Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/06/15/1200x900/15_june_Sanchita_Ugale_Sushant_Singh_Rajput_1781530517090_1781530521712_b0980024-a711-429a-9d4c-31c2afb1510f.jpg

Sanchita Ugale: टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले ने 22 साल की उम्र में आत्महत्या कर ली है। एक्ट्रेस की मौत के बाद उनके भाई ने पहला बयान दिया है और प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है।

‘साजन घर’, ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ जैसे शोज में काम कर चुकीं संचिता उगले के आत्महत्या करने से उनका परिवार सदमे में है। इस बीच, संचिता के भाई आकाश सतीश उगले ने हैरान कर देने वाला बयान दिया है। उन्होंने अपनी बहन के निधन और साल 2020 में हुई बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बीच कनेक्शन होने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी बहन और सुशांत, दोनों ही इंडस्ट्री के दबाव की वजह से इस दुनिया से चले गए। उन्होंने इस बात की ओर भी इशारा किया कि दोनों की मौत एक ही तारीख को हुई है, बस 6 साल का अंतर है।

क्या बोले आकाश?

उन्होंने ये भी बताया कि संचिता उगले के सोशल मीडिया अकाउंट पर आखिरी पोस्ट सुशांत सिंह राजपूत से जुड़ा था। दरअसल, एक्ट्रेस ने रविवार को सुशांत की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए एक इंस्टाग्राम रील पोस्ट की थी, जिसमें लिखा था, ‘फिर से 14 जून आ गया है।’

आकाश का बयान

ईटाइम्स के मुताबिक, संचिता के भाई ने IANS से कहा, ‘सुशांत सिंह राजपूज 14 जून 2020 को आत्महत्या की थी। क्यों? क्योंकि बॉलीवुड, यानी इस इंडस्ट्री ने उन पर बहुत दबाव डाला था और उसी दबाव के कारण उन्होंने आत्महत्या की। ठीक उसी तरह, कल मेरी बहन ने भी आत्महत्या की, मैं यही कह रहा हूं।’

आकाश का अनुरोध

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अपनी बहन की मौत के मामले पर ध्यान देने का अनुरोध किया है। आकाश ने कहा, ‘मैं अपने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, अपने राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार से अनुरोध करता हूं कि वे कृपया इस घटना पर ध्यान दें।’

पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा?

पुलिस ने ‘एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट’ (ADR) दर्ज की है। वे अभी घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।’ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संचिता मुंबई के नालासोपारा इलाके में अपने माता-पिता और बहन के साथ रह रही थीं। घटना के समय संचिता घर पर अकेली थीं। जब उनके माता-पिता और बहन वापस आए तब उन्हें संचिता अपने बेडरूम के पंखे से लटकी हुई मिलीं। बता दें, संचिता सिर्फ 22 साल की थीं।

डिस्क्लेमर: अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक परेशानी से जूझ रहा है या मन में खुद को नुकसान पहुंचाने के विचार आ रहे हैं, तो कृपया किसी मेंटल हेल्थ प्रोफेशनल से मदद लें या स्थानीय क्राइसिस हेल्पलाइन से संपर्क करें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN