Source :- LIVE HINDUSTAN
Mattress Cleaning Hacks: गद्दे की सफाई को अक्सर इग्नोर कर दिया जाता है लेकिन इसमें धूल, दाग और बदबू जमा हो सकती है। अच्छी बात यह है कि घर की कुछ साधारण चीजों की मदद से आप इसे मिनटों में साफ और फ्रेश रख सकते हैं।
हम रोज जिस गद्दे पर करीब 7 से 8 घंटे सोते हैं, उसकी सफाई के बारे में शायद ही कभी सोचते हैं। ऊपर से साफ दिखने वाला गद्दा अंदर ही अंदर धूल, पसीना, दाग और बदबू जमा करता रहता है। कई बार चाय गिर जाती है, कभी बच्चों से कुछ फैल जाता है और धीरे-धीरे गद्दा गंदा होने लगता है। परेशानी तब बढ़ती है, जब गद्दे से अजीब-सी बदबू आने लगती है या उस पर दाग साफ नजर आने लगते हैं।
अच्छी बात यह है कि हर बार गद्दे को धुलवाने या महंगी सफाई कराने की जरूरत नहीं होती। घर में मौजूद कुछ साधारण चीजों की मदद से आप मिनटों में गद्दे को फिर से साफ और फ्रेश बना सकते हैं।
गद्दा गंदा दिख रहा है? घर बैठे मिनटों में करें साफ
गद्दे की सफाई अक्सर लोग टालते रहते हैं। वजह साफ है- इसे धोना आसान नहीं होता। लेकिन अगर सही तरीका पता हो, तो बिना ज्यादा मेहनत के भी गद्दे को चमकाया जा सकता है। अगर आपके गद्दे पर दाग पड़ गए हैं या बदबू आ रही है, तो ये दो आसान नुस्खे आपके बहुत काम आने वाले हैं।
- पहला नुस्खा: अगर गद्दे से बदबू आ रही है या वह बासी महसूस हो रहा है, तो यह उपाय जरूर आजमाएं।
क्या चाहिए?
आधा कप खाने वाला सोडा
खुशबूदार तेल की कुछ बूंदें
कैसे करें इस्तेमाल?
- सबसे पहले खाने वाले सोडे में खुशबूदार तेल मिला लें।
- अब इस मिश्रण को पूरे गद्दे पर हल्के हाथों से छिड़क दें।
- इसे करीब 20 से 30 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें और फिर सूखे कपड़े से साफ कर लें। कुछ ही मिनटों में गद्दा पहले से ज्यादा साफ नजर आएगा।
यह नुस्खा काम कैसे करता है?
- खाने वाला सोडा नमी और बदबू को सोखने में मदद करता है।
- वहीं, खुशबूदार तेल गद्दे को ताजगी से भरपूर खुशबू दे सकता है।
2. दूसरा नुस्खा: अगर गद्दे पर चाय, कॉफी या हल्के दाग पड़ गए हैं, तो यह उपाय काम आ सकता है।
क्या चाहिए?
आधा कप सफेद सिरका
एक कप गुनगुना पानी
साफ कपड़ा
कैसे करें इस्तेमाल?
- सफेद सिरका और गुनगुना पानी मिलाकर घोल तैयार कर लें।
- अब एक साफ कपड़े को इस घोल में हल्का भिगोएं।
- दाग वाली जगह पर धीरे-धीरे थपथपाते हुए साफ करें।
- ध्यान रखें कि गद्दे को ज्यादा गीला ना करें।
- सफाई के बाद गद्दे को हवा लगने दें या फिर कुछ देर धूप दिखाएं ताकि वह अच्छी तरह सूख जाए।
गद्दे को लंबे समय तक साफ रखने के आसान टिप्स
- महीने में एक बार धूप जरूर दिखाएं, धूप गद्दे की नमी और बदबू कम करने में मदद करती है।
- खाना खाते समय सावधानी रखें, बिस्तर पर खाना खाने से दाग पड़ने का खतरा बढ़ जाता है।
- गद्दे को पलटते रहें, समय-समय पर गद्दे को पलटने से उसकी उम्र बढ़ सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





