Source :- LIVE HINDUSTAN
कुछ टेस्टी और हेल्दी खाना है, जो फटाफट बन जाए तो ये वेजिटेरियन ब्रेड ऑमलेट या बेसन टोस्ट आपको जरूर ट्राई करना चाहिए। ये प्रोटीन रिच नाश्ता इतना टेस्टी है कि एक बार खाने के बाद आप बार-बार ये रेसिपी ट्राई करेंगे।
सुबह का नाश्ता हो या शाम की हल्की भूख, हम अक्सर कुछ ऐसा ढूंढते हैं जो फटाफट से बन जाए और पेट भी भर दे। ऊपर से अगर वो हेल्दी भी हो, तो फिर कहना ही क्या। आज एक ऐसी ही परफेक्ट रेसिपी हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं। ये बनाने में सिंपल है और प्रोटीन से भरपूर है। टेस्ट ऐसा कि बच्चों से ले कर बड़ों तक को ये नाश्ता खूब पसंद आएगा। इसे आप वेजिटेरियन ब्रेड ऑमलेट भी कह सकते हैं या फिर बेसन टोस्ट भी। इसकी एक सर्विंग में आपको 13 ग्राम के करीब प्रोटीन मिल जाता है। उन दिनों के लिए ये नाश्ता परफेक्ट है, जब आपका कुछ बनाने का मन ना करे और कुछ टेस्टी भी खाने का मन हो। इसके लिए आपको कोई फिलिंग वगैरह तैयार नहीं है, सिंपल ब्रेड की स्लाइसेज और कुछ मसालों से आप इसे बना सकते हैं। आइए रेसिपी जान लेते हैं।
वेजिटेरियन वेज ऑमलेट बनाने के लिए सामग्री
ये प्रोटीन रिच वेजिटेरियन वेज ऑमलेट बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- ब्राउन ब्रेड (6 स्लाइसेज), बेसन (1 कप), अलसी के बीजों का पाउडर (2 चम्मच), नमक (स्वादानुसार), काली मिर्च का पाउडर (1 चम्मच), लाल मिर्च पाउडर (1 चम्मच), धनिया पाउडर (1 चम्मच), हल्दी पाउडर (आधा चम्मच), बारीक कटी हुई प्याज (1), बारीक कटा हुआ टमाटर (1), कटी हुई हरी मिर्च (1-2), ताजा धनिया पत्ता (2 चम्मच), कटा हुआ पालक (आधा कप), पानी और तेल जरूरत अनुसार।
फटाफट बन जाएगा प्रोटीन से भरपूर ये नाश्ता
प्रोटीन रिच बेसन टोस्ट या वेजिटेरियन ब्रेड ऑमलेट सुबह के नाश्ते या शाम की छोटी भूख के लिए एक परफेक्ट रेसिपी है। जब भी कुछ हेल्दी और टेस्टी खाने का मन हो, लेकिन रसोई में ज्यादा टाइम नहीं बिताना हो तो ये नाश्ता आपको जरूर ट्राई करना चाहिए। इसके लिए सबसे पहले बेसिक तैयारियां कर के रख लें, जैसे टमाटर, प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया को बारीक काटना। अगर पालक ले रहे हैं तो उसे भी बारीक चॉप कर लें। इसके बाद सारा काम फटाफट हो जाएगा।
अब एक बाउल में बेसन लें। उसमें अलसी के बीजों का पाउडर, स्वादानुसार नमक, काली मिर्च का पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और हल्दी पाउडर डालकर मिक्स करें। साथ में बारीक कटी हुई प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया और पालक एड करें। इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर एक गाढ़ा स्मूद बैटर तैयार करें। इस बैटर को लगभग 10 मिनट के ऐसे ही छोड़ दें।
इसके बाद ब्राउन ब्रेड की स्लाइसेज को ट्राएंगल शेप में काट लें। इन्हें बेसन वाले बैटर में डिप करें और अच्छी तरह कोट कर लें। एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें और ब्रेड को दोनों साइड से गोल्डन ब्राउन और क्रिस्पी होने तक सेंक लें। इनके किनारों पर थोड़ा सा तेल लगाकर सेंक लें। बेसन टोस्ट बनकर तैयार हैं, इन्हें गरमा-गरम केचअप या चटनी के साथ सर्व करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





