Source :- LIVE HINDUSTAN
पूरे क्षेत्र में महायुद्ध भड़कने के आसार बढ़ गए हैं। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि किसी सदस्य देश के खिलाफ बिना उकसावे की आक्रामकता फैलने पर मक्का समझौता लागू हो जाएगा।
पूरे पश्चिम एशिया में जल्द ही महायुद्ध शुरू हो सकता है। अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच अब हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब ने भी एक-दूसरे के ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं। इसी बीच, इस जंग में पाकिस्तान की एंट्री की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। पाकिस्तान ने बुधवार को हूती विद्रोहियो को मक्का समझौता लागू करने की चेतावनी दे डाली।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि किसी सदस्य देश के खिलाफ बिना उकसावे की आक्रामकता या यमन संघर्ष के सऊदी तक फैलने पर पाकिस्तान, सऊदी और तुर्किए के बीच हुए मक्का समझौता लागू हो जाएगा। आसिफ के मुताबिक समझौता रक्षात्मक है, जो तीनों देशों को अन्य देश के खिलाफ हमले का अधिकार नहीं देता, मगर किसी एक देश पर आक्रामक कार्रवाई का जवाब तीनों देश देंगे। हम जरूरत पड़ने पर इसका पालन करेंगे।
अमेरिका-ईरान फिर हमलावर
इससे पहले करीब एक हफ्ते की शांति के बाद मंगलवार देर रात अमेरिका-ईरान में संघर्ष फिर भड़क गया। दोनों ने एक दूसरे के ठिकानों पर मिसाइल-ड्रोन हमले किए। अमेरिकी हमलों में तेहरान के पांच तेल पोत नष्ट हो गए। अमेरिकी सेना ने कहा कि ईरान द्वारा बीते दो दिनों में उसके युद्धपोत पर दो बार मिसाइल हमले की कोशिश की गई। हमारे युद्धपोत ने ईरान के हमलों को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया और किसी भी अमेरिकी सैन्यकर्मी को नुकसान नहीं पहुंचा।
इन हमलों के जवाब में अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी और अन्य स्थानों पर ईरानी पोत किविक, चारमीनार, होराइजन-1, रिस्को और दर्या को नष्ट कर दिया। सेना ने कहा कि हमले पहले पांचों के चालक दल को पोत छोड़ने की चेतावनी दी गई थी। ईरान ने कहा कि इसका कड़ा जवाब दिया जाएगा।
हुती-सऊदी के बीच भी जंग
उधर, हूती विद्रोहियों ने बुधवार को कहा कि पिछले कुछ घंटों में सऊदी के विमानों ने मारीब, अल-जौफ, तैज और होदेइदा प्रांतों में 32 हवाई हमले किए हैं। यह कार्रवाई हूती द्वारा मंगलवार को सऊदी पर किये गये हमलों के बाद की गई।
कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर के पार पहुंची
पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव का असर बुधवार को कच्चे तेल की कीमतों और भारतीय शेयर बाजार, दोनों पर दिखाई दिया। ब्रेंट कच्चा तेल छह सप्ताह में पहली बार 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जबकि महंगे तेल और बढ़ते भू-राजनीतिक जोखिम से भारतीय शेयर बाजार में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र गिरावट रही। सेंसेक्स 813 अंक लुढ़क कर तीन महीने के निचले स्तर पर आ गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 23,450 अंक के नीचे फिसल गया।
भारत ने की निंदा
भारत ने बुधवार को सऊदी के तेल प्रतिष्ठानों पर हूती के हमलों की निंदा की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक बयान में कहा कि भारत सऊदी की संप्रभु भूमि पर हुए हमलों की निंदा करता है। विशेष रूप से नागरिक और आर्थिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे हमले अस्वीकार्य हैं। यूरोपीय संघ ने भी सऊदी अरब पर हूती के हमलों की निंदा की है और इन्हें रोकने की अपील की है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



