Source :- LIVE HINDUSTAN

नित्या रमन के पति हॉलीवुड के जाने-माने टेलीविजन स्क्रीनराइटर हैं। उन्होंने ‘मॉडर्न फैमिली’ जैसे बेहद मशहूर अमेरिकी सिटकॉम के एपिसोड लिखे और प्रोड्यूस किए हैं।

भारतीय मूल की नित्या रमन सुर्खियों में आ गई है। केरल में जन्मीं नित्या ने लॉस एंजिल्स में झंडा गाड़ दिया है। नित्या रमन हाल ही में अमेरिका के कैलिफोर्निया में हुए प्राइमरी चुनावों में बढ़त बनाकर नवंबर 2026 में होने वाले मेयर चुनाव के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। यहां उनका सीधा मुकाबला मौजूदा मेयर करेन बास से होगा।

इससे पहले मंगलवार को 2026 के प्राइमरी चुनावों के नतीजे साफ हो गए। लॉस एंजिल्स की प्रोग्रेसिव सिटी काउंसिल सदस्य नित्या रमन ने एक बड़ा राजनीतिक उलटफेर करते हुए रियलिटी टीवी स्टार स्पेंसर प्रैट को शिकस्त दे दी है। अब निगाहें मेयर के चुनाव पर टिकी हैं। इस चुनाव को जीतकर वे लॉस एंजिलिस की पहली दक्षिण एशियाई मेयर बन सकती हैं।

कौन हैं नित्या रमन?

नित्या रमन का जन्म 1981 में केरल में एक तमिल परिवार में हुआ था। जब वह छह साल की थीं, तब उनका परिवार अमेरिका के लुइसियाना में जाकर बस गया था। यहां उन्होंने अमेरिका के प्रतिष्ठित हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल थ्योरी में ग्रेजुएशन किया। इसके बाद, उन्होंने एमआईटी से अर्बन प्लानिंग में मास्टर डिग्री हासिल की। दिलचस्प बात यह है कि अमेरिका में पढ़ाई पूरी करने के बाद नित्या कुछ समय के लिए भारत भी लौटीं। यहां चेन्नई में उन्होंने ‘ट्रांसपेरेंट चेन्नई’ नाम के एक संगठन की स्थापना की। इसके जरिए वे शहर में स्वच्छता और प्रशासन में पारदर्शिता में सुधार करना चाहती थीं।

राजनीति का सफर कैसा?

इसके बाद नित्य 2013 में लॉस एंजिल्स शिफ्ट हो गईं। यहां उन्होंने बेघर लोगों की समस्या पर काम करना शुरू किया। उन्होंने ‘SELAH नेबरहुड होमलेस कोएलिशन’ की सह-स्थापना की, जिसके जरिए उन्होंने लॉस एंजिल्स में बेघरों को आश्रय और दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। 2020 में बड़ा मोड़ आया जब नित्या रमन ने तत्कालीन काउंसिल सदस्य डेविड रियू को हराकर लॉस एंजिल्स सिटी काउंसिल की सीट जीती ली। यहां वह लॉस एंजिल्स सिटी काउंसिल के इतिहास में चुनी जाने वाली पहली दक्षिण एशियाई महिला बनीं।

आखिरी वक्त में लिया चुनाव लड़ने का फैसला

नित्या मेनन ने फरवरी 2026 में उन्होंने चौंकाने वाला फैसला लेते हुए लॉस एंजिल्स के मेयर पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की। जून 2026 की काउंटिंग में शुरुआती दौर में पीछे रहने के बाद, पोस्टल बैलेट की गिनती में उन्होंने बड़ी बढ़त बनाई और फाइनल मुकाबले का टिकट हासिल किया। निजी जिंदगी की बात करें तो नित्या रमन के पति वली चंद्रशेखरन हॉलीवुड के एक जाने-माने टेलीविजन स्क्रीनराइटर और प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने मॉडर्न फैमिली जैसे बेहद लोकप्रिय अमेरिकी सिटकॉम के एपिसोड लिखे और प्रोड्यूस किए हैं। वे एमी अवॉर्ड्स के लिए भी नॉमिनेट हो चुके हैं। उनके 2 जुड़वा बच्चे हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN