Source :- LIVE HINDUSTAN
Dolphin Typhoon: चीन के पूर्वी तट पर टाइफून डॉल्फिन के टकराने के बाद अधिकारियों ने लाखों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। इस तूफान से भारी बारिश और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
चीन में टाइफून डॉल्फिन के पहुंचने से तबाही का खतरा मंडरा रहा है। करीब 6000 किलोमीटर दूर से आया यह तूफान रविवार को देश के पूर्वी तट से टकरा चुका है। बीजिंग समेत झेजियांग, जियांग्सू, हेनान और हेबेई सहित कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया गया है। सरकारी मीडिया शिन्हुआ और सीसीटीवी के अनुसार, अधिकारियों ने तटीय क्षेत्रों से लाखों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है, जबकि बाढ़, लैंडस्लाइड और तेज हवाओं की चेतावनी बुधवार तक जारी है।
शिन्हुआ ने बताया कि सोमवार सुबह 7 बजे (स्थानीय समय) तक फुजियान प्रांत के जमीन और समुद्र के संवेदनशील इलाकों से लगभग 1,67,900 लोगों को निकाला जा चुका था। रविवार देर रात तक शंघाई ने खतरे वाले क्षेत्रों से करीब 2,15,600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (NMC) के मुताबिक, डॉल्फिन इस साल का 13वां तूफान है। रविवार को यह झेजियांग प्रांत में दो बार टकराया। हालांकि अब अधिकारियों ने इसे उष्णकटिबंधीय तूफान घोषित कर दिया है, लेकिन भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए चेतावनी जारी रखी गई है।
ब्लू टाइफून अलर्ट जारी
सोमवार सुबह ब्लू टाइफून अलर्ट जारी किया गया। इसमें झेजियांग, जियांग्सू, हेनान और हेबेई जैसे इलाकों में बुधवार तक लगातार भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। शिन्हुआ के अनुसार, कुछ क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी ने बताया कि यह तूफान जमीन पर पहुंचने से पहले करीब 6,000 किलोमीटर का लंबा सफर तय कर चुका था। इसकी उम्र एक आम तूफान से लगभग तीन गुना ज्यादा बताई जा रही है, जो इसकी असामान्य तीव्रता और लंबे प्रभाव की ओर इशारा करता है।
तूफान से बाढ़ का खतरा
एनएमसी के हवाले से सरकारी मीडिया ने कहा कि गुरुवार से टाइफून के बचे हुए अवशेष उत्तर की ओर बढ़ेंगे और ठंडी हवाओं से टकराएंगे। इससे बीजिंग, तियानजिन, हेबेई और लियाओनिंग में काफी बारिश होने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इस तूफान से कुछ इलाकों में बाढ़ और अन्य आपदाओं का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने भूगर्भीय आपदाओं और छोटी-मध्यम आकार की नदियों में बाढ़ से बचाव के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था अपनाने की सलाह दी है। बीजिंग के बाढ़ नियंत्रण अधिकारियों ने कहा कि शहर मंगलवार सुबह लेवल-2 बाढ़ रिस्पॉन्स एक्टिवेट करने की योजना बना रहा है।
इन देशों में भी तूफान का असर
डॉल्फिन के चीन पहुंचने से पहले फिलीपींस, उत्तरी ताइवान के कुछ हिस्सों और जापान के ओकिनावा द्वीप पर भारी बारिश हुई थी। रविवार अपराह्न चीन के पूर्वी तट पर झेजियांग प्रांत से टकराने के बाद देश की राष्ट्रीय वेधशाला ने ‘रेड अलर्ट’ जारी किया। चीन की तूफान चेतावनी प्रणाली में रेड अलर्ट सबसे ऊंचा स्तर है। एनएमसी ने बताया कि तूफान डॉल्फिन झेजियांग प्रांत के सानमेन से फुजियान प्रांत के फुदिंग तक देश के पूर्वी तट पर पहुंचा है।
कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान
एनएमसी के मुख्य पूर्वानुमानकर्ता वांग हाईपिंग ने कहा कि तूफान की वजह से भारी बारिश और इसके व्यापक तथा लंबे समय तक प्रभावी रहने की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी करना जरूरी था। एनएमसी के मुताबिक, रविवार से बुधवार तक उत्तरी फुजियान, झेजियांग, शंघाई, उत्तरी जियांग्शी, जियांग्सू, अनहुई, पूर्वी हुबेई, मध्य और पूर्वी हेनान तथा दक्षिणी शानडोंग समेत कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। मध्य-पूर्वी झेजियांग और दक्षिणी अनहुई के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
वांग ने बताया कि पूर्वी चीन के तटीय इलाकों और पूर्वी चीन सागर में तेज हवाओं से बचाव पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। एनएमसी के अनुसार, टाइफून डॉल्फिन उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ेगा और तट से टकराने के बाद धीरे-धीरे कमजोर हो जाएगा। बुधवार के बाद इसका कमजोर अवशेष उत्तर दिशा में मुड़ जाएगा। हालांकि अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अलर्ट का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




