Source :- LIVE HINDUSTAN

अमेरिका का 12 देशोें पर लगाया गया ट्रैवल बैन सोमवार यानी 9 जून को लागू होने वाला है। इसमें अफगानिस्तान, लीबिया और यमन भी शामिल हैं।

Ankit Ojha लाइव हिन्दुस्तानSun, 8 June 2025 05:20 PM
share Share
Follow Us on
अब US नहीं जा पाएंगे इन 12 देशों के लोग, जानें कब से लागू होगा ट्रैवल बैन; सात और देशों पर भी असर

अमेरिका का 12 देशों पर लगाया गया ट्रैवल बैन सोमवार को स्थानीय समय के अनुसार रात 12 बजकर 1 मिनट से लागू हो जाएगा। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘विदेशी आतंकियों’ से सुरक्षा का हवाला देते हुए यह प्रतिबंध लागू करने का ऐलान किया था। ट्रंप के इस फैसले में अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, कांगो, गुएना, इरिट्री, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन को शामिल किया गया है। इसके अलावा बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला पर भी आंशिक प्रतिबंध लगाए गए हैं।

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि कुछ देशों के लोग वीजा नियमों का उल्लंघन धड़ल्ले से करते हैं। वे शॉर्ट टर्म वीजा पर आने के बाद भी यहां से जाने को तैयार नहीं होते। इसके अलावा इन देशों के नागरिक कानून का उल्लंघन करने और आपराधिक कृत्यों में भी आगे रहते हैं। ऐसे में आतंकियों से देश को सुरक्षित रखने के लिए इनपर प्रतिबंध लगाना जरूरी हो गया है।

ट्रंप ने कोलोराडो में हुए हमले का जिक्र करते हुए भी कहा था कि इस तरह के लोग देश में शांतिभंग करने में लगे रहते हैं। कोलोराडो में एक मिस्र के नागरिक ने भीड़ पर गैसोलीन के गोले फेंक दिए थे। लोग इजरायल के समर्थन में प्रदर्शन करने के लिए जमा हुए थे। हालांकि मिस्र को इस ट्रैवल बैन देशों की लिस्ट में शामिल नहीं किया गया है।

बता दें कि नए कार्यकाल की शुरुआत से ही डोनाल्ड ट्रंप इमिग्रेशन को लेकर काफी सख्त हैं। चाड के राष्ट्रपति ने कहा है कि उन्होंने प्रशासन को निर्देश जारी कर दिया है कि अब अमेरिकी नागरिकों को भी उनके देश का वीजा ना दिया जाए। चाड के राष्ट्रपति ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उनके पास कतर की तरह अमेरिका को देने के लिए लग्जरी प्लेन नहीं है। ना ही चाड अमेरिका में बड़ा निवेश कर सकता है। हालांकि चाड के लोगों में स्वाभिमान जरूर है और उसकी रक्षा करना जरूरी है।

वहीं अफगानिस्तान से भागे लोगों को उम्मीद थी कि अमेरिका उन्हें स्थायी नागरिकता दे देगा। हालांकि अब अफगानिस्तान के नागरिकों को भी वापस लौटना पड़ सकता है। तालिबानी सरकार ने भी ऐलान किया है कि अफगानिस्तान से भागे हुए लोग अपने घरों को लौट आएं, उन्हें किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN