Home National news hindi राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: सबसे ज़्यादा सवाल किस पर हैं, आरएसएस,...

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: सबसे ज़्यादा सवाल किस पर हैं, आरएसएस, वीएचपी या मुख्यमंत्री योगी पर?

5
0

Source :- BBC INDIA

आरएसएस

इमेज स्रोत, @narendramodi

महिपाल सिंह राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में जनवरी 2021 से मई 2022 तक लेखा प्रभारी थे.

महिपाल सिंह ने पत्रकार अभिषेक उपाध्याय को दिए इंटरव्यू में बताया था कि उनकी ड्यूटी पुलिस चौकी के काउंटिंग सेंटर पर थी. यहाँ राम मंदिर के चढ़ावे में मिले कैश की गिनती होती थी.

महिपाल सिंह ने अभिषेक उपाध्याय से बातचीत में कहा था, ”रत्नेश चतुर्वेदी और गगनदीप नाम के दो बैंक अधिकारी आया करते थे. 14 लड़के नोटों को अलग-अलग करते थे और मैं उसका प्रभारी था. मेरे सामने ही काउंटिंग होती. लेकिन वे लड़के रोज़ ज़्यादा नोट पैक करके ले जाते थे और पर्चे पर कम भरते थे. मुझे शुरू में पता नहीं चल पाया था. लेकिन बाद में पता चल गया कि ये वाउचर पर नोटों की गड्डियों की संख्या कम भरते हैं और ले ज़्यादा जाते हैं.”

महिपाल सिंह ने कहा, ”एक दिन मुझे शक हुआ तो मैंने बॉक्स खुलवाया. ये पाँच लाख रुपए ज़्यादा ले जा रहे थे. इसकी जानकारी मैंने गोपाल राव और चंपत राय भाई जी को दे दी थी. ये बात दिसंबर 2021 की है. लेकिन मेरी शिकायत का असर ये हुआ कि अनिल मिश्रा (ट्रस्टी) जी ने मेरी जगह पर एक और व्यक्ति को लगा दिया. फिर मैंने वहाँ जाना बंद कर दिया.”

महिपाल सिंह ने कहा, ”चंपत राय के ड्राइवर रहे टिन्नू यादव ही वाउचर पर हस्ताक्षर करते थे और इसी में हेर-फेर किया जाता था. टिन्नू यादव पर चंपत राय को बहुत भरोसा था और वह किसी से उनकी शिकायत सुनना पसंद नहीं करते थे. सीसीटीवी के फुटेज भी डिलीट कर दिए गए थे. आठ महीने की सीसीटीवी फुटेज डिलीट किए गए थे. मैंने पूरी बात राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र के आजीवन ट्रस्टी दीनेंद्र दास जी को बताई थी तो उन्होंने कहा था कि इसकी सज़ा प्रभु राम जल्द ही देंगे. ”

चंपत राय

इमेज स्रोत, Getty Images

चंपत राय की भूमिका पर सवाल

अब तक इस मामले में आठ लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है. महिपाल सिंह जिस टिन्नू यादव का नाम ले रहे हैं, वो भी इन आठ लोगों में शामिल हैं. राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में चंपत राय समेत ज़्यादातर वे लोग हैं, जिनकी पृष्ठभूमि आरएसएस और विश्व हिन्दू परिषद (वीएचपी) की है.

चंपत राय आरएसएस के प्रचारक हैं और फिर विश्व हिन्दू परिषद में महासचिव भी रहे. 2018 में राय वीएचपी के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष बन गए थे. जब चढ़ावे में कथित चोरी का मामला उठा तब चंपत राय ही ट्रस्ट के महासचिव थे और ट्रस्ट में इनका काफ़ी दख़ल था. पूरा मामला सामने आने के बाद चंपत राय ने ट्रस्ट से इस्तीफ़ा दे दिया है.

अयोध्या

अनिल मिश्रा भी इस ट्रस्ट के सदस्य थे और गबन का मामला आने के बाद उन्होंने इस्तीफ़ा दे दिया है. मिश्रा उत्तर प्रदेश के अवध क्षेत्र में आरएसएस के प्रांत सह-कार्यवाह हैं. महिपाल सिंह का दावा है कि उन्होंने गबन की पूरी बात गोपाल राव को भी बताई थी, राव राम मंदिर दर्शन के प्रभारी हैं. गोपाल राव भी आरएसएस के पदाधिकारी और वीएचपी में सचिव रहे हैं.

पूरे मामले में आरएसएस और वीएचपी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है क्योंकि ये दोनों संगठन नैतिकता के ऊंचे मानदंड की बात करते हैं. विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार से मैंने पूछा कि दान में मिले रुपयों की गिनती आरएसएस और वीएचपी के पदाधिकारियों की मौजूदगी में होती थी, ऐसे में इस चोरी से दोनों संगठनों की छवि पर कैसा असर पड़ा है?

इसके जवाब में आलोक कुमार ने कहा, ”अयोध्या में मंदिर के चढ़ावे में चोरी दुर्भाग्यपूर्ण है. इससे हम सब बहुत दुखी हैं. दुनिया भर में हिन्दुओं को इससे धक्का लगा है. हमें लगता है कि इसका प्रायश्चित होना चाहिए. पुलिस इस जाँच को जल्दी अंजाम तक पहुँचाए. इसमें बड़े लोग हैं तो उन्हें भी छोड़ा नहीं जाना चाहिए. मामला फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट में चले और अब से चार-पाँच महीनों में अपराधियों को सज़ा मिले. बिना डर और अनुकंपा के जांच होगी तभी प्रायश्चित पूरा होगा.”

नरेंद्र मोदी

इमेज स्रोत, @narendramodi

आरएसएस पर सवाल

राम जन्मभूमि आंदोलन ने बीजेपी को सत्ता तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई थी. इसी आंदोलन ने आरएसएस और उससे जुड़े संगठनों को मुख्यधारा में ला दिया था. लेकिन चढ़ावे में चोरी की बात सामने आने से इन संगठनों की साख और ईमानदारी पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. चंपत राय के ख़िलाफ़ एफ़आईआर क्यों नहीं दर्ज की गई़?

ये सवाल आरएसएस सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर से पूछा तो उन्होंने कहा, ”हमने आधिकारिक रूप से अभी कुछ कहा नहीं है. ये बात सही है कि चंपत राय आरएसएस के प्रचारक हैं. इस मामले में हम जब आधिकारिक रूप से कुछ कहेंगे तो आपको भी पता चल जाएगा.”

इस सवाल के जवाब में वीएचपी के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने बीबीसी हिन्दी से कहा, ”बड़े से बड़े व्यक्ति के ख़िलाफ़ जांच होनी चाहिए. हमारी तरफ़ से कोई दबाव नहीं है. पुलिस स्वतंत्र होकर जांच करे.”

महिपाल सिंह ने दावा किया है कि चढ़ावे में चोरी 2021 से ही हो रही है. चढ़ावे की संपत्ति की देख-रेख राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट करता है. इस ट्रस्ट में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नहीं हैं लेकिन अयोध्या के ज़िलाधिकारी इसके सदस्य होते हैं और उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि संजय प्रसाद भी ट्रस्टी हैं.

ऐसे में सवाल उठता है कि क्या मुख्यमंत्री को इस गड़बड़ी का अंदाज़ा नहीं था? वरिष्ठ पत्रकार और योगी आदित्यनाथ पर एक किताब लिख चुके शरत प्रधान कहते हैं कि ऐसा संभव ही नहीं है कि मुख्यमंत्री को पता नहीं होगा.

योगी आदित्यनाथ

इमेज स्रोत, Getty Images

क्या योगी को पता नहीं था?

शरत प्रधान कहते हैं, ”क्या अयोध्या के डीएम और संजय प्रसाद ने इन्हें कभी नहीं बताया? मुख्यमंत्री हर हफ़्ते अयोध्या आते हैं और उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी? ये बात सही है कि चंपत राय और योगी में नहीं बनती है. योगी ख़ुद ट्रस्ट में अपना दख़ल चाहते थे लेकिन उन्हें इसमें शामिल नहीं किया गया.”

”ऐसा करने में चंपत राय की अहम भूमिका थी. योगी की पृष्ठभूमि न तो आरएसएस की रही है और न ही वीएचपी की. उनके गुरु महंत दिग्विजय नाथ और अवैद्यनाथ राम जन्मभूमि आंदोलन में शामिल थे. योगी भी इससे जुड़े थे. ऐसे में वह भी ट्रस्ट में अपना हक़ मानते थे लेकिन चंपत राय ने ऐसा नहीं होने दिया.”

शरत प्रधान कहते हैं, ”इस मामले में योगी, आरएसएस और बीजेपी बँट गए हैं. केंद्र सरकार किसी भी सूरत में चंपत राय को बचाना चाहती है. योगी चाहते हैं कि चंपत राय भी ना बचें. दोनों के बीच पुरानी अनबन है. जिस दिन ट्रस्ट बना, उस दिन से ही योगी से उनकी नहीं बनती थी. ये संभव है कि चंपत राय ने भी ट्रस्ट में योगी की भागीदारी रोकी होगी. आरएसएस भी चंपत राय को बचाने की कोशिश कर रहा है. चंपत राय के व्यक्तित्व में अहंकार बहुत रहा है और योगी के भीतर तो है ही. ऐसे में यह अहम की भी लड़ाई हो गई है.”

अयोध्या

हालांकि आलोक कुमार इन आरोपों को ख़ारिज करते हैं कि पूरे मामले में योगी, बीजेपी, वीएचपी और आरएसएस के भीतर अंतर्विरोध है. आलोक कुमार कहते हैं, ”हम सब एक ही परिवार के सदस्य हैं. कोई अंतर्विरोध नहीं है. ट्रस्ट ने ही एसआईटी बनाने की मांग की थी और प्रदेश की सरकार ने तत्काल बना भी दी.”

महिपाल सिंह का इंटरव्यू करने वाले अभिषेक उपाध्याय कहते हैं कि यह मामला ट्रस्ट के संज्ञान में वर्षों से था लेकिन हर कोई इसे होने दे रहा था.

अभिषेक उपाध्याय कहते हैं, ”जब मैंने महिपाल सिंह का इंटरव्यू किया तो एक दिन बाद ही उनका फोन आया कि इस वीडियो को हटा दीजिए लेकिन मैंने इनकार कर दिया. उनके ऊपर बहुत दबाव था. दो हफ़्ते पहले तक उनसे अक्सर बात हो जाती थी लेकिन अब उनका मोबाइल हमेशा ऑफ़ रहता है.”

मैंने भी महिपाल सिंह को फोन किया तो उनका मोबाइल ऑफ़ था.

आरएसएस की साख को नुक़सान?

प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा

SOURCE : BBC NEWS