Source :- LIVE HINDUSTAN

ढेर सारा खाना खाने के बाद भी अगर आपका शरीर दुबला-पतला ही बना रहता है, तो जरूरत है एक ऐसे आसान स्वादिष्ट और पोषण से भरे उपाय की, जिससे बिना ज्यादा स्ट्रगल के आप अपना वजन बढ़ा सकें। इसके लिए बनाना शेक एक हेल्दी ऑप्शन हो सकता है।

मोटापे की तरह ही बहुत ज्यादा दुबलापन भी हेल्थ के लिए नुकसानदायक होता है। जो लोग बहुत ज्यादा पतले होते हैं, उनमें एनर्जी की कमी होती है और साथ ही कोई भी काम करते हुए वे बहुत जल्दी थक जाते हैं। इसके अलावा ज्यादा दुबलापन कुछ लोगों में आत्मविश्वास की भी कमी ला सकता है। अब वजन घटाना जितना मुश्किल है, वजन बढ़ाना भी उतना ही मुश्किल है। ढेर सारा खाना खाने के बाद भी अगर आपका शरीर दुबला-पतला ही बना रहता है, तो जरूरत है एक ऐसे आसान स्वादिष्ट और पोषण से भरे उपाय की, जिससे बिना ज्यादा स्ट्रगल के आप अपना वजन बढ़ा सकें। इसके लिए बनाना शेक एक हेल्दी ऑप्शन हो सकता है। चलिए जानते हैं बनाना शेक बनाने की कुछ तरीके, जिससे आपको वजन बढ़ाने में मदद मिलेगी।

क्लासिक बनाना शेक

क्लासिक बनाना शेक बनाना बहुत ही आसान है। इसमें मौजूद फुल क्रीम दूध और केले से शरीर को भरपूर एनर्जी मिलती है। इसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन और कैलोरी मौजूद होती हैं, जिससे वजन तेजी से बढ़ता है। क्लासिक बनाना शेक बनाने के लिए दो केले, एक गिलास फुल क्रीम दूध, चार-पांच भिगोए हुए बादाम और एक बड़ा चम्मच शहद लें। अब इन सारी चीजों को मिक्सर जार में डालकर अच्छे से ब्लेंड कर लें। इस तरह से आपका क्लासिक बनाना शेक बनाकर तैयार हो जाएगा। इसे सुबह या शाम अपनी डाइट में शामिल करें।

ओट्स बनाना शेक

ओट्स बनाना शेक बनाने के लिए दूध और बनाना के अलावा पीनट बटर और ओट्स की जरूरत होती है। ओट्स और पीनट बटर से शरीर को हेल्दी फैट्स और फाइबर मिलते हैं, जिससे मसल्स को मजबूती मिलती है। इसे बनाने के लिए एक केला, थोड़े से पानी में सोक किए हुए दो चम्मच ओट्स, एक गिलास दूध, एक चम्मच पीनट बटर और एक चम्मच शहद लें। अब इन सारी चीजों को एक साथ मिक्सर जार में डालें और ब्लेंड करते हुए गाढ़ा शेक तैयार करें। इस शेक को सुबह ब्रेकफास्ट में लेने से शरीर को बहुत फायदा मिलता है।

ड्राई फ्रूट्स बनाना शेक

ड्राई फ्रूट्स के साथ तैयार की गई बनाना शेक, शरीर को भरपूर एनर्जी देती है और इसमें मौजूद हेल्दी फैट्स और प्रोटीन वजन बढ़ाने में भी मदद करते हैं। इस बनाना शेक को बनाने के लिए चार-पांच बादाम, दो अखरोट, 3-4 काजू को रात में पानी में भिगोकर रख दें। सुबह ड्राई फ्रूट्स को मिक्सर जार में डालें। अब इसमें एक केला, एक गिलास दूध और एक चम्मच शहद एड करें। सभी चीजों को अच्छे से ब्लेंड करते हुए गाढ़ा शेक तैयार करें। आप इस शेक को सुबह के ब्रेकफास्ट में ले सकते हैं।

चॉकलेट बनाना शेक

वजन बढ़ाने के लिए चॉकलेट बनाना शेक पीना भी काफी फायदेमंद है। यह बहुत स्वादिष्ट होता है और साथ ही इसमें मौजूद हेल्दी फैट्स वजन बढ़ाने में भी मदद करता है। चॉकलेट बनाना शेक बनाने के लिए एक केला, एक गिलास दूध, एक बड़ा चम्मच चॉकलेट सिरप या कोको पाउडर और एक छोटा चम्मच पीनट बटर लें। इन सारी चीजों को मिक्सर जार में डालकर अच्छे से ब्लेंड कर ले। आप चाहें तो इसमें एक छोटा बर्फ का टुकड़ा भी एड कर सकते हैं, जो टोटली ऑप्शनल है। इस तरह से आपका चॉकलेट बनाना शेक बनकर तैयार हो जाएगा।

दही बनाना शेक

दही के साथ तैयार किया गया बनाना शेक भी हेल्थ के लिए बहुत ही ज्यादा फायदेमंद है। दही से पाचन सुधरता है और इससे तैयार बनाना शेक शरीर को भरपूर कैलोरी भी देता है। दही बनाना शेक बनाने के लिए एक केला, आधा कप गाढ़ा दही, आधा कप दूध और एक चम्मच शहद लें। स्वाद को बढ़ाने के लिए आप थोड़ी सी इलायची भी ले सकते हैं। इन सारी चीजों को एक मिक्सर जार में लेकर अच्छे से ब्लेंड करके शेक तैयार करें। ध्यान रहे कि शेक को बनाने के बाद इसे तुरंत पी लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN