Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिका में बीते दिनों एक भारतीय छात्र को बुजुर्ग महिला से ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बीते महीने दो अन्य भारतीय छात्रों को भी इसी तरह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

अमेरिका के ओहियो में एक बुजुर्ग महिला से ठगी करने के आरोप में एक भारतीय छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक 21 वर्षीय भारतीय छात्र किशन कुमार सिंह ने कथित तौर पर एक कानून प्रवर्तन अधिकारी बनकर उत्तरी कैरोलिना की 78 वर्षीय महिला से ठगी करने की कोशिश की थी। वहीं किशन नाम के इस छात्र पर बुजुर्ग के साथ शोषण का आरोप भी लगाया गया है। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक किशन 2024 से स्टूडेंट वीजा पर ओहियो के सिनसिनाटी में रह रहा था। स्थानीय पुलिस ने एक बयान में कहा है कि महिला को बीते कई दिनों से ऐसे कॉल आ रहे थे जिनमें सामने वाले खुद को अधिकारी बता रहे थे। फोन करने वालों ने महिला से कहा कि उसका नाम देश के दूसरे हिस्से में आपराधिक गतिविधि से जुड़ा हुआ है।
पीड़िता को कॉल करने वालों ने बताया कि उसके बैंक अकाउंट से छेड़छाड़ की गई है। आरोपी ने महिला से कहा कि उसे उसके पैसे सुरक्षित रखने हैं तो वह उन्हें खाते में ना रखें। पुलिस ने बताया कि महिला ने आरोपियों के कहने पर पैसे निकाले। हालांकि जब भारतीय छात्र एक फेडरल एजेंट बनकर पैसे लेने आया तब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। भारतीय छात्र को गिरफ्तारी के बाद गिलफोर्ड काउंटी डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। बता दें कि अमेरिका में बीते महीने भी 2 अन्य भारतीय छात्रों को इस तरह के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN