Source :- LIVE HINDUSTAN
वॉशिंग मशीन में कपड़े धोते हुए अक्सर ऐसा कोई ना कोई कपड़ा जरूर मिल जाता है, जिसका रंग निकलता हो। इस कपड़े का कलर बाकी के कपड़ों को भी खराब कर देता है। ऐसे में धोबी की बताई ये ट्रिक आपको नोट कर लेनी चाहिए।
आजकल ज्यादातर लोग वॉशिंग मशीन में ही कपड़े वॉश करते हैं। इनमें कपड़े जल्दी धुल तो जाते हैं, लेकिन अगर कोई कपड़ा रंग छोड़ने वाला हो तो बड़ी परेशानी होती है। गलती से भी अगर ऐसा कपड़ा आप वॉशिंग मशीन में धुलने के लिए डाल दें, तो बाकी के कपड़ों पर भी रंग लग जाता है। ऐसे में बाकी के कपड़े भी खराब हो जाते हैं। अक्सर ये प्रॉब्लम तब होती है, जब पता ही ना चले कि कपड़ा रंग छोड़ता है या नहीं। क्योंकि बिना वॉश किए ये पता करना थोड़ा मुश्किल होता है। नए कपड़ों में खासकर ये रंग छोड़ने वाली समस्या आती है, ऐसे में आप पहले इन्हें चेक कर सकते हैं ताकि कोई दिक्कत ना हो। कपड़ा रंग छोड़ता है या नहीं इस 1 ट्रिक से तुरंत पता लग जाएगा, साथ ही इसे रोकना कैसे है ये टिप्स भी हम आपके साथ साझा कर रहे हैं।
कपड़ा रंग छोड़ेगा या नहीं, इस 1 ट्रिक से पता करें
वॉशिंग मशीन में किसी भी नए कपड़े को धोने डालने से पहले आपको ये ट्रिक फॉलो जरूर कर के देख लेनी चाहिए। इससे बिल्कुल साफ पता लग जाएगा कि कपड़ा रंग छोड़ रहा है या नहीं। इसके लिए आपको कोई भी लिक्विड डिटर्जेंट लेना है। इसे कपड़े के एक कोने पर लगा दें और उस हिस्से को पानी में भिगोकर छोड़ दें। ध्यान रहे पानी गर्म होना चाहिए। 5 मिनट के अंदर-अंदर अगर पानी का रंग बदल गया है, तो समझ लिजिए ये कपड़ा रंग छोड़ने वाला है। ऐसे कपड़े को अलग से वॉश करना सही रहता है। बाकी कपड़ों के साथ इसे धोना अवॉइड ही करें।
कपड़ों के रंग को ऐसे करें फिक्स
अब अगर आप चाहते हैं कि आपके कपड़ों का रंग बार-बार ना निकले, तो ये सिंपल सी धोबी वाली ट्रिक आजमाकर देखें। इसके लिए आपको एक बाल्टी या टब में गर्म पानी लेना है, इसमें 100-150 ग्राम के करीब खाने वाला नमक लें और थोड़ा सा फिटकरी का चूरा मिलाएं। इसमें अपने सारे कपड़ों को दो से ढाई घंटे के लिए भिगोकर रख दें। इनका जितना रंग निकलना होगा वो एक ही बार में निकल जाएगा। फिर इन्हें अच्छे से सादे पानी से धो लें। अब इनका रंग फिक्स हो गया है, आप इन्हें आप वॉशिंग मशीन में बाकी कपड़ों के साथ भी धो सकते हैं।
काम की टिप: फिटकरी और नमक में भिगोकर रखने की वजह से कई बार कपड़े ज्यादा कड़े से हो जाते हैं। इन्हें वापस सॉफ्ट बनाने के लिए पांच मिनट तक सिरके यानी विनेगर वाले पानी में भिगोकर रख दें। ये एकदम सॉफ्ट हो जाएंगे और इनकी सारी सिलवटें भी हट जाएंगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



