Source :- LIVE HINDUSTAN
बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार और भगवान राम के अपमान के बाद ढाका में बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। सरकार पर भड़के हिंदू छात्रों ने आंदोलन शुरू कर दिया है और सरकार को चुनौती दे डाली है।
बांग्लादेश में भगवान राम के विग्रह पर जूता रखे जाने और 81 फीट ऊंची मूर्ति बनाने पर कट्टरपंथियों के उपद्रव के बाद हिंदू छात्र सड़कों पर उतर रहे हैं। शुक्रवार को हिंदू छात्र ढाका की सड़कों पर बड़ा प्रदर्शन करने जा रहे हैं। मंगलवार को ढाका विश्वविद्यालय में प्रदर्शन के दौरान ही छात्रों ने बांग्लादेश की सरकार को 72 घंटे का अल्टिमेटम देते हुए कट्टरपंथी आरोपियों पर ऐक्शन की मांग की थी। हालांकि इस मामले में किसी को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। इसी वजह से भड़के छात्रों ने ढाका के शाहबाग में बड़े प्रदर्शन का आह्वान किया है।
…तो बांग्लादेश से खत्म हो जाएंगे हिंदू
बांग्लादेश स्टूडेंट यूनिटी काउंसिल के संयोजक नॉवेल्टी रॉय उदय ने कहा, हमारे पूजनीय भगवान राम का अपमान किया गया है और यह हमारे लिए बहुत ही दुख की बात है। इस अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। बांग्लादेश में जो कुछ हो रहा है, अगर 10 साल और चलता रहा तो यहां से हिंदू समुदाय खत्म ही हो जाएगा। बता दें कि बीते दिनों गाइबंधा जिले के पलाशबाड़ी में 81 फीट ऊंची भगवान श्रीराम की मूर्ति बनाई जा रही थी। कट्टरपंथियों ने उपद्रव करके इस निर्माण को रुकवा दिया। माइनॉरिटी राइट्स मूवमेंट की प्रवक्ता सुष्मिता कर ने कहा, जहां भगवान राम की मूर्ति का निर्माण हो रहा था वहां उपद्रवियों की भीड़ ने खूब तमाशा कि और इसके बाद हिंदुओं के खिलाफ भड़काऊ भाषण दिए। हिंदू धर्म को गालियां दी गईं।
सरकार को दिया था 72 घंटे का अल्टिमेटम
उन्होंने कहा, इस मामले को लेकर हमने सरकार को 72 घंटे का अल्टिमेटम दिया था। लेकिन सरकार की ओर से कोई ऐक्शन नहीं लिया गया। ऐसे में शुक्रवार दोपहर से एक बड़ा विरोध प्रदर्शन होने जा रहा है। बता दें कि भगवान राम के विग्रह पर जूते रखने के बाद जगन्नाथ यूनिवर्सिटी से प्रदर्शन की शुरुआत हुई थी। इसके बाद यह आंदोलन दूसरे विश्वविद्यालय में भी फैलने लगा। एक छात्र नेता ने कहा, हमने विरोध प्रदर्शन जगन्नाथ यूनिवर्सिटी से शुरू किया था। अब यह एक बड़ा आंदोलन बन चुका है। यह आंदोलन केवल धार्मिक आंदोलन नहीं बल्कि हमारी पहचान, सम्मान और धार्मिक अस्तित्व से जुड़ा है।
जानकारी के मुताबिक प्रदर्शन से पहले हिंदू महाजोत संगठन ढाका में प्रेस क्लब के सामने मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन करेगा। बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद भी शनिवार को बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। वहीं शुक्रवार को ढाका में नेशनल हिंदू ग्रैंड अलायंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के साथ होने वाले अत्याचार, हत्या, रेप, गिरफ्तारी तोड़फोड़, मंदिरों में तोड़फोड़ और मंदिर निर्माण पर रोक समेत कई मुद्दों पर बातचीत होगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




