Source :- KHABAR INDIATV

Image Source : INSTAGRAM
जानी-मानी एक्ट्रेस थीं वहीदा रहमान की ननद प्रिया राजवंश

फिल्मी दुनिया में ऐसे कई नाम रहे, जिन्होंने खूब नाम कमाया, लेकिन उनकी जिंदगी का अंत बेहद दर्दनाक रहा। दिव्या भारती से लेकर जिया खान तक, इंडस्ट्री में ऐसे ढेरों नाम हैं जिनकी मौत आज भी मिस्ट्री बनी हुई है। स्टारडम हासिल करने के बाद भी इनकी जिंदगी का अंत बेहद दुखद रहा। इन्हीं में से एक रहीं विरा सुंदर सिंह, जिन्हें प्रिया राजवंश के नाम से भी जाना जाता था। प्रिया राजवंश अपने पूरे करियर में सिर्फ 7 फिल्मों में नजर आईं, जिनमें से एक ‘हीर रांझा’ और ‘हंसते जख्म’ भी शामिल है। इन फिल्मों में शानदार अभिनय के लिए प्रिया राजवंश को आज भी याद किया है। प्रिया राजवंश की एक्टिंग के साथ-साथ उनकी खूबसूरती के भी खूब चर्चे रहे। वहीं उनकी पर्सनल लाइफ भी किसी से छुपी नहीं थी। लेकिन, प्रिया राजवंश से जुड़ी एक बात जो रहस्य बनकर रह गई, वो थी उनकी मौत।

जब चेतन आनंद के हाथ लगी प्रिया राजवंश की तस्वीर

एक सरकारी अधिकारी सुंदर सिंह के घर जन्मीं प्रिया राजवंश के बचपन का नाम वीरा सुंदर सिंह था। उन्होंने शिमला से अपनी पढ़ाई पूरी की और बाद में उनके पिता का ट्रांसफर लंदन हो गया, जिसके चलते प्रिया ने अपनी आगे की पढ़ाई रॉयल एकेडमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट्स लंदन से की। प्रिया के पिता का दूर-दूर तक फिल्मों से कोई नाता नहीं था, लेकिन प्रिया को एक्टिंग में खासी रुचि थी। एक्टिंग सीखते हुए ही उन्हें मॉडलिंग के ऑफर मिलने लगे। इसी बीच उनकी एक तस्वीर देव आनंद के भाई चेतन आनंद के हाथ लगी, जिसे देखकर उन्होंने प्रिया को अपनी फिल्म में लेने का मन बना लिया। प्रिया राजवंश वहीदा रहमान के पति कमलजीत की बहन थीं।

देव आनंद के भाई चेतन आनंद ने फिल्मों में दिया ब्रेक

चेतन आनंद ने प्रिया राजवंश को पहला ब्रेक दिया और उन्हें अपनी फिल्म ‘हकीकत’ में कास्ट किया। चेतन उन दिनों जाने-माने डायरेक्टर हुआ करते थे। फिल्म रिलीज हुई और हिट साबित हुई। फिल्म में काम करते हुए ही प्रिया की चेतन आनंद से नजदीकियां बढ़ने लगीं और चेतन को भी खुद से 15 साल छोटी एक्ट्रेस से प्यार हो गया। वह प्रिया राजवंश की खूबसूरती पर फिदा थे। चेतन आनंद पहले से शादीशुदा थे, लेकिन अपनी पर्सनल लाइफ में खुश नहीं थे। कहा जाता है कि चेतन आनंद बिना शादी किए ही प्रिया राजवंश के साथ लिव इन में रहने लगे, ऐसे में उनकी पत्नी और बेटे इस बात से बिलकुल खुश नहीं थे।

Priya Rajvansh

Image Source : INSTAGRAM

पर्सनल लाइफ को लेकर भी खूब चर्चा में रहीं प्रिया राजवंश

चेतन आनंद ने अपनी संपत्ति में प्रिया राजवंश को दिया था हिस्सा

चेतन आनंद के अपनी पत्नी उमा आनंद से दो बेटे केतन आनंद और विवेक आनंद थे। मामला तब और बढ़ गया, जब चेतन आनंद ने अपनी प्रॉपर्टी में प्रिया को भी अपने बेटों जितना हिस्सा दे दिया। कुछ समय बाद चेतन आनंद का निधन हो गया और अचानक से चीजें अभिनेत्री के लिए मुश्किल हो गईं। प्रिया राजवंश अकेली पड़ गईं। करीब तीन साल उन्होंने अकेले ही काटे और इस दौरान चेतन आनंद के बंगले में ही रहीं।

प्रिया राजवंश की मौत

27 मार्च 2000 को अचानक प्रिया राजवंश से जुड़ी एक खबर आई, जिसने सबको हैरान कर दिया। खबर थी उनकी मौत की, जिसने सबको चौंका दिया। पुलिस जांच में पता चला कि उनकी मौत नेचुरल डेथ नहीं थी, बल्कि उनका कत्ल हुआ था। चेतन आनंद के बेटों केतन और विवेक आनंद के साथ-साथ उनके कर्मचारियों माला चौधरी और अशोक चिन्नास्वामी पर प्रिया की हत्या का मामला दर्ज किया गया। उनका मकसद अपने पिता की संपत्ति में उसका हिस्सा लेना था। प्रिया राजवंश की मौत के मामले में इन्हें गिरफ्तार किया गया। एक्ट्रेस ने अपनी डायरी में केतन और विवेक द्वारा वसीयत लौटाने का दवाब बनाने का जिक्र किया था। इसी के आधार पर पुलिस ने चेतन आनंद के बेटों को गिरफ्तार किया था। लेकिन, ठोस सबूत के अभाव में उन्हें बरी कर दिया गया और प्रिया राजवंश की मौत अनसुलझी गुत्थी बनकर रह गई।

Latest Bollywood News

SOURCE : KHABAR INDIATV