Source :- KHABAR INDIATV
रोहित शर्मा
रोहित शर्मा अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। अब IPL 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 56वें मैच में उनकी नजरें धमाकेदार पारी जड़ने पर लगी होंगी। इस दौरान उनके निशाने पर एक ऐसा रिकॉर्ड होगा, जो आज तक कोई भी भारतीय बल्लेबाज नहीं बना सका है।
रोहित शर्मा का IPL 2025 में आगाज बेहद खराब रहा था। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुंबई के लिए पहले मैच में वह अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे। अगले 5 मैचों में भी उनका बल्ला शांत रहा। पहले 6 मैचों में रोहित सिर्फ 82 रन बना सके। हालांकि, इसके बाद रोहित ने खराब फॉर्म को पीछे छोड़ते हुए अपने 7वें मैच में चेन्नई के खिलाफ धमाकेदार 76 रनों की पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उस मैच के बाद से हिटमैन तीन अर्धशतक जड़ चुके हैं और अब उनकी कोशिश गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपना चौथा अर्धशतक जड़ने की होगी।
IPL में बनेगा नया इतिहास
रोहित मुंबई के लिए ओपनिंग करते हैं और पावरप्ले में बड़े शॉट के जरिए तेजी से रन बटोरने के लिए जाने जाते हैं। गुजरात के खिलाफ भी वह ज्यादा से ज्यादा रन बाउंड्री के जरिए बटोरना चाहेंगे। इस दौरान उनके पास IPL में नया इतिहास रचने का मौका होगा। दरअसल, रोहित IPL में 300 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन सकते हैं। इस ऐतिहासिक मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्हें सिर्फ 3 छक्कों की दरकार है। गुजरात के खिलाफ 3 छक्के जड़ते ही वह IPL में क्रिस गेल के बाद 300 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने वाले ओवरऑल दूसरे बल्लेबाज और भारत के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। भारत की ओर से आज तक कोई भी बल्लेबाज IPL में 300 छक्के नहीं जड़ सका है।
IPL में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज
- क्रिस गेल – 357
- रोहित शर्मा – 297
- विराट कोहली – 290
- महेंद्र सिंह धोनी – 262
- एबी डिविलियर्स – 251
रोहित ने इस सीजन अब तक 10 मैचों में 32.55 के औसत से 293 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर नाबाद 76 रन है, जो चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आया था। वह मौजूदा सीजन में मुंबई इंडियंस के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
SOURCE : KHABAR INDIAN TV