Source :- LIVE HINDUSTAN
Gold Silver Rates Today 9 June: इजरायल और ईरान के बीच युद्धविराम की उम्मीदों के बीच मंगलवार सुबह सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि 11 बजे के करीब गोल्ड मामूली तेजी के साथ 154845 रुपये और चांदी 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 245591 पर ट्रेड कर रही थी।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार की शुरुआत कमजोर रही, जहां चांदी और सोना दोनों दबाव में नजर आए। निवेशक मध्य पूर्व के हालात, महंगाई की चिंता और ब्याज दरों को लेकर सतर्क बने हुए हैं।
MCX पर सुबह सोना-चांदी के भाव गिरे
MCX पर चांदी वायदा कीमत 2,457 रुपये (करीब 1%) गिरकर 2,43,932 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी। वहीं सोना वायदा 388 रुपये टूटकर 1,53,396 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
पिछले कारोबारी सत्र में चांदी में भारी बिकवाली देखने को मिली थी, जहां इसकी कीमत में करीब 7% की गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं सोना भी 2% से अधिक फिसल गया था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें
इंटरनेशनल मार्केट में स्पॉट गोल्ड का भाव 4,332.50 डॉलर प्रति औंस पर टिका रहा, जबकि पिछले सत्र में यह दो महीने से अधिक के निचले स्तर तक गया था। अगस्त डिलीवरी वाले अमेरिकी सोना वायदा में 0.1% की हल्की गिरावट आकर यह 4,357.10 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। हाजिर चांदी का भाव 0.7% घटकर 67.71 डॉलर प्रति औंस रहा।
युद्धविराम की उम्मीद से घट रही सुरक्षित निवेश की मांग
विशेषज्ञों के अनुसार, इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष कम होने और युद्धविराम की संभावनाओं ने निवेशकों की सुरक्षित निवेश के रूप में सोने-चांदी की मांग को कमजोर किया है। जब ग्लोबल टेंशन कम होता है, तो निवेशक जोखिम वाले एसेट्स जैसे शेयर बाजार की ओर रुख करते हैं, जिससे बुलियन की कीमतों पर दबाव बढ़ता है।
महंगाई और ब्याज दरों पर भी नजर
बाजार की नजर अभी भी वैश्विक महंगाई और केंद्रीय बैंकों की ब्याज दर नीति पर बनी हुई है। अगर महंगाई ऊंची रहती है और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना बनी रहती है, तो सोना और चांदी जैसी गैर-ब्याज देने वाली संपत्तियों की आकर्षण क्षमता घट सकती है।
आगे क्या रहेगा रुख?
विश्लेषकों का मानना है कि मध्य पूर्व की स्थिति में किसी भी नए घटनाक्रम का सीधा असर सोना-चांदी की कीमतों पर पड़ेगा। फिलहाल युद्धविराम की खबरों से दबाव बना हुआ है, लेकिन अगर तनाव फिर बढ़ता है तो बुलियन में दोबारा तेजी लौट सकती है।
गोल्ड आउटलुक
एमसीएक्स सोने का भाव लगातार उतार-चढ़ाव के बीच सतर्क रुख दिखा रहा है। एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर के अनुसार, एमसीएक्स सोने के लिए तत्काल रजिस्टेंस 1,55,000 –1,55,700 रुपये पर है। इस दायरे के ऊपर लगातार बने रहने पर ही तेजी मजबूत होगी और कीमत 1,57,000 रुपये तक बढ़ सकती है।वहीं नीचे की ओर, अगर कीमत निर्णायक रूप से 1,54,000 रुपये से नीचे टूटती है तो बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है और कीमतें 1,52,000 – 1,51,500 रुपये के सपोर्ट वाले जोन तक खिंच सकती हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







