Source :- LIVE HINDUSTAN
रोज-रोज सब्जी के सेम स्वाद से बोर हो गए हैं, तो ये 1 मसाला आपको घर में बनाकर जरूर रख लेना चाहिए। इसे किसी भी में डाल दो, उसका स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाएंगे। आइए जानते हैं इसमें कौन-कौन से खड़े मसाले शामिल हैं।
रोज-रोज सब्जी के वही सेम स्वाद से आप भी बोर हो गए हैं, तो नई रेसिपीज ट्राई करने की जरूरत नहीं है। बस एक मसाले की मदद से आप अपनी सब्जी के स्वाद को पूरी तरह बदल सकते हैं। जी हां, तवे पर कुछ खड़े मसालों को भूनकर बनाया गया ये काला मसाला सब्जी के फ्लेवर को डबल कर देता है। आपको कुछ भी अलग से करने की जरूरत नहीं है, बस एक बार ये मसाला पीसकर रख लें और जो भी सब्जी बनाएं उसमें इसे मिला दें। फिर देखिए कैसे हर कोई पूछता है कि आपने सब्जी में ऐसा क्या डाला है, जो इतना अच्छा टेस्ट आ रहा है। घर बैठे रेस्टोरेंट स्टाइल सब्जी खानी है हो भी ये भुना मसाला एक बार आपको जरूर ट्राई करना चाहिए।
खड़े मसालों को भूनकर बनाएं ये काला मसाला
मार्केट में कई तरह के मसाले मिलते हैं जो सब्जी का स्वाद दोगुना बनाने का दावा करते हैं। लेकिन इनमें वो खुशबू और फ्लेवर मिसिंग होता है जो घर के बने मसाले में होता है। इसलिए कुछ खड़े मसालों की मदद से आप घर पर ही ये काला मसाला बनाकर तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आपको सूखी लाल मिर्च, ड्राई करी पत्ता, जीरा, काली मिर्च, साबुत धनिया, मेथी दाना, कसूरी मेथी, राई (सरसों के दाने) और थोड़े से तिल लेने हैं।
किस मसाले को कितनी मात्रा में लें?
आप एक बार में कितना मसाला बना रहे हैं, उस हिसाब से सभी चीजों की मात्रा को एडजस्ट कर सकते हैं। यहां हम आपके साथ मोटा-मोटा अनुपात शेयर कर रहे हैं, जिसे आप अपने हिसाब से कम ज्यादा कर सकते हैं। सूखी लाल मिर्च (5-6), मुट्ठीभर करी पत्ता, जीरा (2 चम्मच), काली मिर्च (5-6), साबुत धनिया (1 चम्मच), थोड़ा सा मेथी दाना, कसूरी मेथी, राई (आधा चम्मच) और सफेद तिल (1 चम्मच)।
तवे पर हल्की आंच में भून लें मसाले
गैस पर एक लोहे का तवा चढ़ाएं और इन सभी खड़े मसालों को ड्राई रोस्ट कर लें। इस दौरान गैस की आंच धीमी रखें ताकि मसाले जल्दी जले नहीं। अब इन्हें लगातार चलाते हुए भून लें। तब तक भूनें जब तक मसालों से खुशबू आनी शुरू ना हो जाए। इनका रंग भी हल्का बदलने लगेगा। बस इसी स्टेज पर आपको गैस बंद कर देनी है और मसालों को ठंडा होने के लिए रख देना है।
मिक्सर में बारीक पीस लें
ड्राई रोस्ट करने के बाद जब खड़े मसाले पूरी तरह ठंडे हो जाएं तो उन्हें मिक्सर जार में डालें और ग्राइंड कर लें। मसाले को पूरी तरह बारीक होने तक पीस लें ताकि ये सब्जी में डालने पर अच्छी तरह से मिक्स हो पाए। पीसने के बाद इसे एक साफ और सूखे एयर टाइट कंटेनर में स्टोर कर के रख लें।
सब्जी में कैसे इस्तेमाल करें ये भुना मसाला
ये भुना मसाला आप किसी भी सब्जी में इस्तेमाल कर सकते हैं। सब्जी बनाते समय जब मसाला अच्छी तरह भुन जाए और सब्जी डालने का समय हो, तो थोड़ा सा ये भुना मसाला भी एड कर दें। इसे सब्जी का स्वाद और खुशबू दोनों उभरकर आते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



