Source :- LIVE HINDUSTAN
Rice Water Toner: चेहरे की चमक बढ़ाने और दाग-धब्बों को हल्का करने के लिए लोग महंगे प्रोडक्ट्स पर खूब पैसे खर्च करते हैं। लेकिन आपकी रसोई में मौजूद चावल से बना आसान टोनर भी त्वचा को ताजगी और निखार देने में मदद कर सकता है।
महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट्स, तरह-तरह के फेस सीरम और ब्यूटी ट्रीटमेंट्स पर पैसे खर्च करने के बाद भी अगर चेहरे पर वो नेचुरल निखार नहीं दिख रहा, तो एक बार अपनी रसोई की तरफ नजर घुमाइए। जिस चावल को आप रोज खाने के लिए इस्तेमाल करते हैं, वही आपकी त्वचा के लिए भी कमाल कर सकता है।
सोशल मीडिया से लेकर ब्यूटी एक्सपर्ट्स तक, चावल के पानी की चर्चा इन दिनों खूब हो रही है। इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ना ज्यादा मेहनत लगती है और ना ही जेब पर बोझ पड़ता है। अगर चेहरे की रंगत फीकी लगने लगी है, छोटे-मोटे दाग-धब्बे परेशान करते हैं और आप आसान घरेलू उपाय ढूंढ़ रहे हैं, तो यह नुस्खा आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
चावल का पानी त्वचा के लिए क्यों फायदेमंद माना जाता है?
चावल के पानी में ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो त्वचा को मुलायम और तरोताजा महसूस कराने में मदद करते हैं। नियमित इस्तेमाल से त्वचा ज्यादा साफ और चमकदार नजर आ सकती है। कई लोग इसे दाग-धब्बों कम करने के लिए भी इस्तेमाल करते हैं।
घर पर कैसे बनाएं चावल का पानी?
- एक कटोरी चावल अच्छी तरह धो लें।
- अब चावल को साफ पानी में भिगो दें।
- इसे पूरी रात फ्रिज के अंदर रखें।
- अगली सुबह पानी को छान लें।
- इस पानी को एक साफ बोतल में भरकर रख लें, आपका घरेलू टोनर तैयार है।
इसे चेहरे पर कैसे लगाएं?
चेहरा धोने के बाद रुई की मदद से इस पानी को पूरे चेहरे और गर्दन पर लगाएं। इसे कुछ देर त्वचा पर रहने दें और फिर सामान्य पानी से चेहरा साफ कर लें। कई लोग इसे रात के समय लगाना पसंद करते हैं।
त्वचा की चमक बढ़ाने में कैसे मदद कर सकता है?
धूल, धूप और प्रदूषण के कारण त्वचा की प्राकृतिक चमक कम होने लगती है। चावल का पानी त्वचा को ताजगी देने में मदद करता है जिससे चेहरा ज्यादा फ्रेश और निखरा हुआ दिखाई दे सकता है।
दाग-धब्बों कम करने में मदद
चेहरे पर मौजूद पुराने निशान और असमान रंगत कई लोगों की परेशानी बन जाते हैं। नियमित देखभाल के साथ चावल के पानी का इस्तेमाल त्वचा को अधिक समान और साफ दिखाने में मदद करता है।
इस्तेमाल करते समय रखें इन बातों का ध्यान
- हमेशा साफ पानी और साफ बर्तन का उपयोग करें।
- टोनर को ज्यादा दिनों तक ना रखें।
- त्वचा पर किसी तरह की जलन महसूस हो तो इस्तेमाल बंद कर दें।
- बहुत संवेदनशील त्वचा वाले लोग पहले थोड़ा लगाकर जांच कर सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




