Home BUSINESS NEWS HINDI सरकारी कंपनी को मिला क्रेन जैसे सामान का ऑर्डर, अब सोमवार को...

सरकारी कंपनी को मिला क्रेन जैसे सामान का ऑर्डर, अब सोमवार को शेयर पर रहेगी नजर

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

शेयर बाजार में सोमवार को जब ट्रेडिंग होगी तब निवेशकों की नजर भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) के शेयर पर रहेगी। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी बीईएमएल लिमिटेड को पश्चिम एशिया से क्रेन जैसे भारी उपकरणों की आपूर्ति के लिए 53.5 लाख अमेरिकी डॉलर का अतिरिक्त निर्यात ऑर्डर मिला है। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बता दें कि शुक्रवार को शेयर बाजार में ट्रेडिंग नहीं हुई। दरअसल, भारतीय शेयर, मुद्रा और जिंस बाजार मुहर्रम के कारण शुक्रवार को बंद थे।

ऑर्डर की डिटेल

BEML लिमिटेड ने कहा कि यह ऑर्डर अप्रैल 2026 में घोषित 3.63 करोड़ अमेरिकी डॉलर के उसके पिछले निर्यात अनुबंध का विस्तार है। बीईएमएल के अनुसार, बड़े पैमाने पर खनन कार्यों के लिए विकसित उसके भारी भू-उत्खनन (अर्थमूविंग) उपकरणों को अब इंफ्रा डेवलपमेंट और अन्य परियोजनाओं की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है। कंपनी ने कहा कि यह उपकरण एर्गोनॉमिक रूप से तैयार किए गए, जिनमें आरओपीएस/एफओपीएस- प्रमाणित ऑपरेटर केबिन भी लगे हैं। इन केबिन से चालक की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित होती है। कंपनी ने कहा कि ऑर्डर के तहत, बीईएमएल अपने स्थानीय प्रतिनिधि के जरिए उस इलाके में पूरी तरह से मेंटेनेंस और सहायता मुहैया कराएगी।

BEML लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शांतनु रॉय ने कहा, ”पश्चिम एशिया से मिला यह अतिरिक्त ऑर्डर कंपनी की इंजीनियरिंग उत्कृष्टता की एक बड़ी मिसाल है और यह हमारे वैश्विक ग्राहकों का हमारे उत्पादन, क्षमताओं पर भरोसा दिखाता है।”

कंपनी के तिमाही नतीजे

वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में BEML लिमिटेड का नेट प्रॉफिट 37.4 प्रतिशत घटकर 179.82 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2024-25 की जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 287.55 करोड़ रुपये था। कंपनी ने बताया कि तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 1,804.14 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 1,656.36 करोड़ रुपये थी। चौथी तिमाही में कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 1,559.19 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 1,261.54 करोड़ रुपये था।

शेयर का परफॉर्मेंस

BEML लिमिटेड के शेयर की बात करें तो यह गुरुवार को मामूली गिरावट के साथ 1748.80 रुपये पर बंद हुआ। इंट्रा-डे में शेयर की कीमत 1,779.80 रुपये के हाई तक गया था। हालांकि, शुक्रवार को बाजार बंद रहा। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 2,365 रुपये है। वहीं, शेयर के 52 हफ्ते का लो 1,361.10 रुपये है। शेयरहोल्डिंग पैटर्न की बात करें तो प्रमोटर्स के पास 54.03 फीसदी हिस्सेदारी है। पब्लिक शेयरहोल्डिंग 45.97 फीसदी की थी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN