Source :- LIVE HINDUSTAN
शहबाज शरीफ ने कहा कि वह मेलोनी के साथ मिलकर पाकिस्तान और इटली के संबंधों को और मजबूत करने के लिए काम जारी रखने की उम्मीद करते हैं। उन्होंने मेलोनी को भविष्य के लिए सफलता की शुभकामनाएं भी दीं।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को एक्स पर 4 सितंबर को संदेश भेजा था। इसमें उन्होंने मेलोनी को इटली के द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाली पीएम बनने पर बधाई दी। दिलचस्प है कि मेलोनी ने 6 सितंबर को इसका रिप्लाई किया। शहबाज शरीफ ने कहा कि मेलोनी ने अपने सक्षम नेतृत्व के जरिए इटली की प्रगति और वैश्विक मंच पर उसकी बढ़ती हैसियत में अहम योगदान दिया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का यह संदेश ऐसे समय आया जब मेलोनी की सरकार ने इटली के युद्धोत्तर दौर में लगातार सत्ता में रहने का नया रिकॉर्ड बनाया है।
शहबाज शरीफ ने अपने संदेश में कहा कि वह आने वाले समय में मेलोनी के साथ मिलकर पाकिस्तान और इटली के संबंधों को विभिन्न क्षेत्रों में और मजबूत करने के लिए काम जारी रखने की उम्मीद करते हैं। उन्होंने मेलोनी को भविष्य के लिए सफलता की शुभकामनाएं भी दीं। उनके इस संदेश को पाकिस्तान की ओर से इटली के साथ द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की इच्छा के तौर पर देखा जा रहा है। पाकिस्तान और इटली के बीच आर्थिक सहयोग, व्यापार, विकास से जुड़े मुद्दों और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क जैसे कई क्षेत्रों में संबंध हैं।
शहबाज के संदेश का मेलोनी ने क्या दिया जवाब
शहबाज शरीफ के संदेश का जवाब देते हुए जॉर्जिया मेलोनी ने उनका धन्यवाद किया और पाकिस्तान-इटली संबंधों के महत्व का जिक्र किया। मेलोनी ने सोमवार को पोस्ट करके कहा कि हाल के वर्षों में दोनों देशों ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत किया है। इसमें आर्थिक आदान-प्रदान, विकास सहयोग और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वह मानती हैं कि इस रिश्ते को और आगे बढ़ाने के अवसर मौजूद हैं। इसे दोनों देशों के लिए नई संभावनाओं में बदला जा सकता है।
मेलोनी का यह रिकॉर्ड इटली की राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनका नेतृत्व वाला प्रशासन लगभग चार साल से लगातार सत्ता में है और उसने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। मेलोनी ने 2022 में प्रधानमंत्री पद संभाला था और उनकी सरकार ने इटली की पारंपरिक राजनीतिक अस्थिरता के बीच गठबंधन को बनाए रखा है। उनकी सरकार ने 1400 से अधिक दिनों तक लगातार काम किया है। मेलोनी ने इस उपलब्धि को इटली में राजनीतिक स्थिरता से जोड़ा है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



