Home rss world hindi हूतियों का सऊदी अरब पर बड़ा हमला; हथियारों से भरे ट्रक किए...

हूतियों का सऊदी अरब पर बड़ा हमला; हथियारों से भरे ट्रक किए तबाह, अब पलटवार करेगा रियाद

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी-यमन सीमा पर अल-वादिया के पास हथियार से लदे ट्रकों पर बैलिस्टिक मिसाइल हमला कर उसे उड़ाने का दावा किया है।

ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी-यमन सीमा पर अल-वादिया के पास हथियार से लदे सऊदी अरब से जुड़े ट्रकों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला कर उड़ाने का दावा किया है। हूती मीडिया द्वारा जारी वीडियो में मिसाइल के ट्रकों से टकराने, भीषण विस्फोटों की श्रृंखला और आसमान में धुएं के घने गुबार दिख रहे हैं। विद्रोहियों के अनुसार, मिसाइलें स्थानीय स्तर पर निर्मित थीं और हमला अल-वादिया शिविर की ओर आ रहे हथियार काफिले पर किया गया। मंगलवार को सऊदी अरब ने दक्षिणी प्रांतों में तेल सुविधाओं पर हुए हमलों, आग लगने और 73 लोगों के घायल होने के बाद जवाबी कार्रवाई की बात कही गई है। रियाद ने कहा कि वह अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा।

यमन समाचार एजेंसी के हवाले से हूतियों ने कहा कि मिसाइलें ‘स्थानीय स्तर पर निर्मित’ थीं। उनके अनुसार, अल-वादिया शिविर में सऊदी ठिकानों और सैनिकों की निगरानी के बाद गोला-बारूद तथा हथियारों से भरे बड़ी संख्या में वाहन देखे गए। जारी फुटेज में मिसाइल के ट्रकों से टकराने, लगातार विस्फोट होने और आसमान में धुआं उठते देखा जा सकता है। वीडियो में विस्फोट के बीच शिविर से भागते सैनिक भी दिख रहे हैं। हालांकि स्वतंत्र रूप से इन दावों की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

बता दें कि यह हमला जुलाई में लगभग चार वर्ष पुराने अनौपचारिक युद्धविराम के टूटने के बाद सऊदी अरब और हूतियों के बीच बढ़ी हिंसा के बीच हुआ है।

सऊदी अरब ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

मंगलवार को सऊदी अरब ने हूती मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी। सऊदी अधिकारियों के अनुसार, रात भर चले हमलों में तेल सुविधाओं में आग लगी, कई स्थलों पर काम अस्थायी रूप से ठप हुआ और 73 लोग घायल हुए। ऊर्जा मंत्रालय ने कहा कि दक्षिणी प्रांतों में कई ऊर्जा प्रतिष्ठान हमले की चपेट में आए। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने अबहा, जाजान, नजरान और खमीस मुशैत को निशाना बनाए जाने की बात कही।

यह घटनाक्रम यमन में लड़ाई तेज होने के बीच आया है। सऊदी समर्थित और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार ने हूतियों से क्षेत्र वापस लेने की कोशिश तेज कर दी है। हूतियों ने रियाद पर हवाई हमलों का आरोप लगाया है, जिसमें एक जेल पर हमले में 11 लोगों की मौत का दावा भी शामिल है। सऊदी विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए हर तरह का उपाय करेगा। इसके साथ ही उसने हूती हमलों तथा लाल सागर में जहाजों पर हमलों को रोकने की मांग भी की।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN