Source :- LIVE HINDUSTAN
DMart के प्रमोटर राधाकिशन दमानी से जुड़ी कंपनी ने मुंबई के वर्ली स्थित 360 West प्रोजेक्ट में अपना 6,800 वर्ग फुट का लग्जरी अपार्टमेंट संजय घोड़ावत ग्रुप को किराए पर दिया है, जिससे ₹27 लाख प्रति माह का किराया आएगा। यह 5 साल में करीब ₹18 करोड़ तक पहुंच सकता है।
भारत के दिग्गज निवेशकों में गिने जाने वाले और डीमार्ट (DMart) के प्रमोटर राधाकिशन दमानी एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह शेयर बाजार नहीं, बल्कि मुंबई के लग्जरी रियल एस्टेट सेक्टर में हुई एक बड़ी डील है। दमानी से जुड़ी कंपनी ने मुंबई के वर्ली इलाके में स्थित एक शानदार लग्जरी अपार्टमेंट को संजय घोड़ावत ग्रुप (Sanjay Ghodawat Group) को करीब 27 लाख रुपये प्रति माह के किराये पर लीज पर दिया है। यह डील मुंबई के हाई-एंड प्रॉपर्टी बाजार में चर्चा का विषय बन गई है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
प्रॉपर्टी डॉक्यूमेंट्स के अनुसार, यह अपार्टमेंट मुंबई के प्रतिष्ठित 360 West प्रोजेक्ट में स्थित है, जिसे देश के सबसे प्रीमियम आवासीय प्रोजेक्ट्स में गिना जाता है। लगभग 6,800 वर्ग फुट क्षेत्रफल वाले इस आलीशान फ्लैट को 5 साल की अवधि के लिए लीज पर दिया गया है। समझौते के तहत हर साल किराये में 5% की बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा किराएदार की ओर से 1.65 करोड़ रुपये की सिक्योरिटी डिपॉजिट भी जमा कराई गई है। लीज समझौते में 4 कार पार्किंग स्पेस भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह फ्लैट दमानी की कंपनी डेराइव ट्रेडिंग एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (Derive Trading and Resorts Private Limited) के स्वामित्व में है, जबकि इसे संजय घोड़ावत ग्रुप की यूनिट One SGG वेंचर LLP ने किराए पर लिया है। 27 मई 2026 को इस लीज का आधिकारिक पंजीकरण कराया गया। वार्षिक किराये वृद्धि को जोड़कर देखा जाए, तो 5 सालों की पूरी अवधि में कुल किराया भुगतान करीब 18 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
यह वही 360 वेस्ट प्रोजेक्ट है, जहां राधाकिशन दमानी और उनके सहयोगियों ने साल 2023 में एक साथ 23 फ्लैट खरीदे थे। उस समय यह डील भी काफी चर्चा में रहा था। बताया जाता है कि इन फ्लैट्स को रियल एस्टेट कारोबारी सुधाकर शेट्टी से खरीदा गया था। इस बड़े डील से शेट्टी को अपने बकाया कर्ज चुकाने में मदद मिली थी।
राधाकिशन दमानी का नाम केवल शेयर बाजार तक सीमित नहीं है। पिछले कुछ सालों में उन्होंने मुंबई के प्रीमियम रियल एस्टेट बाजार में भी कई बड़े निवेश किए हैं। साल 2021 में उन्होंने अपने भाई गोपीकिशन दमानी के साथ मालाबार हिल स्थित ‘मधु कुंज’ नाम की प्रतिष्ठित संपत्ति लगभग 1,001 करोड़ रुपये में खरीदी थी। यह उस समय देश की सबसे चर्चित प्रॉपर्टी डील्स में से एक थी।
दूसरी ओर संजय घोड़ावत ग्रुप भी भारत का एक जाना-माना कारोबारी ग्रुप है। टेक्सटाइल, शिक्षा और उपभोक्ता उत्पादों के अलावा यह ग्रुप अपनी क्षेत्रीय एयरलाइन स्टार एयर (Star Air) के कारण भी तेजी से लोकप्रिय हुआ है। स्टार एयर (Star Air) को देश की सबसे तेजी से बढ़ती क्षेत्रीय एयरलाइंस में गिना जाता है। ऐसे में मुंबई के सबसे प्रीमियम इलाकों में से एक वर्ली में इस समूह का यह बड़ा किराये का सौदा उसके बढ़ते कारोबार और ब्रांड विस्तार का संकेत माना जा रहा है।
रियल एस्टेट विशेषज्ञों का मानना है कि मुंबई के लग्जरी हाउसिंग बाजार में अब खरीदारी के साथ-साथ हाई-वैल्यू रेंटल डील्स भी तेजी से बढ़ रही हैं। ₹27 लाख महीने का किराया इस बात का संकेत है कि कॉरपोरेट समूह और हाई-नेटवर्थ इंडिविजुअल्स प्रीमियम लोकेशन पर बड़े खर्च करने के लिए तैयार हैं। यह सौदा न केवल मुंबई के लग्जरी रियल एस्टेट बाजार की मजबूती दिखाता है, बल्कि यह भी बताता है कि देश के बड़े कारोबारी समूह अब प्रतिष्ठित आवासीय संपत्तियों को किराए पर लेने में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







