Home LIFESTYLE NEWS HINDI लकड़ी के सामान पर लग रही है दीमक? भगाने के काम आएंगे...

लकड़ी के सामान पर लग रही है दीमक? भगाने के काम आएंगे ये 10 घरेलू और आसान टिप्स

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

लकड़ी के दरवाजे खिड़की या फर्नीचर पर दीमक लग गई है, तो ये घरेलू और असरदार टिप्स आपके बड़े काम आ सकते हैं। छोटे छोटे ये नुस्खे दीमक हटाने में मदद करते हैं और आपको ज्यादा पैसे भी नहीं खर्च करने पड़ते। आइए फटाफट से जान लेते हैं।

घर में दीमक लगने की समस्या आम है। लकड़ी के फर्नीचर, दरवाजे, खिड़कियों और अलमारियों में लगी दीमक उन्हें अंदर से धीरे-धीरे खोखला कर देती है। कई बार तो नए फर्नीचर में भी दीमक लगना शुरू हो जाती है। इसकी शुरुआत छोटे-छोटे छेद और लकड़ी के पाउडर बनने से होती है। अगर समय पर ध्यान ना दिया जाए तो ये पूरे फर्नीचर को धीरे-धीरे खराब कर सकती है। इतना ही नहीं इसके बाकी हिस्सों में फैलने का खतरा भी रहता है। ऐसे में अगर आपके फर्नीचर में भी धीरे-धीरे दीमक लगना शुरू हो गई है, तो ये घरेलू नुस्खे ट्राई कर के देख सकते हैं। दिवाली की सफाई के दौरान ये बड़े काम आएंगे।

दीमक हटाने के काम आएंगे ये 10 इफेक्टिव टिप्स

नीम का तेल इस्तेमाल करें

कीड़ों और दीमक को हटाने के लिए नीम के तेल का इस्तेमाल पारंपरिक रूप से किया जाता है। फर्नीचर के जिस हिस्से पर दीमक लगना शुरू हुई है, वहां पर आप नीम के तेल का स्प्रे कर सकते हैं। इससे दीमक खत्म होने में मदद मिलती है।

सिरका और नींबू का रस

दीमक भगाने के लिए सफेद सिरका और नींबू के रस को मिलाकर एक स्प्रे बनाया जा सकता है। इसके लिए बराबर मात्रा में पानी और सफेद सिरका मिलाएं और उसमें एक नींबू का रस मिलाएं। इस स्प्रे का दीमक वाली जगह पर 2-3 दिन के गैप पर छिड़काव करें।

धूप दिखाना भी है प्रभावी

लकड़ी की कोई ऐसी चीज या फर्नीचर है, जिसे आसानी से बाहर लाया जा सकता है, तो उसे कुछ घंटों के लिए धूप में रख दें। इससे लकड़ी की नमी कम होती है और दीमक का बढ़ना रुकता है।

लौंग के तेल का छिड़काव करें

एक गिलास पानी में लौंग के तेल की कुछ बूंदे मिला लें। अब इसे कॉटन की मदद से उन हिस्सों पर लगाएं, जहां दीमक की ग्रोथ हो रही है। आप इसे स्प्रे बॉटल में भरकर छिड़काव भी कर सकते हैं। इससे दीमक मर जाती हैं।

गीले गत्ते का ट्रैप बनाएं

गीले गत्ते में सेल्यूलोस होता है, जो दीमक को आकर्षित करता है। इसे आप ट्रैप की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए गीले गत्ते को प्रभावित जगह के आसपास लगा दें। दीमक इसमें इकठ्ठे हो जाएंगे, जिन्हें आप सुरक्षित तरीके से हटा सकते हैं।

पेट्रोलियम जेली का इस्तेमाल करें

दीमक को मारने के लिए पेट्रोलियम जेली का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। एक कॉटन की मदद से प्रभावित हिस्से पर पेट्रोलियम जेली अप्लाई करें। इससे दीमक का दम घुटने लगता है और वो मर जाती हैं।

नमक और साबुन का पानी

पानी में थोड़ा सा नमक और लिक्विड सोप या डिटर्जेंट मिलाकर एक घोल तैयार करें। इसे किसी स्प्रे बॉटल में भर लें और दीमक से प्रभावित हिस्सों पर छिड़काव करें। दो से तीन दिन बाद दोबारा इसे रिपीट करें।

लकड़ी को सूखा रखें

नमी और सीलन की वजह से दीमक ज्यादा बढ़ती है। इसलिए जिस भी फर्नीचर या खिड़की दरवाजे पर दीमक लग रही है, वहां सीलन चेक करें। नियमित रूप से उस हिस्से की सफाई करें और किसी भी तरह की नमी ना रहने दें।

एलोवेरा जेल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं

एलोवेरा जेल काफी थिक होता है, जिससे दीमक का दम घुट जाता है। इसके लिए आप ताजे एलोवेरा को पीसकर उसका गाढ़ा पेस्ट दीमक वाली जगह पर लगा सकते हैं। इससे भी काफी फायदा हो सकता है।

हींग की गंध से दूर भागती है दीमक

हींग की तेज गंध दीमक को बिल्कुल भी पसंद नहीं होती। ऐसे में आप एक गिलास पानी में आधा चम्मच हींग का पाउडर मिलाकर एक स्प्रे तैयार कर सकते हैं। इस स्प्रे को दीमक से प्रभावित हिस्सों पर छिड़कें, वो तुरंत बाहर आ जाएंगी और मर जाएंगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN