Source :- LIVE HINDUSTAN
सर्दियों में मनी प्लांट का सूखना एक बड़ी आम समस्या है। ऐसे में आप नवंबर, दिसंबर और जनवरी के महीने में ये घरेलू ग्रोथ टॉनिक बनाकर गमले की मिट्टी में डाल सकते हैं। इससे पौधे की पत्तियां हरी-भरी रहेंगी और इसकी ग्रोथ भी तेजी से होगी।
सर्दियों के मौसम में पेड़-पौधों को खास देखभाल की जरूरत होती है। अगर आपके घर में मनी प्लांट का पौधा है, तो आपने नोटिस किया होगा कि मौसम में ठंडापन शुरू होते ही इसकी पत्तियां पीली पड़ना शुरू हो जाती है। सही देखभाल ना होने के कारण कई बार पौधे की ग्रोथ रुक जाती है और पत्ते भी मुरझाने लगते हैं। ऐसे में समझ नहीं आता कि क्या करें। इसी से जुड़ी एक कमाल की ट्रिक हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं, जो माली और गार्डेनिंग एक्सपर्ट भी इस्तेमाल करते हैं। इसके लिए आपको सर्दियां शुरू होते ही, अपने मनी प्लांट में घरेलू चीजों से बना हुआ एक लिक्विड डालना है। ये पौधे को पोषण देते है, जिससे सर्दियों में भी मनी प्लांट के पत्ते हरे-भरे और हेल्दी बने रहते हैं। साथ ही इसकी ग्रोथ भी बढ़िया होती है।
सर्दियों में मनी प्लांट में डालें ये घरेलू मिश्रण
सर्दियों में अगर आपका मनी प्लांट मरने लगता है और इसके पत्ते पीले पड़ने लगते हैं, तो रसोई की 3 चीजों से बना ये मिश्रण पौधे में डाल सकते हैं। इसके लिए आपको कुछ प्याज के छिलके, कॉफी पाउडर और चायपत्ती की जरूरत होगी। ये घरेलू टॉनिक गमले की मिट्टी को जरूरी पोषण देने का काम करता है, जिससे पौधे की ग्रोथ में रुकावट नहीं आती है।
इस तरह बनाकर तैयार करें घरेलू ग्रोथ टॉनिक
स्टेप 1- सबसे पहले एक बर्तन में मुट्ठीभर के प्याज के सूखे छिलके लें।
स्टेप 2- इसमें इतना पानी डालें कि प्याज के छिलके पूरी तरह डूब जाएं। अब इन्हें रातभर के लिए ढककर ऐसे ही छोड़ दें।
स्टेप 3- अगली सुबह प्याज के छिलके निकाल दें और इनके पानी में आधा चम्मच बची हुई चायपत्ती और आधा चम्मच कॉफी पाउडर मिलाएं। इन्हें लगभग 12 घंटे के लिए ढककर छोड़ दें।
स्टेप 4- इस मिक्सचर में 1-2 लीटर पानी मिलाकर पतला कर लें और मनी प्लांट की मिट्टी में डालें। इसे आप बाकी पौधों में भी दे सकते हैं।
पौधे में कब और कैसे डालें ये घोल?
ये ग्रोथ टॉनिक आपको महीने में सिर्फ एक बार ही अपने मनी प्लांट में डालना है। आप इसे नवंबर, दिसंबर और जनवरी के महीने में एक-एक बार डाल सकते हैं। बस ध्यान रखें कि गमले की मिट्टी पहले से ही बहुत गीली ना हो। इसके सूखने के बाद ही ये ग्रोथ टॉनिक डालना चाहिए।
मनी प्लांट के लिए कैसे फायदेमंद है ये टॉनिक?
प्याज के छिलके, चायपत्ती और कॉफी पाउडर से तैयार इस मिश्रण में पोटेशियम, नाइट्रोजन और कुछ अन्य मिनरल्स पाए जाते हैं, जो पौधे की ग्रोथ के लिए फायदेमंद हो सकते हैं। ये ऑर्गेनिक मिश्रण पौधे की जड़ों को मजबूती देने, पत्तियों को हरा-चमकदार बनाए रखने और ग्रोथ को तेज करने में मदद करता है। खासकर सर्दियों के मौसम में ये काफी असरदार हो सकता है।
(Images Credit- Pinterest)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


