Source :- LIVE HINDUSTAN

दोपहर का खाना खाने के बाद अगर आपकी आंखें बार-बार बंद होने लगती हैं, तो इसकी वजह सिर्फ आलस नहीं हो सकती। खानपान और पाचन से जुड़ी कुछ आदतें भी इसके पीछे जिम्मेदार हो सकती हैं।

दोपहर का खाना खाते ही अगर आपका मन काम छोड़कर बिस्तर पर जाने का करने लगता है, तो आप अकेले नहीं हैं। ऑफिस में हों या घर पर, बहुत से लोग लंच के बाद सुस्ती और नींद महसूस करते हैं। अक्सर लोग इसे आलस समझ लेते हैं, लेकिन हर बार ऐसा नहीं होता।

कई बार आपकी थाली में क्या है, कितना खाया है और शरीर उसे कैसे पचा रहा है, यही तय करता है कि आप एनर्जेटिक महसूस करेंगे या नींद से भरा हुआ। न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह के अनुसार, भारी खाना, ज्यादा मीठी चीजें और कमजोर पाचन इस समस्या की बड़ी वजह हो सकते हैं।

क्या लंच के बाद नींद आना सामान्य है?

हल्की सुस्ती महसूस होना आम बात है, लेकिन अगर रोजाना खाना खाने के बाद काम करने का मन ना करे, आंखें भारी लगें या शरीर में ऊर्जा कम महसूस हो तो इसके पीछे कुछ खास कारण हो सकते हैं।

1. जरूरत से ज्यादा खाना खा लेना

कई लोग दोपहर के समय पेट भरने से भी ज्यादा खाना खा लेते हैं। जब भोजन ज्यादा मात्रा में होता है, तो उसे पचाने के लिए शरीर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। शरीर की ऊर्जा का बड़ा हिस्सा पाचन में लगने लगता है और आपको सुस्ती महसूस होने लगती है।

2. मीठी चीजों के कारण अचानक ऊर्जा गिरना

लंच के बाद चाय, मिठाई, बिस्कुट, केक या मैदे से बनी चीजें खाना बहुत लोगों की आदत होती है। इन चीजों से शरीर में शर्करा तेजी से बढ़ती है। शुरुआत में आपको थोड़ी ऊर्जा महसूस होती है, लेकिन कुछ समय बाद यह स्तर तेजी से नीचे आता है। इसी वजह से शरीर थका हुआ और सुस्त लगने लगता है।

3. कमजोर पाचन भी हो सकता है कारण

अगर खाना खाने के बाद पेट भारी लगता है, गैस बनती है या बार-बार आलस महसूस होता है, तो यह कमजोर पाचन का संकेत हो सकता है। जब पाचन ठीक से काम नहीं करता, तो शरीर को भोजन को तोड़ने और पचाने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इसका असर आपकी ऊर्जा पर भी पड़ता है।

दिनभर एक्टिव रहने के लिए क्या करें?

  • हर भोजन में प्रोटीन जरूर शामिल करें: दाल, पनीर, अंडा, दही, चना या अन्य प्रोटीन वाली चीजें पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराती हैं और ऊर्जा को स्थिर रखने में मदद करती हैं।
  • एक बार में बहुत ज्यादा ना खाएं: पेट भरने से पहले ही खाना बंद करना बेहतर होता है। इससे पाचन पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता।
  • खाने के बाद थोड़ी देर टहलें: लंच के बाद पांच से दस मिनट की हल्की सैर पाचन को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है।
  • पानी पीते रहें: शरीर में पानी की कमी भी थकान और सुस्ती की वजह बन सकती है।

नोट: अगर लंच के बाद रोजाना नींद और सुस्ती महसूस होती है, तो इसे सिर्फ आलस समझकर इग्नोर ना करें। कई बार भारी भोजन, मीठी चीजों का ज्यादा सेवन और कमजोर पाचन इसकी असली वजह होते हैं। इसके अलावा किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए अन्य डॉक्टर से उचित सलाह ले सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN