती हूं.”

उसके पास एक बिल्ली है, भाई-बहन हैं जो अक्सर मिलने आते रहते हैं, और माता-पिता हैं जिनकी मदद से वह अक्सर कपड़ों से जुड़ी आपात स्थितियों से निपट सकती हैं.

ज़ैनब का कहना है कि उनके माता-पिता हमेशा उन्हें सपोर्ट करते हैं.

ज़ैनब जीवा ने 20th सेंचुरी स्टूडियोज़ की फिल्म 'द डेविल वियर्स प्राडा 2' के यूरोपीय प्रीमियर, ईई बाफ्टा फिल्म अवार्ड्स के नॉमिनीज़ पार्टी, ब्रिजर्टन सीज़न 3 और सोनिक द हेजहोग 3 में शिरकत की.

इमेज स्रोत, Walt Disney Ltd/BAFTA/Paramount Pictures/WireImage via Getty Images

ज़ैनब के टिकटॉक पर 660,000 और इंस्टाग्राम पर लगभग 400,000 फॉलोअर्स हैं.

वह इस क्षेत्र में एक प्रमुख कंटेंट क्रिएटर बन रही हैं. लेकिन उन्हें आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ता है. आलोचक कहते हैं कि उनके ड्रेस शालीन नहीं होते.

वो कहती हैं, “इस फ़ील्ड में हमेशा नफ़रत झेलने के लिए तैयार रहना पड़ता है.”

लेकिन वह आगे कहती हैं: “हर नकारात्मक टिप्पणी के लिए, बहुत सारी सकारात्मक टिप्पणियां भी हैं. अगर लोग मुझसे प्रेरित हो रहे हैं तो मुझे बाकी चीजों की परवाह नहीं है.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS