Source :- LIVE HINDUSTAN
Russia ukraine war: यूक्रेन की राजधानी कीव में रूस की तरफ से किए गए ड्रोन हमले में 9 लोगों के मारे जाने की खबर है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार मारे गए 9 लोगों में से 6 बच्चे थे। इस हमले में करीब 70 लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

रूस-यूक्रेन युद्ध शांति वार्ता के बीच और भी ज्यादा भड़कता हुआ नजर आ रहा है। गुरुवार को यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस की तरफ से ड्रोन और बैलेस्टिक मिसाइल हमले किए गए। कीव प्रशासन के मुताबिक इन हमलों में मारे गए 9 लोगों में 6 बच्चे शामिल हैं। इसके साथ ही करीब 70 लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक कीव प्रशासन ने इस हमले में ड्रोन्स के साथ-साथ बैलिस्टिक मिसाइल के इस्तेमाल की भी आशंका जताई। शहर के सैन्य प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने बताया कि मिसाइल और ड्रोन हमलों की वजह से कई आवासीय क्षेत्रों में धमाके हुए, जिससे वहां पर आग लग गई। रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय समयानुसार रात करीब 1 बजे यूक्रेन की राजधानी में जोरदार धमाके हुए, कीव प्रशासन की ओर से सायरन बजाकर स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की चेतावनी दी गई।
प्रशासन के मुताबिक सुरक्षाकर्मी और बचाव दल रात भर धमाकों की वजह से नष्ट हो चुकी इमारतों के मलबों में से घायल लोगों को निकालने में लगे रहे। सुबह होने तक सुरक्षाबलों ने काफी लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा दिया
कहां तक पहुंची शांति वार्ता
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने अभी तक जेलेंस्की के युद्धविराम के प्रस्ताव पर कोई ठोस बात नहीं की है। इतना ही नहीं पिछले महीने भी अमेरिका की मध्यस्थता में की गई शांति वार्ता की पहल को भी रूस की तरफ से इनकार कर दिया गया था। इस सब से झुंझलाए ट्रंप प्रशासन ने भी साफ तौर पर कह दिया था कि अगर दोनों पक्ष शांति नहीं चाहते हैं तो अमेरिका यहां से मध्यस्थता नहीं करेगा। हालांकि इसके बाद पुतिन ने ईस्टर के मौके पर कुछ दिन के लिए युद्ध विराम की घोषणा कर दी थी। फिलहाल यूरोपीय देश और अमेरिका सहित सभी लोग युद्धविराम की बात पर लगे हुए हैं। हालांकि जेलेंस्की और ट्रंप के बीच में क्रीमिया को लेकर मामला फंसा हुआ है। ट्रंप का कहना है कि जेलेंस्की के साथ बात करना, रूस के साथ बात करने से ज्यादा मुश्किल है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN