Source :- LIVE HINDUSTAN

गर्मियों के लिए मुल्तानी मिट्टी बहुत अच्छी होती है। सदियों से इसका इस्तेमाल स्किन से एक्सट्रा तेल सोखने, रंगत सुधारने और स्किन को ठंड़क देने के लिए किया जा सकता है। यहां जानिए बेजान स्किन को निखारने के लिए कैसे लगाएं मुल्तानी मिट्टी।

मुल्तानी मिट्टी स्किन से एक्स्ट्रा सीबम यानी तेल और गंदगी को स्किन से खींच कर बाहर निकालती है जिससे त्वचा साफ और मैट दिखती है। इस मिट्टी के एंटी-बैक्टीरियल गुण मुंहासों को सुखाने और उन्हें दोबारा होने से रोकने में मदद करते हैं। इतना ही नहीं यह डेड स्किन सेल्स को हटाकर चेहरे पर नेचुरल ग्लो लाती है और टैनिंग कम करती है। मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल आप फेस पैक बनाकर कर सकते हैं, ये चेहरे के पोर्स को गहराई से साफ करती है, जिससे ब्लैकहेड्स की समस्या कम होती है। गर्मी के मौसम में होने वाले रैशेज, सनबर्न और जलन को शांत करने में यह बेहद असरदार होता है। अगर गर्मियों में आपकी स्किन बेजान हो गई है तो इसे निखारने के लिए यहां बताए फेस पैक का इस्तेमाल करें। ये फेस पैक एक बार लगाने पर ही कमाल कर सकता है।

फेस पैक बनाने की सामग्री

– एक चम्मच मुल्तानी मिट्टी पाउडर

-एक चम्मच बेसन

-आधा छोटा चम्मच फिटकरी पाउडर

– छह बड़े चम्मच कच्चा दूध

– आधा छोटा चम्मच नारियल का तेल

फेस पैक बनाने की विधि

इस फेस पैक को बनाने के लिए पहले सारे ड्राई पाउडर को एक साथ अच्छी तरह से मिला लें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके कच्चा दूध मिलाएं। जरूरी नहीं है कि पैक बनाने के लिए आपको पूरे छह चम्मच दूध का इस्तेमाल करना है, बल्कि थोड़ा-थोड़ा दूध डालें अगर कम डालने पर स्मूद कंसिस्टेंसी मिल जाए तो और ना डालें। अंत में थोड़ा सा नारियल तेल डालें और अच्छे से मिक्स करें।

कैसे लगाएं फेस पैक

चेहरे को धोने के बाद इस फेस पैक को चेहरे पर 15 मिनट के लिए लगाएं और फिर साफ पानी से धो लें। इसका इस्तेमाल रोज न करें, नहीं तो त्वचा बहुत ज्यादा ड्राई हो सकती है। इसके अलावा फेस पैक को चेहरे पर इतना न सुखाएं कि चेहरे की त्वचा खिंचने लगे और दरारें पड़ जाएं। वैसे तो इस फेस पैक में तेल और कच्चे दूध का इस्तेमाल किया है जो स्किन को मॉइश्चराइज करते हैं लेकिन फिर भी मुल्तानी मिट्टी धोने के बाद चेहरे पर एक अच्छा मॉइस्चराइजर या एलोवेरा जेल जरूर लगाएं।

डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल आपकी जानकारी के लिए है। साथ ही याद रखें कि हर किसी की स्किन अलग-अलग होती है, इसलिए किसी भी तरह के नुस्खे को अपनाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या आपको किसी भी तरह की एलर्जी है, तो किसी नई चीज को लगाने से पहले एक्सपर्ट की सलाह लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN