Home National news hindi रणछोड़ लाइन, राम स्वामी, तुलसी दास… कराची की सड़कों से कैसे ग़ायब...

रणछोड़ लाइन, राम स्वामी, तुलसी दास… कराची की सड़कों से कैसे ग़ायब हुए हिंदू नाम?

7
0

Source :- BBC INDIA

कराची की ये जगह कभी पटेल पार्क के नाम से जानी जाती थी, अब इसे निश्तर पार्क कहा जाता है

होश संभालने के बाद मैंने कराची को हमेशा ज़िंदगी से भरे शहर के रूप में देखा. उसके शोर में भी एक व्यवस्था हुआ करती थी और सुकून का एहसास था.

अलग-अलग समुदायों, धार्मिक मान्यताओं और धर्मों से जुड़े होने के बावजूद लोगों में इंसानियत और एक-दूसरे के दुख-दर्द को समझने की भावना मिसाल हुआ करती थी.

अफ़सोस, आज अपनी ज़िंदगी के 65वें साल में जब मैं इस शहर को देखता हूं, तो हर तरफ़ अफ़रा-तफ़री और मायूसी दिखाई देती है. लोगों में सहनशीलता कम हो गई है.

इसे संयोग कहिए कि मेरा बचपन और लड़कपन कराची के दो पुराने इलाक़ों, रणछोड़ लाइन और राम स्वामी में गुज़रा. आज भी इन इलाक़ों को इन्हीं नामों से पहचाना जाता है.

यही नहीं, शहर की कई दूसरी सड़कें, गलियां और इलाक़े भी पुरानी पीढ़ी के लोगों की यादों में अपने पुराने नामों से ज़िंदा हैं. पाकिस्तान बनने से पहले इनमें से कई जगहों के नाम हिंदुओं के नाम पर रखे गए थे.

हालांकि, पाकिस्तान बनने के बाद कई सड़कों और जगहों के हिंदू नाम आधिकारिक रूप से बदलकर मुस्लिम नाम रख दिए गए.

हिंदू सेठ रणछोड़ दास के नाम पर जगह बनी रणछोड़ लाइन

कराची के ऐतिहासिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक और सामाजिक इतिहास पर इक़बाल ए रहमान मांडविया, गुल हसन कलमती, उस्मान दमोहवी और अख़्तर बलोच ने कमाल का शोध किया है.

इक़बाल ए रहमान मांडविया ने कराची की पुरानी सड़कों और इलाक़ों के इतिहास के साथ वहां के लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी को भी इतनी ख़ूबसूरती से लिखा है कि उन्हें पढ़ते हुए लगता है, जैसे हम उसी दौर में घूम रहे हों.

इस लेख को तैयार करते हुए आख़िरकार मुझे रणछोड़ लाइन और राम स्वामी जाने का मौक़ा मिला. इन्हीं इलाक़ों में मेरा बचपन और लड़कपन गुज़रा था. वहां पहुंचते ही मैं अपनी पुरानी यादों में खो गया.

इक़बाल ए रहमान मांडविया के मुताबिक़, “यह इलाक़ा रणछोड़ दास नाम के एक कच्छी हिंदू सेठ के नाम से मशहूर है. उन्होंने इलाक़े में दो जगहों पर एक-एक कमरे वाले घर बनवाए थे. ये घर उनके नाम से मशहूर हुए और फिर यह इलाक़ा रणछोड़ लाइन कहलाने लगा.”

समय गुज़रने के बाद भी इन दोनों इलाक़ों की रौनक कम नहीं हुई है. बाज़ारों में आज भी वैसी ही चहल-पहल है.

लेकिन सरकारी संस्थाओं की अनदेखी के कारण यहां की सड़कें और गलियां टूट चुकी हैं. साफ़-सफ़ाई की भी कमी दिखाई देती है.

इस इलाक़े में पहले भी अलग-अलग समुदायों और धर्मों के लोग रहते थे और आज भी रहते हैं.

ज़िंदगी से भरी रणछोड़ लाइन अपने आसपास की उन बस्तियों के कारण भी मशहूर है, जिनके नाम हिंदुओं के नाम पर रखे गए थे. इनमें आजा माऊजी स्ट्रीट, हीरा लाल स्ट्रीट, नारायणपुरा और हरदास स्ट्रीट शामिल हैं.

इस इलाक़े में कुछ ऐसी जगहें भी हैं, जो अब मौजूद नहीं हैं. इसके बावजूद लोग उन्हें आज भी उसी तरह याद करते हैं, जैसे वे पहले थीं. इनमें अल फ़ारूक़ होटल और लखपति होटल शामिल हैं.

हालांकि, 1899 में बना पूना भाई टावर आज भी इस इलाक़े की पहचान के रूप में मौजूद है.

1899 में बना पूना भाई टावर आज भी पाकिस्तान में मौजूद है.

इक़बाल ए रहमान मांडविया के मुताबिक़, “पूना भाई कौन थे, इस बारे में पक्के तौर पर कुछ पता नहीं है. लेकिन उनके नाती विनोद मूलजी रणछोड़ लाइन में रहते थे. बंटवारे के समय वह भारत चले गए थे.”

अख़्तर बलोच ने अपनी किताब कराची वाला में लिखा है, “राजस्थान से आए सलावट समुदाय के लोग बड़ी संख्या में रणछोड़ लाइन में रहते हैं. इस समुदाय के लोग भारत के बंटवारे से पहले भी यहां रहते थे.”

“ये लोग इमारतें बनाने के काम के लिए मशहूर हैं. बाबा मीर मोहम्मद बलोच और हाशिम गज़दर ने इस समुदाय को एक अहम पहचान दी. रणछोड़ लाइन का दिल वह सड़क है, जो पूना भाई टावर से शुरू होकर होती मार्केट पर ख़त्म होती है.”

होती मार्केट 1926 में बनाई गई थी. इसका नाम मुस्लिम मारवाड़ी सलावट जमात से जुड़े हसन अली होती के नाम पर रखा गया था. वह कराची नगरपालिका के सदस्य थे.

होती मार्केट को बने सौ साल पूरे हो चुके हैं. अब इसे एक अहम विरासत के रूप में सुरक्षित कर लिया गया है.

अख़्तर बलोच के मुताबिक़, “सरकार ने रणछोड़ लाइन का नाम बदलकर गज़दर आबाद कर दिया था, लेकिन यह बदलाव केवल सरकारी काग़ज़ों तक सीमित रहा.”

“आम लोग आज भी इस इलाक़े को इसके पुराने नाम से ही जानते हैं. हालांकि, जिस व्यक्ति के नाम पर इसे गज़दर आबाद कहा गया, वह हाशिम गज़दर थे. वह इंजीनियर थे और उस दौर की राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे. उन्होंने इस इलाक़े में जनहित के कई काम भी किए थे.”

राम स्वामी भी कराची के पुराने इलाक़ों में से एक है.

इसके बारे में इक़बाल ए रहमान मांडविया कहते हैं, “स्वामीनारायण संप्रदाय के हिंदू यहां आकर बसे थे. इसी कारण यह इलाक़ा आज भी अपने पुराने नाम राम स्वामी से पहचाना जाता है.”

“इस इलाक़े का अहम केंद्र तुलसी दास स्ट्रीट थी. इसका नाम गोस्वामी तुलसीदास के नाम पर रखा गया था.”

तुलसी दास स्ट्रीट में रहने वाले लोगों ने वहां बड़ी संख्या में पेड़ लगाए थे. इसलिए यह गली ‘झाड़ वाली गली’ के नाम से भी मशहूर थी. अब यह गली टूट चुकी है.

यहूदी प्रार्थना स्थल

कराची के राम स्वामी में स्थित मैगन शालोम सिनेगॉग इमारत जो एक यहूदी प्रार्थना स्थल था.

राम स्वामी में एक इमारत ऐसी थी, जिसे लेकर बचपन में मेरे मन में हमेशा उत्सुकता रहती थी. यह मैगन शालोम सिनेगॉग था.

यह एक यहूदी प्रार्थना स्थल था और मेरे घर के बहुत पास था. सभी लोग इसे बनी इसराइल मस्जिद के नाम से जानते थे. इसे 1893 में बनाया गया था.

यह इलाक़े की सबसे मशहूर इमारत थी, लेकिन इसे लेकर एक तरह का रहस्य भी बना रहता था.

लकड़ी का दरवाज़ा खुलता और मैं लोगों को अंदर आते-जाते देखता रहता था.

फिर एक समय ऐसा आया, जब कराची में रहने वाले यहूदी परिवार शहर छोड़कर इसराइल जाने लगे. इसके बाद 1988 में इस प्रार्थना स्थल को गिरा दिया गया और उसकी जगह एक इमारत बना दी गई. वह ज़िया-उल-हक़ का दौर था.

यहूदी कारोबारी इमैनुएल मतात की कराची से गहरी यादें जुड़ी हैं, क्योंकि उनका जन्म इसी शहर में हुआ था.

उन्होंने शहर के मशहूर बीवीएस स्कूल में पढ़ाई की थी. उन्होंने कराची के नेशनल स्टेडियम में ज़हीर अब्बास की शतकीय पारी और इमरान ख़ान का आठ विकेट लेने वाला शानदार प्रदर्शन भी देखा था.

अब वह इसराइल में रहते हैं.

इमैनुएल मतात ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी से कहा, “कराची के इसी सिनेगॉग में मेरी मां ने 1953 में महिलाओं के कपड़ों के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था और पहला पुरस्कार जीता था.”

“संयोग देखिए कि मेरे माता-पिता की शादी भी इसी सिनेगॉग में हुई थी.”

इमैनुएल मतात ने बीबीसी हिंदी से कहा,

पाकिस्तान के पूर्व टेस्ट स्पिनर इक़बाल क़ासिम का बचपन भी राम स्वामी में गुज़रा है.

इक़बाल क़ासिम ने बीबीसी हिंदी से कहा, “मैं ओल्ड सिटी एरिया में सिटी कोर्ट के पास मौजूद तैयब अली स्कूल में पढ़ता था.”

“मेरा रोज़ का नियम था कि मैं राम स्वामी में लॉरेंस रोड से, जिसका नाम बाद में निश्तर रोड हो गया, ट्राम में बैठकर स्कूल जाता था.”

इक़बाल क़ासिम को बचपन के वे दिन आज भी अच्छी तरह याद हैं, जब वह राम स्वामी की इन्हीं गलियों में टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलते थे.

उनके साथ क्रिकेट खेलने वालों में आइज़क सोलोमन भी शामिल थे. वह अकेले यहूदी क्रिकेटर हैं, जिन्होंने कराची में प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेला था. अब वह अमेरिका में रहते हैं.

अख़्तर बलोच ने अपने एक शोध लेख में कराची के यहूदी क़ब्रिस्तान का विस्तार से ज़िक्र किया है. बाद में यह लेख उनकी किताब का हिस्सा भी बना.

यह क़ब्रिस्तान कराची के पुराने मेवा शाह क़ब्रिस्तान के एक हिस्से में मौजूद है. इसमें क़रीब पांच सौ क़ब्रें हैं.

इसकी देखभाल करने वाला बलोच परिवार किसी आम व्यक्ति को इसके अंदर नहीं जाने देता.

गांधी गार्डन कहां गया?

कराची का गांधी गार्डन जिसका नाम महात्मा गांधी के वहां जाने के बाद रखा गया था, अब ये कराची ज़ू के नाम से जाना जाता है

रणछोड़ लाइन और राम स्वामी में क़रीब 15 साल रहने के बाद मैं पास के इलाक़े शू मार्केट में रहने चला गया.

इसके बाद एक नाम 31 साल तक मेरे साथ जुड़ा रहा. वह नाम था हीरानंद खेम सिंह रोड.

यही मेरे घर का डाक पता था. अक्सर इसी पते पर कोई न कोई चिट्ठी या पार्सल आता था.

वह भी क्या ज़माना था, जब डाकिया दरवाज़े पर दस्तक देता था. उसके हाथ से चिट्ठी या पार्सल लेते हुए एक अलग तरह की ख़ुशी महसूस होती थी.

हीरानंद खेम सिंह कौन थे, इस बारे में पक्के तौर पर कुछ पता नहीं है.

मेरे घर के पास मौजूद जिस जगह ने लोगों का सबसे अधिक ध्यान खींचा, वह गांधी गार्डन था.

गांधी गार्डन असल में एक प्रतीक और शहर की पहचान था. यह एक ऐसा नाम था, जो शहर के हर नागरिक के मन में बसा हुआ था.

पहले इसका नाम विक्टोरिया गार्डन था. लेकिन 1934 में जब महात्मा गांधी कराची आए, तो उनके सम्मान में यहां एक स्वागत समारोह किया गया.

इसके बाद इसका नाम आधिकारिक रूप से गांधी गार्डन रख दिया गया. यह इसी नाम से मशहूर हुआ और पुरानी पीढ़ी के लोग आज भी इसे गांधी गार्डन ही कहते हैं.

लेकिन नई पीढ़ी इसे कराची ज़ू के नाम से जानती है. बच्चे कहते हैं कि वे चिड़ियाघर घूमने जा रहे हैं.

जनवरी 1953 में इसका नाम बदलकर कराची जूलॉजिकल गार्डन कर दिया गया था.

लेकिन लंबे समय तक हर व्यक्ति की ज़ुबान पर गांधी गार्डन का नाम ही रहा. जब बस स्टॉप आता, तो बस कंडक्टर की आवाज़ गूंजती, “गांधी गार्डन के मुसाफ़िर आ जाएं.”

शहर के एक व्यस्त इलाक़े में मौजूद मशहूर पाकिस्तान चौक का नाम भी कभी गांधी चौक था.

महात्मा गांधी जब कराची आए थे, तब हिंदू समुदाय ने इस चौक का नाम उनके नाम पर रखा था.

पटेल पार्क कैसे निश्तर पार्क बना?

पटेल पार्क या निश्तर पार्क की पहचान क्लब क्रिकेट के एक अहम केंद्र के रूप में भी रही है. यहां क्रिकेट की शुरुआत अंग्रेज़ों के शासन के दौरान ही हो गई थी.

गांधी गार्डन से आगे बढ़कर सोल्जर बाज़ार के इलाक़े में जाएं, तो वहां मौजूद एक पार्क या मैदान हर किसी का ध्यान खींचता है.

कभी इसे पटेल पार्क कहा जाता था. समय के साथ इसका नाम भी बदल गया और यह निश्तर पार्क बन गया.

यह बात बिल्कुल सही नहीं है कि पटेल पार्क का नाम भारत के पूर्व उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर रखा गया था.

असल में इसका नाम उनके भाई विट्ठलभाई पटेल के नाम पर था.

बाद में इसका नाम सरदार अब्दुर रब निश्तर के नाम पर रख दिया गया.

लेकिन लंबे समय तक लोग इसे निश्तर पार्क के बजाय पटेल पार्क ही कहते रहे. काफ़ी समय बाद इसे निश्तर पार्क कहा जाने लगा.

पटेल पार्क या निश्तर पार्क की पहचान क्लब क्रिकेट के एक अहम केंद्र के रूप में भी रही है. यहां क्रिकेट की शुरुआत अंग्रेज़ों के शासन के दौरान ही हो गई थी.

इस मैदान पर कई ऐसे खिलाड़ी नियमित रूप से क्लब मैच खेलते रहे, जो बाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बने.

निश्तर पार्क राजनीतिक और धार्मिक दलों की सभाओं का भी अहम केंद्र है.

ईद मिलादुन्नबी के धार्मिक आयोजन और मुहर्रम की मजलिसें आज भी यहां होती हैं. यहां ईद की नमाज़ भी पढ़ी जाती है.

यह वही निश्तर पार्क है, जहां अप्रैल 2006 में ईद मिलादुन्नबी के एक कार्यक्रम के दौरान हुए बम धमाके में काफ़ी लोगों की मौत हुई थी.

1970 में शेख़ मुजीबुर रहमान और 1971 में ज़ुल्फ़िकार अली भुट्टो ने इसी निश्तर पार्क में सभाएं करके अपनी लोकप्रिय ताक़त दिखाई थी.

इसी निश्तर पार्क के पास मशहूर सिंधी राजनेता जीएम सैयद का घर हैदर मंज़िल मौजूद है. उनके जीवनकाल में यह घर राजनीतिक गतिविधियों का अहम केंद्र था.

पाकिस्तान बनने के बाद सड़कों और जगहों के हिंदू नाम बदलने का जो सिलसिला शुरू हुआ था, उसमें 1965 की जंग के बाद तेज़ी आ गई.

इसी जंग के बाद पटेल पार्क का नाम बदलकर निश्तर पार्क रखा गया था.

होती मार्केट 1926 में बनाई गई थी. इसका नाम मुस्लिम मारवाड़ी सलावट जमात से जुड़े हसन अली होती के नाम पर रखा गया था. वह कराची नगरपालिका के सदस्य थे.

इक़बाल ए रहमान मांडविया अपनी किताब में लिखते हैं, “1958 में सरदार अब्दुर रब निश्तर की अंतिम नमाज़ इसी पार्क में मौलाना एहतिशाम-उल-हक़ थानवी ने पढ़ाई थी.”

“इसके बाद 1980 में मौलाना एहतिशाम-उल-हक़ थानवी की अंतिम नमाज़ उनके बेटे मौलाना एहतराम-उल-हक़ थाई ने पढ़ाई थी.”

“बहुत कम लोगों को यह मालूम होगा कि पाकिस्तान के महान क्रिकेटर हनीफ़ मोहम्मद की शादी का रिसेप्शन भी इसी पार्क में हुआ था.”

शहर में हिंदू नामों वाली ज़्यादातर सड़कें पुराने इलाक़ों में थीं.

जिन सड़कों और इलाक़ों के नाम बदले गए, उन सभी का ज़िक्र केवल एक लेख में करना मुमकिन नहीं है.

शहर की कुछ मशहूर सड़कों के हिंदू नाम बदलकर मुस्लिम नाम रखे गए.

न्यूनहम रोड का नाम फ़ख़्र मातरी रोड रखा गया. फ़ख़्र मातरी कराची से निकलने वाले उर्दू अख़बार हुर्रियत और गुजराती अख़बार मिल्लत के संस्थापक थे.

हरचंद राय विशन दास रोड का नाम बदलकर सिद्दीक़ वहाब रोड कर दिया गया.

इसी तरह आत्माराम प्रीतम दास रोड बाद में अल्ताफ़ हुसैन हाली रोड बनी और अब इसका नाम शाह अब्दुल लतीफ़ भिटाई रोड है.

रेडियो पाकिस्तान के कराची स्टेशन की इमारत के पीछे रतन तालाब का इलाक़ा है, जो रतन तलाव के नाम से मशहूर है. यहां एक मंदिर भी मौजूद है.

कभी इस इलाक़े की पहचान मराठा समुदाय के कारण थी. इस समुदाय के नेता रतन जी थे और उन्हीं के नाम पर यह जगह मशहूर हुई.

यहां एक तालाब हुआ करता था, जो पाकिस्तान बनने के बाद बीते समय का हिस्सा बन गया.

बबीता, साधना, मैक मोहन और रमेश सिप्पी की जन्मभूमि

शाह वलीउल्लाह जुनैदी के मुताबिक़, निर्देशक रमेश सिप्पी का जन्म कराची के सदर इलाक़े में हुआ था.

कराची के अतीत और उससे जुड़ी हस्तियों पर शोध लेख लिखने वाले शाह वलीउल्लाह जुनैदी के मुताबिक़, कपूर परिवार की बहू और करीना तथा करिश्मा कपूर की मां बबीता का जन्म 20 अप्रैल 1947 को रतन तलाव इलाक़े में हुआ था.

उस समय उनका पूरा नाम बबीता शिवदासानी था.

वह केवल कुछ महीने ही कराची में रहीं. 14 अगस्त 1947 को पाकिस्तान बनने के बाद वह अपने परिवार के साथ मुंबई चली गईं.

शाह वलीउल्लाह जुनैदी के मुताबिक़, निर्देशक रमेश सिप्पी का जन्म कराची के सदर इलाक़े में हुआ था.

फ़िल्म शोले के सांभा के किरदार से मशहूर हुए मैक मोहन का जन्म होती मार्केट के पास जुबली सिनेमा वाले इलाक़े में हुआ था.

पाकिस्तान बनने के बाद कराची में बनाया गया यह पहला सिनेमा था.

इक़बाल मांडविया के मुताबिक़, “राम स्वामी की तुलसी दास स्ट्रीट के पास मौजूद एक दूसरी गली में भारत की मशहूर अभिनेत्री साधना का जन्म सितंबर 1941 में एक सिंधी हिंदू परिवार में हुआ था.”

“उस समय उनका नाम साधना शिवदासानी था. पाकिस्तान बनने के बाद वह भी अपने परिवार के साथ कराची छोड़कर भारत चली गई थीं.”

अंग्रेज़ी नाम भी सड़कों से गायब हुए

पाकिस्तान बनने के बाद केवल हिंदू नामों वाली सड़कों और इलाक़ों के नाम नहीं बदले गए. अंग्रेज़ी नाम भी बदल दिए गए.

इनकी सूची भी लंबी और काफ़ी दिलचस्प है.

अंग्रेज़ों के शासन के दौरान सिंध के एक गवर्नर जोनाथन डंकन इनवेरैरिटी के नाम पर इनवेरैरिटी रोड थी. मैंने ख़ुद काफ़ी समय तक इस सड़क पर उसके पुराने नाम का बोर्ड देखा है.

कराची प्रेस क्लब इसी सड़क पर है. किसी दौर में यहां ग्योथे इंस्टीट्यूट भी हुआ करता था.

बाद में इस सड़क का नाम सरवर शहीद के नाम पर रख दिया गया. वह पाकिस्तान का सबसे बड़ा सैन्य सम्मान निशान-ए-हैदर पाने वाले पहले सैनिक थे.

लॉरेंस रोड शहर के ओल्ड सिटी एरिया की सबसे लंबी सड़क है. इसका नाम भारत के वायसराय सर जॉन लॉरेंस के नाम पर रखा गया था. बाद में इसका नाम बदलकर निश्तर रोड कर दिया गया.

कई बैंकों के मुख्यालयों, अख़बारों और टीवी चैनलों वाला व्यस्त मैक्लियॉड रोड अब पाकिस्तान के छठे प्रधानमंत्री इब्राहिम इस्माइल चुंदरीगर के नाम पर आईआई चुंदरीगर रोड कहलाता है.

क्वींस रोड अब मौलवी तमीज़ुद्दीन ख़ान रोड बन चुका है. मौलवी तमीज़ुद्दीन ख़ान पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के स्पीकर थे.

समरसेट स्ट्रीट अब राजा ग़ज़नफ़र अली ख़ान रोड कहलाती है.

सोलोमन डेविड रोड का नाम बदलकर सुलेमान दाऊद रोड कर दिया गया.

सिंध हाई कोर्ट के पिछले हिस्से से शुरू होकर सेंट पैट्रिक चर्च पर ख़त्म होने वाली क्लार्क स्ट्रीट का नाम अब शाहराह-ए-इराक़ है.

इसी तरह एल्फिंस्टन स्ट्रीट अब ज़ेबुन्निसा स्ट्रीट कहलाती है.

कराची पर जेम्स स्ट्रेचन का एहसान

कराची के जिस व्यस्त इलाक़े में कराची आर्ट्स काउंसिल और हिंदू जिमख़ाना मौजूद हैं, वहां के चौक से पाकिस्तान चौक तक जाने वाली सड़क कभी स्ट्रेचन रोड कहलाती थी.

बाद में इसका नाम बदलकर मौलाना दीन मोहम्मद वफ़ाई रोड कर दिया गया.

शोधकर्ता उस्मान दमोहवी ने अपनी किताब कराची तारीख़ के आईने में लिखा है, “कराची शहर की योजना बनाने में जेम्स स्ट्रेचन की अहम भूमिका थी. वह इंजीनियर थे और 1873 में कराची नगरपालिका के मुख्य इंजीनियर और सचिव बनाए गए थे.”

“कराची में बिजली, टेलीफ़ोन, सड़कों पर रोशनी और घरों तक पानी पहुंचाने की योजनाएं उन्हीं की वजह से संभव हुई थीं.”

“उन्होंने कराची में ट्राम कंपनी बनाकर ट्राम सेवा शुरू कराई. इसके अलावा कराची बंदरगाह के पास मौजूद केमारी इलाक़े में एक अस्पताल भी बनवाया.”

दूसरी ओर, मौलाना दीन मोहम्मद वफ़ाई एक धार्मिक विद्वान थे. उन्होंने कई किताबें लिखीं.

वह अल वहीद अख़बार के संपादक भी थे और एक बहादुर पत्रकार के रूप में मशहूर थे.

इंगल रोड अब एमआर कयानी रोड बन चुकी है. एमआर कयानी पश्चिमी पाकिस्तान हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश थे.

सर चार्ल्स नेपियर के नाम वाली नेपियर रोड अब शाहराह अल्ताफ़ हुसैन कहलाती है.

विक्टोरिया रोड अब अब्दुल्ला हारून रोड है.

हैवलॉक रोड को अब ऐवान-ए-सदर रोड कहा जाता है.

कराची की कई यादगार इमारतों के वास्तुकार मोसेस सोमेक के नाम पर बनी मोसेस स्ट्रीट का नाम बदलकर मूसा जी स्ट्रीट कर दिया गया.

कराची की सबसे लंबी सड़क को केमारी बंदरगाह तक जाने के कारण बंदर रोड कहा जाता था.

अब पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना के नाम पर इसका नाम एमए जिन्ना रोड है. लेकिन लोग आज भी इसे इसके पुराने नाम से ही पुकारते हैं.

जी हां, यह वही बंदर रोड है, जिसे लोग आज भी अहमद रुश्दी के गाने के कारण याद करते हैं:

“बंदर रोड से केमारी, चली रे मेरी घोड़ा गाड़ी, बाबू हो जाना फ़ुटपाथ पर.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS