Source :- LIVE HINDUSTAN
साबूदाना खिचड़ी तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन क्या कभी ज्वार की खिचड़ी ट्राई की है? इस रेसिपी को घर पर आसानी से बना सकते हैं, बिना ज्यादा मेहनत के आपको स्वाद और सेहत दोनों मिलेंगे।
साबूदाना खिचड़ी का नाम सुनते ही व्रत में खाई जाने वाली खिचड़ी की याद आ जाती है। लेकिन आज हम आपको एक ऐसी खिचड़ी के बारे में बता रहे हैं, जो साबूदाने से नहीं, बल्कि ज्वार से बनती है। इसका स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें अपनी मनपसंद सब्जियां जैसे गाजर, शिमला मिर्च, प्याज या फिर टमाटर और पनीर या मूंगफली जैसी चीजें मिला सकते हैं। ज्वार में फाइबर होता है और पनीर व मूंगफली से प्रोटीन भी मिलता है। अगर आप रोज एक जैसा खाना खाकर बोर हो गए हैं, तो यह रेसिपी आपकी डाइट में वैरायटी ला सकती है। इसे बनाना मुश्किल नहीं है और ज्यादा समय भी नहीं लगता। तो चलिए जानते हैं ज्वार की इस टेस्टी खिचड़ी को बनाने का आसान तरीका।
ज्वार की खिचड़ी बनाने के लिए सामग्री
1 कप ज्वार
ज्वार भिगोने के लिए गर्म पानी
मनपसंद सब्जियां बारीक कटी हुई (गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, टमाटर)
एक चौथाई छोटा चम्मच जीरा पाउडर
एक चौथाई छोटा चम्मच साबुत जीरा
तीन चौथाई कप भुनी और कुटी हुई मूंगफली
2 छोटे चम्मच हरी मिर्च और हरे धनिये का मिक्स
आधा कप क्रश किया हुआ पनीर
2 बड़े चम्मच तेल
स्वादानुसार नमक
स्वादानुसार नींबू का रस
ज्वार की खिचड़ी बनाने का आसान तरीका
1. सबसे पहले ज्वार को भिगोएं
ज्वार को साफ करके 5 से 6 बार पानी से अच्छी तरह धो लें। अब इसे गर्म पानी में करीब 2 घंटे के लिए भिगोकर रख दें। इससे ज्वार नरम हो जाएगा और इसे पकाने में आसानी होगी। इसके बाद पानी निकाल दें।
2. ज्वार को अच्छी तरह पकाएं
भीगे हुए ज्वार को प्रेशर कुकर में डालें और जरूरत के हिसाब से पानी मिलाएं। इसे करीब 7 से 8 सीटी आने तक पकाएं। ज्वार नरम हो जाए, तो गैस बंद कर दें। अगर कुकर में पानी बचा है, तो उसे छान लें।
3. पैन में तैयार करें मसाला
अब एक पैन में तेल गर्म करें। इसमें साबुत जीरा डालें और हल्का चटकने दें। फिर हरी मिर्च, सारी सब्जियां और हरे धनिये का मिक्स डालें। इसके बाद भुनी और कुटी हुई मूंगफली और क्रश किया हुआ पनीर डालकर 2 से 3 मिनट तक पकाएं।
4. इसमें मिलाएं पका हुआ ज्वार
अब पैन में पका हुआ ज्वार डालें। ऊपर से नमक और नींबू का रस मिलाएं। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें, ताकि ज्वार में मसाले का स्वाद आ जाए। आपकी ज्वार की खिचड़ी तैयार है।
- परोसने का तरीका
खिचड़ी को खीरे के रायते या फिर धनिया-पुदीना की चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं। ऊपर से थोड़ा जीरा पाउडर या चाट मसाला भी डाल सकते हैं, इससे स्वाद और अच्छा हो जाएगा।
- वेट लॉस डाइट में कर सकते हैं शामिल?
ज्वार में फाइबर होता है, जो पेट को देर तक भरा महसूस कराने में मदद करता है। वहीं, पनीर और मूंगफली से प्रोटीन मिलता है। हालांकि, मूंगफली, पनीर और तेल में कैलोरी भी होती है, इसलिए खाते समय मात्रा का ध्यान रखें। इसके अलावा वजन घटाने के लिए सिर्फ एक रेसिपी पर निर्भर रहने के बजाय संतुलित डाइट और रेगुलर फिजिकल एक्टिविटी पर भी ध्यान देना जरूरी है।
- व्रत में खाना हो तो ऐसे बनाएं
अगर आप इस खिचड़ी को व्रत में खाना चाहते हैं, तो इसे अपनी व्रत वाली डाइट के हिसाब से बना सकते हैं। अगर ज्वार खाना आपके व्रत में चलता है, तो इसे उबालकर, भुनी मूंगफली और पनीर के साथ बना सकते हैं। इसमें साधारण नमक की जगह सेंधा नमक इस्तेमाल करें। आखिर में नींबू का रस डालें और खिचड़ी को दही व कद्दूकस किए हुए खीरे के साथ गरमागरम सर्व करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



