Home LIFESTYLE NEWS HINDI रोज चाय पीते हैं तो ये 3 गलतियां बिल्कुल ना करें, कैंसर...

रोज चाय पीते हैं तो ये 3 गलतियां बिल्कुल ना करें, कैंसर तक का हो सकता है रिस्क!

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

टी लवर हैं तो चाय पूरी तरह से बंद करने की जरूरत नहीं है। बस चाय पीने के तरीके में बदलाव करें। फिटनेस कोच ने 3 गलतियां शेयर की हैं, जो आपको चाय पीते समय बिल्कुल भी नहीं करनी चाहिए।

हमारे देश में चाय महज एक ड्रिंक नहीं है, बल्कि लोगों की रोज की दिनचर्या का एक अहम हिस्सा है। ज्यादातर लोगों का दिन भी एक कप चाय के साथ ही शुरू होता है। अक्सर आपने कई लोगों को कहते सुना होगा कि हेल्दी रहना है तो चाय छोड़ना जरूरी है, पर जिन लोगों को चाय की आदत है उनके लिए ये नामुमुकिन सा हो जाता है। लेकिन क्या वाकई चाय हमारी सेहत के लिए इतनी नुकसानदायक है? इसपर फिटनेस कोच डॉ ज्योति श्रीवास्तव एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताती हैं कि चाय पूरी तरह छोड़ने की जरूरत नहीं है, बस इसे पीने के तरीके में बदलाव करना जरूरी है। अगर आप भी रोज चाय पीते हैं तो इन 3 गलतियों को दोहराने से बचें।

डेली चाय पीते हैं तो ना करें ये 3 गलतियां

गलती 1- बहुत ज्यादा गर्म चाय पीना

बहुत से लोगों को तेज गर्म चाय पीने का शौक होता है। जबतक वो चाय को सिप-सिप कर के ना पीएं, उन्हें मजा ही नहीं आता। हालांकि नियमित रूप से ये आदत आपके खाने की नली यानी एसोफेगस के लिए नुकसानदायक हो सकती है। कोच बताती हैं कि WHO के मुताबिक 65°सेल्सियस से ज्यादा तापमान वाले बहुत तेज गर्म पेय नियमित रूप से पीने पर फूड पाइप के कैंसर का रिस्क बढ़ सकता है।

इसे आसान शब्दों में समझें तो जब बहुत तेज गर्म चाय बार-बार आपके फूड पाइप यानी भोजन की नली से गुजरती है, तो उसके अंदर की परत को बार-बार डैमेज और इरीटेशन हो सकती है। इसलिए चाय बनने के तुरंत बाद उसे ना पीएं, बल्कि कुछ देर हल्का ठंडा होने का इंतजार करें।

गलती 2- खाली पेट या खाने के तुरंत बाद चाय पीना

फिटनेस कोच बताती हैं कि चाय में टैनिन नाम के कंपाउंड मौजूद होते हैं। ये तत्व खाने से मिलने वाले आयरन को बॉडी में सही से एब्जॉर्ब नहीं होने देते हैं। इसलिए खाने के साथ या खाने के तुरंत बाद चाय पीना अवॉइड करना चाहिए। खासकर अगर आपका आयरन लेवल कम है तो ये गलती बिल्कुल भी ना करें। इसके अलावा सुबह उठते ही खाली पेट चाय पीने से भी बचना चाहिए। इससे पेट में एसिडिटी की समस्या हो सकती है।

गलती 3- प्लास्टिक की छलनी इस्तेमाल करना

चाय को छानने के लिए प्लास्टिक की छलनी का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। कोच कहती हैं कि बहुत तेज गर्म चाय को प्लास्टिक की छलनी में छानने से उसके छोटे-छोटे कण चाय में आ सकते हैं। ये माइक्रोप्लास्टिक सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। इसका सिंपला सा सॉल्यूशन है कि प्लास्टिक की छलनी को हटाकर स्टेनलेस स्टील की छलनी का इस्तेमाल करें।

ये छोटी-छोटी बातें भी ध्यान रखें

  • दिन में बहुत ज्यादा चाय पीना अवॉइड करें। 1 से 2 कप तक सीमित रखना बेहतर है।
  • चाय में जरूरत से ज्यादा चीनी डालने से बचें।
  • चाय के साथ नमकीन, बिस्किट और मठरी जैसे पैकेज्ड और अनहेल्दी स्नैक्स अवॉइड करें। इनकी जगह मखाना, भुने चने और भेलपुरी जैसे हेल्दी स्नैक्स चुनें।
  • चाय को बहुत ज्यादा उबालने या बार-बार गर्म करने से बचें।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN