Home World News hindi ‘रूस पागल हो गया है…’: यूक्रेन में सब्जी वाले के पीछे पड़ा...

‘रूस पागल हो गया है…’: यूक्रेन में सब्जी वाले के पीछे पड़ा ड्रोन, लहसुन दिखाने पर भी नहीं छोड़ा

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

यूक्रेन के खेरसॉन में रूसी ड्रोन ने सब्जी बेचने वाले यूरी का पीछा कर हमला कर दिया। इस खौफनाक ‘ड्रोन सफारी’ पर राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा, ‘रूस पागल हो गया है’। पढ़ें पूरी खबर।

यूक्रेन और रूस के बीच जारी जंग के बीच एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है। दक्षिणी यूक्रेनी शहर खेरसॉन में एक रूसी ड्रोन सड़क किनारे सब्जी बेच रहे एक आम नागरिक के पीछे पड़ गया और उसे दौड़ा-दौड़ा कर अपना निशाना बनाया। इस खौफनाक हमले का वीडियो वायरल होने के बाद यूक्रेन ने रूस पर ‘युद्ध अपराध’ का गंभीर आरोप लगाया है।

लहसुन दिखाकर जान बचाने की कोशिश, फिर जो हुआ…

यह पूरी घटना खेरसॉन की है, जहां 52 वर्षीय यूरी अपनी पत्नी के साथ अपनी वैन के पास टमाटर, खीरे और बैंगन जैसी सब्जियां लगा रहे थे। स्थानीय प्रशासन द्वारा अस्पताल से जारी एक इंटरव्यू में यूरी ने उस खौफनाक मंजर को बयां किया है।

यूरी के मुताबिक, जैसे ही सिर के ऊपर ड्रोन की भिनभिनाहट सुनाई दी, उनकी पत्नी किसी तरह वहां से भागने में सफल रहीं। लेकिन इसके बाद ड्रोन ने पूरी तरह से यूरी पर फोकस कर लिया।

यूरी ने बताया कि उन्होंने ड्रोन के कैमरे की तरफ लहसुन की कुछ गांठें उठाकर दिखाईं, ताकि ड्रोन ऑपरेटर को यह इशारा कर सकें कि उनके हाथ में कैमरा नहीं है और वह कोई रिकॉर्डिंग नहीं कर रहे हैं। ड्रोन यूरी के पीछे इस कदर पड़ा था कि जब वह भागकर दूसरी तरफ एक छाते के नीचे गए, तो ड्रोन भी उनके पीछे छाते के नीचे आ घुसा।

जान बचाने के लिए जैसे ही यूरी वैन के पीछे कवर लेने के लिए कूदे, ड्रोन में जोरदार ब्लास्ट हो गया। गनीमत रही कि उनकी जान बच गई, लेकिन शरीर में छर्रे लगने से वह बुरी तरह घायल हो गए और गहरे सदमे में हैं।

जेलेंस्की का फूटा गुस्सा, बोले- ‘रूस पागल हो गया है’

हमले का वीडियो सामने आने के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। एक्स पर पोस्ट करते हुए जेलेंस्की ने इसे आम नागरिकों के खिलाफ रूस की ‘ड्रोन सफारी’ करार दिया। उन्होंने लिखा, “आज ड्रोन सफारी के एक और वीडियो ने कई लोगों को झकझोर कर रख दिया है। रूस पागल हो गया है।” जेलेंस्की ने कहा कि पूरी दुनिया को ये सबूत देखने चाहिए कि रूसी सैनिक किस तरह आम नागरिकों की हत्या करने और उन्हें प्रताड़ित करने में मज़ा ले रहे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मॉस्को पर दबाव बढ़ाने और यूक्रेन की सुरक्षा की पुख्ता गारंटी सुनिश्चित करने की अपील की।

क्या है ‘ड्रोन सफारी’, जिसने खेरसॉन में मचाई दहशत?

खेरसॉन शहर में पिछले कई महीनों से ‘सफारी’ हमलों की खबरें आ रही हैं। इन हमलों में कथित तौर पर आम नागरिकों का शिकार करने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाता है। खेरसॉन फ्रंटलाइन से महज कुछ मील की दूरी पर स्थित है, इसलिए यहां खतरा सबसे ज्यादा है। साल 2025 की एक संयुक्त राष्ट्र (UN) की रिपोर्ट में भी यह खुलासा हुआ था कि रूसी सेना इस इलाके में नागरिकों को निशाना बनाने के लिए लगातार ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है।

रूस ने भी यूक्रेन पर लगाया ‘आतंकी’ हमले का आरोप

एक तरफ जहां यूक्रेन ने आम नागरिकों पर हमले को लेकर रूस को घेरा है, वहीं रूस ने भी पलटवार किया है। रूस ने सोमवार को आरोप लगाया कि यूक्रेन ने काला सागर के रिसॉर्ट शहर गेलेंदझिक में एक ‘आतंकवादी’ हमला किया है। मॉस्को का दावा है कि नागरिकों को निशाना बनाकर किए गए इस जानबूझकर यूक्रेनी ड्रोन हमले में तीन बच्चों सहित सात आम लोगों की मौत हो गई।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN